फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दिल्ली स्थित विश्व युवक केंद्र के राम कृष्ण बजाज सभागार में प्रोजेक्ट पॉइंट की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार और माई भारत के सहयोग से “यूथ इन डेमोक्रेसी एंड गवर्नमेंट फॉर विकसित भारत 2047” विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यूथ राइट्स, एडवोकेसी एवं पॉलिसीज पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत में महिषणी कोलोन ने किया।
इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के 23 राज्यों के चयनित युवाओं के साथ-साथ श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल के युवा प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। नेकपुर चौरासी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक श्याम कुमार चतुर्वेदी एवं राम जानकी चतुर्वेदी की पुत्री मृदुकीर्ति को कार्यक्रम में “नेशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड” से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान श्रीलंका की राजदूत महिषणी कोलोन द्वारा केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुअल ओराम, ओडिशा सरकार के विशेष सचिव निहार रंजन दास, विश्व युवक केंद्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उदय शंकर सिंह तथा प्रोजेक्ट पॉइंट ओडिशा के संस्थापक एवं चेयरपर्सन डॉ. संग्राम केसरी सामंतराय की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।
जनपद की बेटी मृदुकीर्ति को मिला नेशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड



