फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर ब्लॉक बढ़पुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय लकूला में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों को संचारी रोगों, विशेषकर मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के तहत मलीन बस्ती लकूला में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सघन अभियान चलाया गया। टीम ने क्षेत्र में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया और सोर्स रिडक्शन अभियान के तहत जहां-जहां लार्वा पाए गए, उन स्रोतों को मौके पर ही नष्ट किया गया। साथ ही आम जनमानस को साफ-सफाई रखने, जलभराव न होने देने और मच्छरों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अभियान में सहायक मलेरिया अधिकारी श्री नरजीत कटियार, फाइलेरिया निरीक्षक दीपांशु यादव, मलेरिया निरीक्षक संगीता सिंह, फाइलेरिया निरीक्षक योगेश कुमार, मलेरिया निरीक्षक विकास दिवाकर, एसएफडब्ल्यू अभिषेक कुमार, प्रवीन कुमार, संतोष कुमार एवं विजय कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और मच्छर जनित रोगों से बचाव के लिए सतर्क रहें।
विश्व मलेरिया दिवस पर चला जागरूकता अभियान, एंटी लार्वा छिड़काव किया गया
मधुमक्खियों के हमले से वृद्ध महिला की मौत, बचाने आए परिजन भी घायल
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम सकवाई में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मधुमक्खियों के हमले से 60 वर्षीय वृद्ध महिला सुधीरा देवी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में भय और अफरा-तफरी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुधीरा देवी सुबह करीब 8 बजे घर से दूध लेने निकली थीं। जैसे ही वह पंचायत घर के पास स्थित नीम के पेड़ के पास पहुंचीं, वहां लगे मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक झुंड निकलकर उन पर टूट पड़ा। हमले से घबराकर वह जान बचाने के लिए घर की ओर भागीं, लेकिन मधुमक्खियां उनका पीछा करते हुए घर तक पहुंच गईं।
महिला को बचाने के प्रयास में उनकी बहू सपना देवी, 11 वर्षीय नातिन परी और 5 वर्षीय शौर्य भी मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गए।
इसके अलावा आसपास के कुछ अन्य लोग भी घायल हो गए। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने धुआं कर मधुमक्खियों को भगाया।
गंभीर रूप से घायल सुधीरा देवी को तत्काल मोहम्मदाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के परिवार में दो पुत्र राम प्रताप सिंह राठौर व नवीन हैं। घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दे दी गई है। हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।
रोडवेज बस में महिला के लाखों के जेवरात चोरी, शादी में जा रही थीं पीड़िता
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आगरा से अपने भाई की शादी में शामिल होने आ रही एक महिला के लाखों रुपये के जेवरात रोडवेज बस में चोरी हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना थाना कादरी गेट क्षेत्र स्थित रोडवेज बस स्टैंड की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आगरा के हलवाई मोहल्ला निवासी मंजू गुप्ता अपने भाई उत्कर्ष की शादी में शामिल होने के लिए फर्रुखाबाद आ रही थीं। बताया गया कि शादी दो दिन बाद होनी है, जिसको लेकर वह जरूरी सामान और जेवरात लेकर निकली थीं।
पीड़िता ने बताया कि आगरा से बेवर तक यात्रा करने के बाद उन्होंने फाउंड्री नगर डिपो की दूसरी रोडवेज बस पकड़ी। बस में एक सीट पर पहले से दो महिलाएं, दो बच्चे और एक पुरुष बैठे थे। मंजू गुप्ता भी उसी सीट पर बैठ गईं।
उनके अनुसार, उनके पास एक थैला था, जिसमें एक पर्स रखा था। पर्स में चार सोने की अंगूठियां, एक गले का हार और दो जोड़ी कान के कुंडल समेत लाखों रुपये के जेवरात रखे थे। फर्रुखाबाद के सेंट्रल जेल चौराहे पर उतरने के बाद जब वह घर पहुंचीं और सामान चेक किया तो पर्स गायब मिला।
घटना का पता चलते ही वह परिजनों के साथ रोडवेज बस स्टैंड पहुंचीं और बस में साथ बैठे यात्रियों को पकड़ लिया। पीड़िता ने उन्हीं पर चोरी का आरोप लगाया।
सूचना पर रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुमार मौके पर पहुंचे। महिला पुलिस की मौजूदगी में संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई और करीब आधे घंटे तक पूछताछ की गई, लेकिन उनके पास से कोई जेवरात बरामद नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने सभी को जाने दिया। चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि फिलहाल पीड़िता को लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सदर विधान सभा को ‘सरल’ बनाने की तरफ तो नही सपा!
