दोस्तों के साथ गंगा नहाने गये युवक की डूबने से मौत

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गंगा नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, कटरा बक्शी निवासी 23 वर्षीय बिलाल पुत्र चांदमिया अपने साथियों फिरोज, इरफान, ताजमिया और ताजमहल के साथ थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के पंखियों की मढ़ैया, कटरी धर्मपुर स्थित गंगा घाट पर नहाने गया था। बताया जा रहा है कि बिलाल अचानक बिना बताए गंगा में उतर गया और गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गया। काफी देर तक जब बिलाल नजर नहीं आया तो साथियों में हड़कंप मच गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। गांव के सलमान पुत्र मीर मोहम्मद और नौशाद पुत्र नींबू सहित अन्य लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मऊदरवाजा पुलिस मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों के आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाही की जाएगी। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।