फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) क्षेत्र के चाचूपुर जटपुरा गांव में हुए बवाल के तीसरे दिन सोमवार शाम सांसद मुकेश राजपूत और अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य गांव पहुंचे। उन्होंने एसडीएम अमृतपुर रविंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक के. गिरीश कुमार सिंह और सीओ अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय से वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी ली। सांसद ने गांव में स्थित देसी शराब ठेके को विवाद की मुख्य वजह बताते हुए उसे हटाने के निर्देश दिए। साथ ही नकाबपोश उपद्रवियों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करने और किसी निर्दोष को परेशान न किए जाने की बात कही।गौरतलब है कि शनिवार शाम गांव में देसी शराब ठेके के पास नाले किनारे एक युवक का शव मिलने के बाद तनाव फैल गया था। इसके बाद हुए बवाल में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। सांसद मुकेश राजपूत ने बताया कि मृतक बृजेश शराब के नशे में पुलिया से नीचे गिर गया था, जिससे उसकी मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पसली टूटने और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया है। नकाबपोशों द्वारा पथराव किए जाने के सवाल पर सांसद ने कहा कि ऐसे लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव के लोग और पुलिस ऐसे तत्वों को पहचानती है, इसलिए उन्हें चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाए। सांसद ने कोटेदार, प्रधान और पूर्व प्रधान से भी बातचीत कर उपद्रवियों की पहचान कराने को कहा। ग्रामीण महिलाओं द्वारा शराब ठेका हटाने की मांग उठाए जाने पर सांसद ने कहा कि गांव की महिलाएं लंबे समय से इससे परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कई बार घरों से दूध लेने भेजे गए बच्चे रास्ते में शराब पी लेते हैं, जिससे परिवार प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं ने पहले भी ठेका हटाने के लिए आंदोलन किया था। सांसद ने एसडीएम से कहा कि ग्राम प्रधान लिखित अनुरोध दें ताकि शराब ठेके को गांव से 300 से 400 मीटर दूर स्थानांतरित कराया जा सके।
गंगा स्नान के दौरान युवक की डूबकर मौत, गोताखोरों पर पैसे मांगने का आरोप
फर्रुखाबाद:(नहर संवाददाता) जनपद फिरोजाबाद से गंगा स्नान करने आए नौ लोगों में एक युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। घटना थाना कादरी गेट क्षेत्र के पांचाल घाट स्थित मौनी आश्रम घाट के पास की है। मृतक के साथियों ने गोताखोरों पर युवक को निकालने के लिए पैसे मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, नगला हरी उरांव निवासी नितिन (21) पुत्र ओमकार कठेरिया अपने साथियों सनी 19 वर्ष पुत्र भीम सिंह राजपूत,आलोक (17) पुत्र संजय, अमन (17) पुत्र रामलखन, राजा (17) पुत्र सतीश, लकी (14) पुत्र विपिन कुमार, सतपाल (17) पुत्र शीशराम समेत अन्य लोगों के साथ ट्रेन से गंगा स्नान करने पांचाल घाट पहुंचे थे। बताया गया कि सभी युवक सोमवार सुबह करीब 12 बजे मौनी आश्रम घाट के निकट गंगा स्नान कर रहे थे।
नितिन के साथी शनि (19) पुत्र भीम सिंह राजपूत ने बताया कि नितिन ने भूख लगने की बात कहकर कुछ खाने के लिए जाने की बात कही थी। इसी दौरान कुछ देर बाद घाट के पास शोर मचा कि एक युवक गंगा में डूब रहा है। पास जाकर देखा तो वह नितिन था। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पांचाल घाट पुलिस मौके पर पहुंची।
शनि ने आरोप लगाया कि जब नितिन गंगा में डूब रहा था तब गोताखोरों ने उसे निकालने के लिए 15 हजार रुपये की मांग की। पैसे न होने पर उसने मोबाइल देने की बात कही और गांव में सूचना दी। इसके बाद परिजनों द्वारा फोन-पे के माध्यम से 5 हजार रुपये भेजे गए। आरोप है कि पैसे मिलने के तुरंत बाद गोताखोरों ने नितिन को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नितिन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां मुन्नी देवी, बहन रचना और बड़े भाई अजीत सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक के साथियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। थाना कादरी गेट के एसआई अवधेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
