होमगार्ड भर्ती परीक्षा, कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण आयोजन

0
210

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के प्रथम दिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निष्पक्ष व पारदर्शी परीक्षा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़, राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ तथा दुर्गा नारायण पीजी कॉलेज का भ्रमण किया गया। जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम का गहन निरीक्षण किया। सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था संतोषजनक पाई गई और सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से संचालित मिले। उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 384 के सापेक्ष 287 परीक्षार्थी, राजकीय इंटर कॉलेज में 384 के सापेक्ष 274 परीक्षार्थी तथा दुर्गा नारायण पीजी कॉलेज में 384 के सापेक्ष 282 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
जनपद में 19 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिवसीय होमगार्ड भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। कुल 42,624 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है, इस प्रकार कुल 6 पालियों में परीक्षा संपन्न होगी। प्रत्येक पाली में 7,104 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
प्रशासन की सख्ती और पुख्ता इंतजामों के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होती नजर आई।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]