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विधान सभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, दावेदारों के माथे पर बल नजर आनें लगा है | इसी चुनावी गुणा-गणित के बीच समाजवादी पार्टी से जुड़ी एक तस्वीर नें सत्ता से जुड़े हर सियासतदानों में बेचैनी बढ़ा दी है, तस्वीर भी सपा सुप्रीमों के साथ सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष सरल दुबे की है | जिसमे सपा सुप्रीमों के साथ सरल दुबे की नजदीकी को देखकर राजनीति के पंडितों का ध्यान भी खींचा है |
दरअसल सरल दुबे साल 1996 में सपा के निर्वाचित महानगर अध्यक्ष बने थे, दरअसल उस समय सपा में पदाधिकारियों का मनोनयन नही होता था, पदाधिकारियों का निर्वाचन किया जाता था | सपा से सरल की नजदीकी भी किसी से छुपी नही है | पूर्व में सपा के दिग्गज नेता जनेश्वर मिश्र सरल के घर पर आ चुके है | सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव विगत दौरे सरल के घर पंहुच कर परिवार से मिले थे, जिसे राजनैतिक चाणक्य अपने कायस पूर्व से ही लगाने लगे थे | शनिवार को लखनऊ में आयोजित सपा के सुप्रीमों अखिलेश यादव के द्वारा की गयी प्रेस वार्ता में उनके साथ सरल दुबे के मंच साझा करने की तस्वीर सरल दुबे के राजनैतिक कद को साझा करती नजर आ रहीं हैं | पार्टी सूत्रों के मुताबिक एक तरफ जहां सपा सदर सीट पर ब्राह्मण कार्ड खेलकर पीडीए के साथ ही सवर्णों मतदाताओं को भी अपने पक्ष में करने का प्रयास में हैं | उधर सरल दुबे और अखिलेश यादव के बीच कई दौर की मुलाकात से शहर में चर्चा जोरों पर है |
होमगार्ड भर्ती परीक्षा, कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण आयोजन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के प्रथम दिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निष्पक्ष व पारदर्शी परीक्षा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़, राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ तथा दुर्गा नारायण पीजी कॉलेज का भ्रमण किया गया। जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम का गहन निरीक्षण किया। सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था संतोषजनक पाई गई और सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से संचालित मिले। उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 384 के सापेक्ष 287 परीक्षार्थी, राजकीय इंटर कॉलेज में 384 के सापेक्ष 274 परीक्षार्थी तथा दुर्गा नारायण पीजी कॉलेज में 384
के सापेक्ष 282 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
जनपद में 19 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिवसीय होमगार्ड भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। कुल 42,624 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है, इस प्रकार कुल 6 पालियों में परीक्षा संपन्न होगी। प्रत्येक पाली में 7,104 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
प्रशासन की सख्ती और पुख्ता इंतजामों के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होती नजर आई।
दोस्तों के साथ गंगा नहाने गये युवक की डूबने से मौत
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गंगा नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, कटरा बक्शी निवासी 23 वर्षीय बिलाल पुत्र चांदमिया अपने साथियों
फिरोज, इरफान, ताजमिया और ताजमहल के साथ थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के पंखियों की मढ़ैया, कटरी धर्मपुर स्थित गंगा घाट पर नहाने गया था। बताया जा रहा है कि बिलाल अचानक बिना बताए गंगा में उतर गया और गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गया। काफी देर तक जब बिलाल नजर नहीं आया तो साथियों में हड़कंप मच गया। शोर-शराबा
सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। गांव के सलमान पुत्र मीर मोहम्मद और नौशाद पुत्र नींबू सहित अन्य लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मऊदरवाजा पुलिस मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों के आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाही की जाएगी। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
आसमान से बरस रही आग, सड़कों पर सन्नाटा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में पिछले एक सप्ताह से जारी भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। दिन और रात दोनों समय हालात एक जैसे बने हुए हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल
पा रही है।सुबह आठ बजे के बाद ही सूरज की तपिश तेज हो जाती है और दोपहर से पहले ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। लोग पसीने से लथपथ होकर किसी तरह अपने जरूरी काम निपटा रहे हैं। इस भीषण गर्मी का असर घरों के साथ-साथ कार्यालयों और कोर्ट-कचहरी के
कामकाज पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बाहरी लोगों की आवाजाही में कमी आई है।गर्मी और उमस के कारण शादी-ब्याह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में भी लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज धूप और लू के चलते लोग दिन के समय घरों में रहने को मजबूर हैं।स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह:चिकित्सक डॉ. अरविन्द गुप्ता के अनुसार, इस तरह की गर्मी में विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने बताया कि तले-भुने और अधिक तेल-मसाले वाले भोजन से परहेज करना चाहिए। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए अधिक मात्रा में पानी, छाछ, लस्सी और नींबू पानी का सेवन करना लाभदायक है।उन्होंने सलाह दी कि तेज धूप में निकलने से बचें, खासकर दोपहर के समय, और बाहर जाते समय सिर को ढककर हल्के सूती कपड़े पहनें। थोड़ी सी लापरवाही भी लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं को जन्म दे सकती है।