टैक्स बार एसोसिएशन चुनाव प्रक्रिया शुरू, पहले दिन सात नामांकन जमा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) टैक्स बार एसोसिएशन के चुनाव की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। चुनाव के पहले दिन विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे और अधिकांश ने अपने नामांकन जमा भी कर दिए। पहले दिन कुल आठ नामांकन पत्र खरीदे गए, जिनमें से सात नामांकन जमा हुए, जबकि महामंत्री पद का एक नामांकन अभी जमा नहीं हो सका।
उप चुनाव अधिकारी राकेश कुमार सक्सेना ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया तीन दिनों तक चलेगी। इस दौरान इच्छुक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे तथा नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया भी पूरी की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी राजेश कुमार अग्निहोत्री के निर्देशन में संपन्न कराई जा रही है। चुनाव प्रक्रिया इनकम टैक्स ऑफिस बढ़पुर स्थित सभागार में शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए
रामकुमार अग्रवाल और प्रवीन कुमार माथुर ने नामांकन पत्र खरीदे। उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए प्रमोद कुमार त्रिपाठी और शैलेंद्र सिंह कुशवाहा ने नामांकन लिया।
सचिव पद के लिए दलपत सिंह राठौर और संजीव कुमार वर्मा ने नामांकन पत्र खरीदे। कोषाध्यक्ष पद के लिए सुनीता कटियार ने नामांकन लिया। वहीं महामंत्री पद के लिए रामजी बाजपेई ने नामांकन पत्र खरीदा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका नामांकन जमा नहीं हो सका था।
इस अवसर पर अशोक तिवारी, संजीव रस्तोगी, राज गौरव पांडे, अविनाश दुबे, संदीप एवं अखिलेश कटियार मौजूद रहे। चुनाव अधिकारी राजेश कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि 12 और 13 मई को भी नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी, जिसके बाद चुनाव संपन्न कराया जाएगा।
स्मार्ट मीटर अब पोस्टपेड मोड में, जून से आएगा बिल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जनपद के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। आरडीएसएस योजना के अंतर्गत लगाए गए स्मार्ट मीटर, जो अब तक प्रीपेड मोड में संचालित हो रहे थे, उन्हें तत्काल प्रभाव से पोस्टपेड मोड में परिवर्तित किया जा रहा है। इस संबंध में प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, लखनऊ के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता यादवेन्द्र सिंह द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार मई 2026 की विद्युत खपत का बिल जून 2026 में पोस्टपेड प्रणाली के तहत जारी किया जाएगा। सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के बिल हर माह की 10 तारीख तक तैयार किए जाएंगे तथा एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से उपiलब्ध कराए जाएंगे। जिन उपभोक्ताओं को बिल प्राप्त नहीं होगा, उनसे विभाग ने अपील की है कि वे अपना मोबाइल नंबर विभागीय सिस्टम में अपडेट कराएं।
उपभोक्ता दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर +91 8287835233 पर अपनी संयोजन संख्या भेजकर भी बिल प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा 1912 हेल्पलाइन के आईवीआरएस सिस्टम के माध्यम से भी बिल की जानकारी उपलब्ध रहेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नए विद्युत संयोजन भी अब स्मार्ट मीटर के जरिए पोस्टपेड मोड में ही जारी किए जाएंगे। वहीं पूर्व में जमा की गई सिक्योरिटी राशि को जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर के बिलों में समायोजित किया जाएगा। बिजली विभाग ने बताया कि पोस्टपेड उपभोक्ताओं को बिल जारी होने की तिथि से 15 दिन का ड्यू डेट और उसके बाद 7 दिन का डिस्कनेक्शन समय मिलेगा। समय पर भुगतान न करने पर विद्युत प्रदाय