टैक्स बार एसोसिएशन चुनाव प्रक्रिया शुरू, पहले दिन सात नामांकन जमा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) टैक्स बार एसोसिएशन के चुनाव की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। चुनाव के पहले दिन विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे और अधिकांश ने अपने नामांकन जमा भी कर दिए। पहले दिन कुल आठ नामांकन पत्र खरीदे गए, जिनमें से सात नामांकन जमा हुए, जबकि महामंत्री पद का एक नामांकन अभी जमा नहीं हो सका।
उप चुनाव अधिकारी राकेश कुमार सक्सेना ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया तीन दिनों तक चलेगी। इस दौरान इच्छुक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे तथा नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया भी पूरी की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी राजेश कुमार अग्निहोत्री के निर्देशन में संपन्न कराई जा रही है। चुनाव प्रक्रिया इनकम टैक्स ऑफिस बढ़पुर स्थित सभागार में शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए रामकुमार अग्रवाल और प्रवीन कुमार माथुर ने नामांकन पत्र खरीदे। उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए प्रमोद कुमार त्रिपाठी और शैलेंद्र सिंह कुशवाहा ने नामांकन लिया।
सचिव पद के लिए दलपत सिंह राठौर और संजीव कुमार वर्मा ने नामांकन पत्र खरीदे। कोषाध्यक्ष पद के लिए सुनीता कटियार ने नामांकन लिया। वहीं महामंत्री पद के लिए रामजी बाजपेई ने नामांकन पत्र खरीदा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका नामांकन जमा नहीं हो सका था।
इस अवसर पर अशोक तिवारी, संजीव रस्तोगी, राज गौरव पांडे, अविनाश दुबे, संदीप एवं अखिलेश कटियार मौजूद रहे। चुनाव अधिकारी राजेश कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि 12 और 13 मई को भी नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी, जिसके बाद चुनाव संपन्न कराया जाएगा।