निजी बस कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप, दो भाई व मां घायल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)दिल्ली से फर्रुखाबाद आ रही एक निजी बस के कर्मचारियों पर यात्रियों के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना में दो सगे भाइयों समेत उनकी मां घायल हो गईं। पीड़ित पक्ष ने मामले की लिखित शिकायत रोडवेज चौकी पुलिस को दी है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, कादरी गेट क्षेत्र के नरकसा निवासी साहिल वर्मा पुत्र किशन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सुल्तानपुरी, दिल्ली निवासी हर्षित जाटव, साहिल जाटव और उनकी मां सीमा रिश्तेदारी में शामिल होने के लिए यात्रा कर रहे थे। वे दिल्ली के जलेबी चौक से एक निजी बस में सवार हुए थे। आरोप है कि सीट को लेकर दिल्ली में ही बस कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की थी।पीड़ितों का कहना है कि कायमगंज पहुंचने से पहले बस खराब होने की बात कहकर उन्हें एक टेंपो में बैठा दिया गया। जब वे लाल गेट स्थित फव्वारा के पास टेंपो से उतरे, तभी पहले से मौजूद बस कर्मचारियों और उनके साथियों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों भाइयों और उनकी मां के साथ मारपीट की गई।घटना में घायल पीड़ितों ने बताया कि मारपीट के दौरान सीमा के गले से सोने की चेन भी टूटकर गिर गई, जिससे उन्हें नुकसान हुआ है।रोडवेज चौकी पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में विवाद कायमगंज क्षेत्र का बताया जा रहा है, हालांकि पीड़ितों द्वारा बताए गए घटनास्थल की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पूरा मामला थाना कादरी गेट क्षेत्र की रोडवेज चौकी का बताया जा रहा है।