आसमान से बरस रही आग, सड़कों पर सन्नाटा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में पिछले एक सप्ताह से जारी भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। दिन और रात दोनों समय हालात एक जैसे बने हुए हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।सुबह आठ बजे के बाद ही सूरज की तपिश तेज हो जाती है और दोपहर से पहले ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। लोग पसीने से लथपथ होकर किसी तरह अपने जरूरी काम निपटा रहे हैं। इस भीषण गर्मी का असर घरों के साथ-साथ कार्यालयों और कोर्ट-कचहरी के कामकाज पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बाहरी लोगों की आवाजाही में कमी आई है।गर्मी और उमस के कारण शादी-ब्याह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में भी लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज धूप और लू के चलते लोग दिन के समय घरों में रहने को मजबूर हैं।स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह:चिकित्सक डॉ. अरविन्द गुप्ता के अनुसार, इस तरह की गर्मी में विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने बताया कि तले-भुने और अधिक तेल-मसाले वाले भोजन से परहेज करना चाहिए। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए अधिक मात्रा में पानी, छाछ, लस्सी और नींबू पानी का सेवन करना लाभदायक है।उन्होंने सलाह दी कि तेज धूप में निकलने से बचें, खासकर दोपहर के समय, और बाहर जाते समय सिर को ढककर हल्के सूती कपड़े पहनें। थोड़ी सी लापरवाही भी लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं को जन्म दे सकती है।