संहिता-2025 एवं टैरिफ आदेश के अनुसार विलंब अधिभार लगाया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता यादवेन्द्र सिंह नें जेएनआई को बताया की घरेलू उपभोक्ताओं को विशेष राहत देते हुए विभाग ने 30 अप्रैल 2028 तक के बकाया बिल को 10 किस्तों में जमा करने की सुविधा दी है। वहीं अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं को बकाया भुगतान के लिए 40%, 30% और 30% की तीन किस्तों का विकल्प मिलेगा। स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए 15 मई से 30 जून 2026 तक अधिशासी अभियंता एवं उपखंड अधिकारी कार्यालयों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिकायतों के निस्तारण हेतु 1912 हेल्पलाइन पर भी विशेष व्यवस्था की गई है।
कालिंदी एक्सप्रेस के रूट परिवर्तन पर व्यापार मंडल सक्रिय, सांसद को सौंपा ज्ञापन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कालिंदी एक्सप्रेस के प्रस्तावित रूट डायवर्जन को लेकर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने सांसद से मुलाकात कर विरोध दर्ज कराया। संगठन के जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री और युवा जिलाध्यक्ष संदेश अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद मुकेश राजपूत को ज्ञापन सौंपते हुए ट्रेन को फर्रुखाबाद और कन्नौज तक पूर्ववत संचालित किए जाने की मांग की।
व्यापार मंडल ने अपने ज्ञापन में कहा कि कालिंदी एक्सप्रेस का रूट बदले जाने से क्षेत्र के यात्रियों और व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने फर्रुखाबाद से दिल्ली के लिए एक नई ट्रेन शुरू किए जाने की मांग भी उठाई।
सांसद ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि कालिंदी एक्सप्रेस को फर्रुखाबाद से ही संचालित कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने व्यापार मंडल की मांगों को अपने लेटर पैड पर अंकित कर रेल मंत्री को भेजने की बात कही। सांसद के इस आश्वासन पर व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने उनका आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री, युवा जिलाध्यक्ष संदेश अग्रवाल, युवा जिला महामंत्री प्रबल माहेश्वरी, युवा जिला चेयरमैन ऋषि बंसल, युवा जिला उपाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह, जिला मंत्री अर्पण अग्रवाल, मंत्री नितिन गुप्ता, फतेहगढ़ मंत्री रिंकू गुप्ता, मंत्री सागर कश्यप आदि रहे|
घरेलू सिलेंडरों से चल रहा था कारोबार, दो प्रतिष्ठानों पर छापा, एफआईआर
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का कारोबारी उपयोग किए जाने की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शहर में छापेमारी की। जिला पूर्ति विभाग, पूर्ति निरीक्षक और नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम ने दो प्रतिष्ठानों पर जांच की, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों में होता मिला। दोनों मामलों में संबंधित कारोबारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
टीम ने सबसे पहले गोहाई स्ट्रीट के पास संचालित एक समोसा दुकान पर छापा मारा। जांच के दौरान दुकान के भीतर घरेलू सिलेंडरों को पाइप के माध्यम से जोड़कर खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। इसके अलावा परिसर से कई घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर भी बरामद हुए। अधिकारियों के मुताबिक घरेलू गैस कनेक्शन के जरिए सिलेंडर मंगाकर
उनका उपयोग व्यापारिक गतिविधियों में किया जा रहा था। इस मामले में दुकान संचालक कृष्ण मुरारी गुप्ता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत कोतवाली फर्रुखाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इसके बाद प्रशासनिक टीम ने अनोखे लाल मिठाई भंडार में निरीक्षण किया। जहां दुकानदार रविंद्र के द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों से मिठाइयां बनाई जा रही थीं। मौके से पांच घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर अधिकृत गैस एजेंसी की निगरानी में सौंप दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू उपयोग के लिए मिलने वाली गैस का व्यावसायिक प्रयोग नियमों के विरुद्ध है। इस मामले में भी दुकान संचालक के खिलाफ थाना कादरीगेट में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों की लगातार निगरानी की जा रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
