फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सीपी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र शुभ गंगवार ने सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में 98.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा।विद्यालय की छात्रा श्रेया मुखर्जी ने 97 प्रतिशत, अनन्या यादव ने 95 प्रतिशत, चिराग दुबे ने 94.40 प्रतिशत तथा अनन्या पांडेय ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा 47 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।विद्यालय प्रबंधन ने शुभ गंगवार सहित सभी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। निदेशक मिथिलेश अग्रवाल ने इसे विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम बताया।
यातायात अभियान में 350 वाहनों के चालान, 9 वाहन सीज
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फतेहगढ़ पुलिस के निर्देशन में बुधवार को नगर क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात प्रभारी ने अवैध रूप से मॉडिफाई किए गए तथा क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले थ्री-व्हीलर टेंपो और ऑटो के खिलाफ कार्रवाई की।चेकिंग के दौरान कई टेंपो और ऑटो में लगाई गई अतिरिक्त सीटों को कटवाकर हटवाया गया। पुलिस ने अवैध बदलाव करने वाले वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने के निर्देश दिए।यातायात अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 350 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 9 वाहनों को सीज कर दिया गया।यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए
ई-लाटरी से खरीफ बीज वितरण हेतु 421 कृषकों का चयन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरों) खरीफ सत्र 2026 के लिए बीज एवं मिनीकिट वितरण को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में ई-लाटरी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ने की। उप कृषि निदेशक अरविन्द मोहन मिश्र ने बताया कि इस वर्ष शासन के निर्देश पर
“पहले आओ-पहले पाओ” व्यवस्था समाप्त कर ई-लाटरी प्रणाली लागू की गई है। किसानों ने 15 अप्रैल से 10 मई 2026 तक विभागीय पोर्टल पर खरीफ बीज एवं मिनीकिट के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। जिन बीजों और मिनीकिटों में लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, उनमें चयन के लिए ई-लाटरी कराई गई।उन्होंने बताया कि जनपद में ऊँचा बीज, धान बासमती, संकर धान बीज तथा उर्द, मूंग, तिल और अरहर मिनीकिटों में लक्ष्य से अधिक बुकिंग हुई थी। ई-लाटरी के माध्यम से
ऊँचा बीज के लिए 199, धान बासमती के लिए 61 तथा मूंग बीज के लिए 27 कृषकों का चयन किया गया। वहीं मिनीकिट अरहर के लिए 49, मिनीकिट उर्द के लिए 32, मिनीकिट तिल के लिए 25 तथा मिनीकिट मूंग के लिए 21 किसानों का चयन किया गया। कुल 421 किसानों को बीज एवं मिनीकिट वितरण के लिए चुना गया है।कृषि विभाग के अनुसार अवशेष लक्ष्य के लिए किसान विभागीय पोर्टल उत्तर प्रदेश कृषि विभाग पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिन योजनाओं में लक्ष्य से कम या बराबर आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनमें किसानों का चयन निदेशालय स्तर से स्वतः ई-लाटरी प्रणाली के माध्यम से किया गया है।मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से समय से उन्नतशील प्रजातियों की बुआई करने की अपील की। उन्होंने बताया कि खरीफ सत्र हेतु सामान्य बीजों पर 50 प्रतिशत अनुदान तथा सभी मिनीकिट निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वितरण पॉस मशीन के माध्यम से ऑन-द-स्पॉट सब्सिडी के साथ किया जाएगा। इस दौरान अरविन्द मोहन मिश्र, सतीश कुमार, महेन्द्र प्रसाद, कृपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
प्रतीक का जाना अत्यंत दुखद,भाई के निधन पर छलका अखिलेश यादव का दर्द
लखनऊ:उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया।उन्होंने लखनऊ के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली|समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने छोटे भाई प्रतीक के निधन सवेदनाए व्यक्त की और कहा कि मैंने प्रतीक को बचपन से देखा है। आज वे हमारे बीच नहीं है। हमें इस बात का बहुत दुख है… वे जीवन में आगे बढ़कर काम करना चाहते थे। यह दुखद है कि वे आज हमारे बीच नहीं हैं। कानून और परिवार के लोग जो कहेंगे हम उसी बात को मानेंगे… हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे।ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि!