निजी बस कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप, दो भाई व मां घायल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)दिल्ली से फर्रुखाबाद आ रही एक निजी बस के कर्मचारियों पर यात्रियों के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना में दो सगे भाइयों समेत उनकी मां घायल हो गईं। पीड़ित पक्ष ने मामले की लिखित शिकायत रोडवेज चौकी पुलिस को दी है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, कादरी गेट क्षेत्र के नरकसा निवासी साहिल वर्मा पुत्र किशन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सुल्तानपुरी, दिल्ली निवासी हर्षित जाटव, साहिल
जाटव और उनकी मां सीमा रिश्तेदारी में शामिल होने के लिए यात्रा कर रहे थे। वे दिल्ली के जलेबी चौक से एक निजी बस में सवार हुए थे। आरोप है कि सीट को लेकर दिल्ली में ही बस कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की थी।पीड़ितों का कहना है कि कायमगंज पहुंचने से पहले बस खराब होने की बात कहकर उन्हें एक टेंपो में बैठा दिया गया। जब वे लाल गेट स्थित फव्वारा के पास टेंपो से उतरे, तभी पहले से मौजूद बस कर्मचारियों और उनके साथियों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों भाइयों और उनकी मां के साथ मारपीट की गई।
घटना में घायल पीड़ितों ने बताया कि मारपीट के दौरान सीमा के गले से सोने की चेन भी टूटकर गिर गई, जिससे उन्हें नुकसान हुआ है।रोडवेज चौकी पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में विवाद कायमगंज क्षेत्र का बताया जा रहा है, हालांकि पीड़ितों द्वारा बताए गए घटनास्थल की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पूरा मामला थाना कादरी गेट क्षेत्र की रोडवेज चौकी का बताया जा रहा है।
दिनदहाड़े बाइक सवारों ने महिला से कुंडल व नकदी की साफ
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना राजेपुर क्षेत्र में कुंडल व नकदी साफ करने की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने एक महिला को अपने साथ बैठाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर उससे नकदी व आभूषण लूटकर फरार हो गए। पुलिस नें मामले में मुकदमा दर्ज किया है |
जानकारी के अनुसार ग्राम देहिलिया निवासी सत्येन्द्र कुमार की मां रामदुलारी फतेहगढ़ में एक घर में साफ-सफाई का काम करती हैं। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे काम खत्म कर वह घर लौट रही थीं। जमापुर तक उन्हें टेम्पो मिल गया, लेकिन आगे कोई साधन न मिलने पर वह पैदल ही गांव की ओर चल पड़ीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो युवक मिले, जिन्हें महिला ने हाथ देकर रोका और लिफ्ट ले ली। आरोप है कि जमापुर से कनकापुर मार्ग पर बदनपुर के पास श्री महर्षि विद्या मंदिर स्कूल के निकट पहुंचते ही आरोपियों ने बाइक खराब होने का
बहाना बनाया। इसके बाद महिला को झांसे में लेकर उनके पास रखे करीब 10 हजार रुपये नकद और कान के कुंडल लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। बेटे सत्येन्द्र कुमार की तहरीर पर थाना राजेपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान व्यक्तियों से लिफ्ट लेने से बचें और सतर्क रहें।
स्मार्ट व प्रीपेड मीटर पर बड़ी राहत, अब 30 दिन तक नहीं कटेगी बिजली
लखनऊ: गरीब और मध्यम वर्ग के विद्युत उपभोक्ताओं को स्मार्ट/प्रीपेड मीटर से जुड़ी समस्याओं के बीच बड़ी राहत दी गई है। रोजाना कमाई करने वाले उपभोक्ताओं को बार-बार रिचार्ज कराने और बैलेंस चेक करने में हो रही दिक्कतों को देखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार नई व्यवस्था के अनुसार अब 1 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ता 30 दिन के भीतर कभी भी अपने प्रीपेड मीटर का रिचार्ज करा सकेंगे। इस अवधि में बैलेंस खत्म होने पर भी बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी। यानी यह व्यवस्था अब सामान्य पोस्टपेड मीटर की तरह काम करेगी, जिसमें उपभोक्ता महीने में एक बार भुगतान कर सकेंगे।वहीं 2 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं को भी राहत देते हुए यह प्रावधान रखा गया है कि बैलेंस शून्य होने के बाद भी 3 दिन तक या 200 रुपये तक के निगेटिव बैलेंस पर बिजली नहीं काटी जाएगी।इसके अलावा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि रविवार, त्योहार या किसी भी सार्वजनिक अवकाश के दिन बिजली आपूर्ति नहीं काटी जाएगी। उपभोक्ताओं को बैलेंस कम होने पर पांच बार एसएमएस के जरिए अलर्ट भेजे जाएंगे, ताकि वे समय रहते रिचार्ज करा सकें।बिजली विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि रिचार्ज या बिल भुगतान के तुरंत बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो। इसके लिए 24 घंटे तकनीकी और प्रशासनिक टीमें सक्रिय रखी गई हैं। फिलहाल पुराने मीटरों को स्मार्ट/प्रीपेड मीटर से बदलने का कार्य स्थगित कर दिया गया है, लेकिन पहले से लगे स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता पर किया जा रहा है।गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ऊर्जा विभाग का अमला लगातार निगरानी और सुधार कार्य में जुटा हुआ है।



