घरेलू सिलेंडरों से चल रहा था कारोबार, दो प्रतिष्ठानों पर छापा, एफआईआर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का कारोबारी उपयोग किए जाने की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शहर में छापेमारी की। जिला पूर्ति विभाग, पूर्ति निरीक्षक और नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम ने दो प्रतिष्ठानों पर जांच की, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों में होता मिला। दोनों मामलों में संबंधित कारोबारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
टीम ने सबसे पहले गोहाई स्ट्रीट के पास संचालित एक समोसा दुकान पर छापा मारा। जांच के दौरान दुकान के भीतर घरेलू सिलेंडरों को पाइप के माध्यम से जोड़कर खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। इसके अलावा परिसर से कई घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर भी बरामद हुए। अधिकारियों के मुताबिक घरेलू गैस कनेक्शन के जरिए सिलेंडर मंगाकर उनका उपयोग व्यापारिक गतिविधियों में किया जा रहा था। इस मामले में दुकान संचालक कृष्ण मुरारी गुप्ता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत कोतवाली फर्रुखाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इसके बाद प्रशासनिक टीम ने अनोखे लाल मिठाई भंडार में निरीक्षण किया। जहां दुकानदार रविंद्र के द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों से मिठाइयां बनाई जा रही थीं। मौके से पांच घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर अधिकृत गैस एजेंसी की निगरानी में सौंप दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू उपयोग के लिए मिलने वाली गैस का व्यावसायिक प्रयोग नियमों के विरुद्ध है। इस मामले में भी दुकान संचालक के खिलाफ थाना कादरीगेट में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों की लगातार निगरानी की जा रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।