दिनदहाड़े बाइक सवारों ने महिला से कुंडल व नकदी की साफ

0
168

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना राजेपुर क्षेत्र में कुंडल व नकदी साफ करने की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने एक महिला को अपने साथ बैठाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर उससे नकदी व आभूषण लूटकर फरार हो गए। पुलिस नें मामले में मुकदमा दर्ज किया है |
जानकारी के अनुसार ग्राम देहिलिया निवासी सत्येन्द्र कुमार की मां रामदुलारी फतेहगढ़ में एक घर में साफ-सफाई का काम करती हैं। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे काम खत्म कर वह घर लौट रही थीं। जमापुर तक उन्हें टेम्पो मिल गया, लेकिन आगे कोई साधन न मिलने पर वह पैदल ही गांव की ओर चल पड़ीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो युवक मिले, जिन्हें महिला ने हाथ देकर रोका और लिफ्ट ले ली। आरोप है कि जमापुर से कनकापुर मार्ग पर बदनपुर के पास श्री महर्षि विद्या मंदिर स्कूल के निकट पहुंचते ही आरोपियों ने बाइक खराब होने का बहाना बनाया। इसके बाद महिला को झांसे में लेकर उनके पास रखे करीब 10 हजार रुपये नकद और कान के कुंडल लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। बेटे सत्येन्द्र कुमार की तहरीर पर थाना राजेपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान व्यक्तियों से लिफ्ट लेने से बचें और सतर्क रहें।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]