फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) “प्रमुख साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था “अभिव्यक्ति” के तत्वावधान में नगर के बाग कूंचा स्थित डॉ. राजीव गुप्ता के आवास पर काव्य गोष्ठी एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि कृष्णकांत ‘अक्षर’ ने की, जबकि संचालन संस्था के संरक्षक एवं वरिष्ठ ग़ज़लकार नलिन श्रीवास्तव ने किया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण होता है। कवि और साहित्यकार अपनी लेखनी के माध्यम से देश, काल और परिस्थितियों का यथार्थ चित्र प्रस्तुत करते हैं। साहित्य समाज की विसंगतियों को उजागर कर सुधार की दिशा भी प्रदान करता है। इस अवसर पर संस्था को और अधिक सक्रिय बनाने तथा नियमित साहित्यिक आयोजन करने पर बल दिया गया, ताकि समाज को सकारात्मक दिशा मिलती रहे।
बैठक के उपरांत आत्मीय वातावरण में आयोजित काव्य गोष्ठी में वरिष्ठ साहित्यकार एवं समाजसेवी चिकित्सक डॉ. राजीव गुप्ता, उपकार मणि ‘उपकार’, नलिन श्रीवास्तव, सत्यपाल सिंह सोमवंशी ‘प्रगल्भ’, श्रीमती रत्नेश पाल तथा अध्यक्ष कृष्णकांत ‘अक्षर’ ने राष्ट्रीय भावधारा से ओतप्रोत रचनाओं का काव्यपाठ किया। अंत में संस्था के राजीव गुप्ता ने उपस्थित सभी साहित्यकारों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा की। कार्यक्रम में मनोज शुक्ला, धर्मेंद्र गुप्ता एवं सर्वेश श्रीवास्तव सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
‘अभिव्यक्ति’ की काव्य गोष्ठी में गूंजी राष्ट्रीय भावधारा की रचनाएं





