फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रविवार को परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नगर क्षेत्र में मोडिफाइड साइलेंसर तथा प्रेशर हार्न/हूटर के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार ने किया।चेकिंग के दौरान तीन ट्रकों को प्रेशर हार्न का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया, जिनमें से दो ट्रक ओवरलोड भी पाए गए। कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को सीज कर कुल 96 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। संयुक्त टीम ने शीशमबाग, कर्नलगंज और फतेहगढ़ क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल की सर्विस एवं रिपेयरिंग करने वाले गैराजों का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कहीं मोडिफाइड साइलेंसर की बिक्री या फिटिंग तो नहीं की जा रही है। जांच में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया, हालांकि गैराज संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि कोई वाहन स्वामी अपना मोडिफाइड साइलेंसर लेकर भी फिटिंग के लिए आता है तो उसका कार्य न किया जाए। ऐसा पाए जाने पर गैराज संचालकों के विरुद्ध भी एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।इसके अतिरिक्त मिलिट्री चौराहे पर मोडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की विशेष चेकिंग की गई, लेकिन कोई भी वाहन ऐसे साइलेंसर के साथ नहीं मिला।परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 7 मई से 13 मई 2026 तक विशेष लक्ष्य आधारित अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रेशर हार्न एवं हूटर हटवाने के साथ-साथ मोडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग करने वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा।परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1800 1800 151 एवं 149 पर दर्ज कराएं, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
मोडिफाइड साइलेंसर व प्रेशर हार्न के खिलाफ अभियान,तीन ट्रक सीज, 96 हजार का जुर्माना