पुलिस कर्मियों से मारपीट और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ में 44 फंसे,मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) युवक की मौत के बाद हुए बबाल के दौरान ग्रामीणों नें पुलिस कर्मियों को दौड़ाकर उसके ऊपर जमकर पथराव व मारपीट कर दी थी| सरकारी थाने के वाहन में भी तोड़फोड़ की गयी थी| पुलिस ने मामले में 14 नामजद व 25-30 अज्ञात के खिलाफ
मुकदमा दर्ज कर लिया| पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है|
थाना राजेपुर के दारोगा महेश कुमार नें क्षेत्र के ग्राम चाचुपुर जटपुरा निवासी घटना से जुड़े आरोपी कामेश पुत्र मंशाराम, सुधीर पुत्र मस्ताना, शिवरतन राजपूत पुत्र रामसहाय, कश्मीर पुत्र रामदुलारे, ब्रजेश उर्फ भोला पुत्र नानक चंद, राजा पुत्र विश्राम, रजनीश व देशराज पुत्र विद्याराम,
विकास पुत्र ब्रह्मपाल, ननकू पुत्र राम दयाल, सत्यपाल पुत्र तेजराम, शिवम पुत्र पप्पू, गुड्डी देवी पत्नी टिन्नी उर्फ तोताराम,सरोजनी पति महंत के साथ ही 25 से 30 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है| अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश कुमार नें बताया की आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है| आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगी हैं| जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जायेगी|
पुलिस से मारपीट के मामले में आठ का शांतिभंग में चालान
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) मृतक के शव का रविवार सुबह करीब 9 बजे पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक बृजेश का पोस्टमार्टम डॉ. सौरभ कटियार एवं डॉ. विजय अनुरागी के पैनल ने किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पसली टूटना बताया गया है।वहीं पुलिस ने शांति भंग की आशंका में कई लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया। गिरफ्तार किए गए | थाना क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर निवासी 24 वर्षीय ब्रजेश पुत्र बालकराम का शव मिलने के बाद पुलिस से मारपीट की गयी थीं | उसी मामले में पुलिस नें पकड़े गये ब्रजेश पुत्र रूपराम (29 वर्ष) निवासी ग्राम चाचूपुर थाना राजेपुर, मंजेश पुत्र बेलाराम (23 वर्ष) निवासी ग्राम चाचूपुर थाना फतेहगढ़, राजबहादुर पुत्र रामस्वरूप (24 वर्ष) निवासी ग्राम चाचूपुर, गोपाल शाक्य पुत्र सुखवासी (20 वर्ष), लालू शाक्य पुत्र नन्दलाल (45 वर्ष) निवासी ग्राम चौखण्डा थाना शमसाबाद जनपद फतेहगढ़, सुभाष पुत्र रतिराम पाण्डेय (57 वर्ष) निवासी ग्राम नगला केवल थाना राजेपुर जनपद फतेहगढ़, अतुल शर्मा पुत्र शम्भूदयाल (30 वर्ष) निवासी ग्राम गौटिया पश्चिमी थाना राजेपुर जनपद फर्रुखाबाद, पवन राजपूत पुत्र रामप्रकाश (25 वर्ष) निवासी ग्राम नगला जैतपुर थाना जहानगंज तथा श्रीदेवी पत्नी मंशाराम (58 वर्ष) निवासी ग्राम चाचूपुर थाना राजेपुर शामिल हैं। पुलिस ने सभी का शांति भंग में चालान कर दिया।
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल की संयुक्त बैठक में नगर कार्यकारिणी घोषित
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के मोहल्ला शाहगंज चौराहे पर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में लगभग आधा सैकड़ा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन की नगर कार्यकारिणी की घोषणा की गई तथा देश की वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हिंदू समाज को संगठित, सुरक्षित एवं शिक्षित रहने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में सचिन दुबे उर्फ भारत को राष्ट्रीय बजरंग दल का नगर अध्यक्ष तथा दिलीप कुमार वाल्मीकि को नगर महामंत्री नियुक्त किया गया। वहीं गोविंद कश्यप एवं मयूर मिश्रा को नगर उपाध्यक्ष, दर्शन ठाकुर, सुमित शुक्ला और सचिन वाजपेई को नगर मंत्री का दायित्व सौंपा गया।