जनपद की बेटी मृदुकीर्ति को मिला नेशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दिल्ली स्थित विश्व युवक केंद्र के राम कृष्ण बजाज सभागार में प्रोजेक्ट पॉइंट की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार और माई भारत के सहयोग से “यूथ इन डेमोक्रेसी एंड गवर्नमेंट फॉर विकसित भारत 2047” विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यूथ राइट्स, एडवोकेसी एवं पॉलिसीज पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत में महिषणी कोलोन ने किया।
इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के 23 राज्यों के चयनित युवाओं के साथ-साथ श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल के युवा प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। नेकपुर चौरासी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक श्याम कुमार चतुर्वेदी एवं राम जानकी चतुर्वेदी की पुत्री मृदुकीर्ति को कार्यक्रम में “नेशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड” से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान श्रीलंका की राजदूत महिषणी कोलोन द्वारा केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुअल ओराम, ओडिशा सरकार के विशेष सचिव निहार रंजन दास, विश्व युवक केंद्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उदय शंकर सिंह तथा प्रोजेक्ट पॉइंट ओडिशा के संस्थापक एवं चेयरपर्सन डॉ. संग्राम केसरी सामंतराय की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।
टैक्स बार एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया जारी, दूसरे दिन तीन नामांकन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) टैक्स बार एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया सोमवार से जारी है। चुनाव प्रक्रिया के दूसरे दिन मंगलवार को महामंत्री सहित एक उपाध्यक्ष और एक संप्रेक्षक पद के लिए नामांकन दाखिल किए गए।बताया गया कि सोमवार को विभिन्न पदों के लिए आठ नामांकन पत्र भरे गए थे, जिनमें महामंत्री पद का एक नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हो सका था।उप चुनाव अधिकारी राकेश कुमार सक्सेना ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया तीन दिन तक चलेगी। इस दौरान प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने के साथ ही नाम वापस भी ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी राजेश कुमार अग्निहोत्री के निर्देशन में संपन्न कराई जा रही है।टैक्स बार एसोसिएशन का चुनाव इनकम टैक्स ऑफिस बढ़पुर के सभागार में चल रहा है। अध्यक्ष पद के लिए रामकुमार अग्रवाल और प्रवीन कुमार माथुर ने नामांकन पत्र खरीदे। उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए प्रमोद कुमार त्रिपाठी एवं शैलेंद्र सिंह कुशवाहा ने नामांकन पत्र लिया। सचिव के दो पदों के लिए दलपत सिंह राठौर और संजीव कुमार वर्मा ने नामांकन खरीदा, जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए श्रीमती सुनीता कटियार ने नामांकन पत्र लिया था।वहीं महामंत्री पद के लिए रामजी बाजपेई ने मंगलवार को नामांकन दाखिल किया। सभी नामांकन पत्र जमा करा दिए गए हैं।इस दौरान अशोक तिवारी, संजीव रस्तोगी, राज गौरव पांडे, अविनाश दुबे, संदीप एवं अखिलेश कटियार मौजूद रहे। चुनाव अधिकारी राजेश कुमार अग्निहोत्री ने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी एवं संवैधानिक तरीके से कराई जाएगी।
शटडाउन के बाद चालू हुई बिजली! लाइनमैन की करंट से मौत
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। शटडाउन लेने के बाद एलटी लाइन ठीक कर रहे युवक की अचानक बिजली चालू हो जाने से करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद युवक का शव खंभे पर ही लटक गया, जिसे देखकर मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।जानकारी के अनुसार कुसुमापुर निवासी अर्जुन पुत्र रामप्रकाश (35) ग्राम दौलतपुर में बिजली लाइन दुरुस्त करने का कार्य कर रहा था। बताया गया कि शटडाउन लेने के बाद वह खंभे पर चढ़कर एलटी लाइन ठीक कर रहा था, तभी अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। तेज करंट लगने से अर्जुन खंभे पर ही झुलस गया और पोल पर लटक गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद ग्रामीण सहम उठे।घटना की सूचना मिलते ही थाना राजेपुर प्रभारी नागेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की तथा आसपास के लोगों को शांत कराया। बाद में परिजनों के पहुंचने पर युवक के शव को खंभे से नीचे उतारा गया।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक अर्जुन पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके भाइयों के नाम सहदेव, विनोद, आकाश और विशाल बताए गए हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी उषा, बेटियां जयशू व अंशिका तथा पुत्र करन और अर्पित को छोड़ गया है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।