इसके अलावा कुलदीप कुमार गुप्ता को राष्ट्रीय व्यापारी परिषद का नगर अध्यक्ष, रोहित पांडे को नगर मंत्री तथा अजीत चौरसिया को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला महामंत्री अंगद पाण्डेय उर्फ कोमल ने कहा कि हिंदू समाज को हिंदुत्व के प्रति शिक्षित होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि समाज शिक्षित होगा तो वह सुरक्षा, संपन्नता और धर्म के प्रति जागरूकता के विषय में सदैव अग्रसर रहेगा।
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला संयुक्त सचिव सतीश चंद्र दीक्षित ने कहा कि हिंदू तभी संपन्न माना जाएगा जब वह शिक्षित और सुरक्षित हो। संगठन का उद्देश्य सभी हिंदुओं को शिक्षित, संपन्न एवं सुरक्षित बनाना है, जिसके लिए विभिन्न माध्यमों से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला कार्याध्यक्ष कार्तिक शुक्ल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं और संगठन के नीति-नियमों का पालन करते हुए हिंदुत्व को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
अंगद पाण्डेय ने बैठक को संबोधित करते हुए जिले में राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा किए गए कार्यों और उनके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन जल्द ही एक दिवसीय कार्यशाला (वर्ग) का आयोजन करेगा, जिसमें कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से रजत वर्मा (जिला उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय बजरंग दल), रोहित शर्मा, अजय मिश्रा, सूरज शर्मा, अनंत राम, कुलदीप, सुशील कुमार, नीरज कुमार, सुमित शुक्ला, सुदर्शन, गौतम दुबे, सत्यम वर्मा, गोलू राजपूत, आनंद राजपूत, गौरव कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मोडिफाइड साइलेंसर व प्रेशर हार्न के खिलाफ अभियान,तीन ट्रक सीज, 96 हजार का जुर्माना
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रविवार को परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नगर क्षेत्र में मोडिफाइड साइलेंसर तथा प्रेशर हार्न/हूटर के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार ने किया।चेकिंग के दौरान तीन ट्रकों को प्रेशर हार्न का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया, जिनमें से दो ट्रक ओवरलोड भी पाए गए। कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को सीज कर कुल 96 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। संयुक्त टीम ने शीशमबाग, कर्नलगंज और फतेहगढ़ क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल की सर्विस एवं रिपेयरिंग करने वाले गैराजों का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कहीं मोडिफाइड साइलेंसर की बिक्री या फिटिंग तो नहीं की जा रही है। जांच में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया, हालांकि गैराज संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि कोई वाहन स्वामी अपना मोडिफाइड साइलेंसर लेकर भी फिटिंग के लिए आता है तो उसका कार्य न किया जाए। ऐसा पाए जाने पर गैराज संचालकों के विरुद्ध भी एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।इसके अतिरिक्त मिलिट्री चौराहे पर मोडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की विशेष चेकिंग की गई, लेकिन कोई भी वाहन ऐसे साइलेंसर के साथ नहीं मिला।परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 7 मई से 13 मई 2026 तक विशेष लक्ष्य आधारित अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रेशर हार्न एवं हूटर हटवाने के साथ-साथ मोडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग करने वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा।परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1800 1800 151 एवं 149 पर दर्ज कराएं, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।