बिजली विभाग के एसडीओ विनोद शुक्ला ने बताया कि मृतक व्यक्ति विभाग का न तो संविदा कर्मी था और न ही सरकारी कर्मचारी। वहीं ग्राम प्रधान संजय सोमवंशी ने बताया कि अर्जुन डेली बेसिस पर बिजली विभाग के लिए कार्य करता था। शटडाउन लेने के बाद वह नियमित रूप से लाइन ठीक करने गया था, लेकिन किसी की लापरवाही से दोबारा लाइन चालू कर दी गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना पर तहसीलदार शशांक सिंह एवं लेखपाल आदिल भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस से मारपीट और सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़, दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चाचुपुर जटपुरा में पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मृतक बृजेश का शव मिलने के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। आरोप है कि इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की और थाना कादरी गेट के सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की थी। मामले में पुलिस ने 14 नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी कश्मीर पुत्र रामगुलाम और विकास पुत्र ब्रह्मपाल निवासी चाचुपुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
सपा जिलाध्यक्ष बोले, पुलिस को पीटने वाले भाजपा के लोग
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना राजेपुर के चाचूपुर भटपुरा में हुए बबाल नें अब पूरे मामले का सियासी रंग ले लिया है | राजनैतिक दल मामले को अपने अपने तरिके से पेश करने का प्रयास कर रहे हैं | उधर पुलिस अभी तक प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार नही कर पायी है | दरअसल चाचूपुर निवासी 24 वर्षीय ब्रजेश का शव नाले में पड़ा मिला था | ग्रामीणों नें पूरी घटना पर बवाल कर दिया | शराब ठेके पर तोड़फोड़ की और अचानक पुलिस बल पर पथराव व लाठी डंडो से हमला कर देखे वीडियो- ://youtu.be/0VwwZVk3YS8?si=0o5rOWuxkxSPzI-8 दिया था | जिसमे थानाध्यक्ष सहित कई पुलिस कर्मी घायल हुए थे | बबाल के बाद बीते दिन बीजेपी सांसद मुकेश राजपूत, जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, विधायक सुशील शाक्य आदि बीजेपी नेता पंहुचे थे और मामले में निष्पक्ष जाँच की मांग की थीं | मंगलवार को सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव, डॉ. जितेंद्र यादव, उर्मिला राजपूत,डॉ. नबल किशोर शाक्य,अजीत यादव महासचिव इलियास मंसूरी आदि पीड़ित के घर पंहुचे और निष्पक्ष जाँच की मांग की | सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव नें जेएनआई को बताया की उन्होंने एसपी आरती सिंह से भेट की है, निष्पक्ष जाँच की मांग की है | किसी निर्दोष को पुलिस परेशान ना करें इसकी भी मांग रखी है | उन्होंने आरोप लगाया की बबाल व मारपीट करने वाले लोग बीजेपी के थे, सपा इस तरह का कार्य नही करती |
चाचूपुर जाने से पहले ही पुलिस नें रोंका सपा का प्रतिनिधिमंडल, एसपी से भेट के बाद पीड़ित परिवार से मिला
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) चाचूपुर प्रकरण को लेकर मंगलवार को जिले की सियासत गरमा गई। समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल पर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिyन संभावित तनाव और किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सपा नेताओं को पार्टी के जिला कार्यालय पर ही रोक दिया।
सुबह से ही समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। पार्टी पदाधिकारी चाचूपुर पहुंचकर हालात का जायजा लेने और पीड़ित पक्ष से मुलाकात करने की तैयारी में थे। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और भारी पुलिस बल के साथ सपा कार्यालय पहुंच गया।
सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने सपा नेताओं से वार्ता की। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अभी भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, इसलिए फिलहाल किसी भी राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल के वहां जाने से माहौल बिगड़ सकता है। पुलिस प्रशासन ने सपा नेताओं को भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा। वहीं सपा नेताओं ने भी स्पष्ट कहा कि निर्दोष लोगों पर कार्रवाई किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सपा एसपी से मिले और निष्पक्ष जाँच की मांग की | एसपी नें भारी पुलिस बल के साथ सपा नेताओं को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश कुमार व पुलिस के अधिकारी के साथचाचूपुर भेजा| जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव, डॉ. नवल किशोर शाक्य, डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, जिला महासचिव इलियास मंसूरी,उर्मिला राजपूत आदि चाचूपुर पंहुचे, और दोषी पर कार्यवाही की मांग की |



