Home Blog Page 31

एसपी ने तीन चौकी इंचार्ज सहित चार को किया लाइन हाजिर, एक का पटल बदला

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने उपनिरीक्षकों के तबादले कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत चौकी oचौकी प्रभारियों को हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि एक उपनिरीक्षक को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेश के अनुसार, उपनिरीक्षक अमर सिंह चौहान को जनशिकायत प्रकोष्ठ से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं ताजपुर चौकी प्रभारी अनिल सिकरवार, बबना चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार और पल्ला चौकी प्रभारी विजय कुमार को भी पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है।
इसके अलावा उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह को पुलिस लाइन से हटाकर जनशिकायत प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित कर्मियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार यह तबादले प्रशासनिक आवश्यकता के तहत किए गए हैं, जिससे पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

ऑपरेशन लंगड़ा: छात्रा की हत्या में दूसरा फरार आरोपी विवेक पुलिस मुठभेड़ में घायल


फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र में कक्षा 9 की एक छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर किशोरी का शव बरामद कर लिया है। दूसरे फरार आरोपी को मुठभेड़ में घायल होने पर गिरफ्तार किया है |
दरअसल करीब 15 वर्षीय छात्रा को बीते 28 मार्च की रात प्रेमी के बहकावे में आ गई। आरोप है कि उसने प्रेमी द्वारा दी गई नशीली गोली दूध में मिलाकर परिजनों को पिला दी और घर से जेवर व जरूरी कागजात लेकर फरार हो गई।
इस मामले में 30 मार्च को छात्रा के पिता ने ग्राम सिरौली निवासी अंशुल पाल, रोहित पाल व विवेक कुमार पाल के खिलाफ बेटी को भगाने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान मुख्य आरोपी अंशुल पाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने किशोरी का शव बरामद कर लिया।
इसी बीच घटना में फरार चल रहे आरोपी विवेक पाल की शुक्रवार को थाना पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान विवेक पाल के पैर में पुलिस की गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि हत्यारोपी विवेक पाल पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है और मामले की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, गले पर निशान; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के कादरीगेट थाना क्षेत्र के लकूला मोहल्ले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतका के गले पर निशान मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
10 माह पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, लकूला निवासी अजय कुमार की शादी करीब 10 महीने पहले उन्नाव जनपद की रहने वाली 26 वर्षीय क्रांति के साथ हुई थी। अजय मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। गुरुवार को वह अपनी पत्नी को गंभीर हालत में लेकर डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पिता कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार बेटी की शादी में दान-दहेज दिया था। गुरुवार सुबह दामाद अजय ने फोन कर बताया कि क्रांति के पेट में तेज दर्द है। जब वे अस्पताल पहुंचे तो बेटी की मौत की सूचना मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के गले पर निशान हैं, जिससे साफ है कि उसकी हत्या की गई है। साथ ही यह भी कहा कि शादी के बाद से ही बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

नवाबगंज में सनसनीखेज वारदात: प्रेमी ने छात्रा की हत्या कर शव नदी किनारे छुपाया

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) नबावगंज थाना क्षेत्र में कक्षा 9 की छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर किशोरी का शव बरामद कर लिया है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 15 वर्षीय छात्रा 28 मार्च की रात प्रेमी के बहकावे में आ गई। आरोप है कि उसने प्रेमी द्वारा दी गई नशीली गोली दूध में मिलाकर परिजनों को पिला दी और घर से जेवर व जरूरी कागजात लेकर फरार हो गई। 30 मार्च को पिता ने ग्राम सिरौली निवासी अंशुल पाल, रोहित पाल व विवेक कुमार पाल के खिलाफ बेटी को भगाने का मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने बीते दिन मुख्य आरोपी अंशुल पाल को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि लड़की उस पर शादी का दबाव बना रही थी और घर लौटने से इनकार कर रही थी। इससे घबराकर उसने अपने साथी विवेक पाल के साथ मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। पहले शव को खेत में छिपाया गया, फिर अगले दिन बोरी में भरकर कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम कुम्हौली स्थित काली नदी किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अंत्येष्टि स्थल से करीब 20 मीटर दूरी पर बोरी में बंद छात्रा का शव बरामद कर लिया। बताया गया है कि किशोरी घर से जाते समय सोने के जेवर व करीब 50 हजार रुपये भी साथ ले गई थी। शव बरामदगी के दौरान एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी और थाना प्रभारी राजीव कुमार, कोतवाल मोहम्मदाबाद मौके पर पहुंचे व जांच-पड़ताल की। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार नें बताया की मामले में आरोपी की निशान देही पर शव को बरामद किया गया है | शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्यवाही की जायेगी|

अमृतपुर पूर्व थानाध्यक्ष मोनू शाक्य व विवेचक रवि सोलंकी निलंबित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अमृतपुर में हुए हत्याकांड की जांच में घोर लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पूर्व थाना अध्यक्ष अमृतपुर मोनू शाक्य और घटना की विवेचना कर रहे दरोगा रवि सोलंकी को दोषी पाते हुए तत्काल प्रभाव थे निलंबित कर दिया है| दरअसल गांव गूजरपुर पमारान निवासी ओमवीर राठौर पुत्र पेशकार राठौर 20 जुलाई 2025 को घर से ले जाकर हत्या कर दी गयी थी, जिसमे थानाध्यक्ष रवि मोनू शाक्या व विवेचक रवि सोलंकी के लापरवाही दिखाने का मामला सामने आया | हत्या का खुलासा लगभग 7माह बाद हो सका | जिससे एसपी आरती सिंह खफाहुई और दोनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया | अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने जेएनआई न्यूज को बताया की हत्याकांड में लापरवाही बरतने वाले दोनों पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है|

मुठभेड़ में घायल बदमाश सुरजीत गिरफ्तार, सिपाही भी हुआ जख्मी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)अमृतपुर थाना पुलिस ने बीती रात हुई मुठभेड़ के दौरान हत्या के आरोपी सुरजीत उर्फ ननकू यादव को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, वहीं एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया। गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही पुलिस ने रामू यादव के खेत से ओमवीर राठौर का कंकाल बरामद किया था। इस मामले में मृतक की पत्नी धर्मशिला ने रामू यादव, उसके भाई सुरजीत यादव सहित अन्य के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस को ओमवीर राठौर हत्याकांड में फरार अभियुक्तों की तलाश थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मुख्य आरोपी सुरजीत यादव ग्राम गुजरपुर पमारान में पुलिया के नीचे छिपा हुआ है। खबर मिलते ही थानध्यक्ष रक्षा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें सुरजीत के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान सिपाही वसीम भी घायल हो गया। घायल आरोपी और सिपाही को इलाज के लिए राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

अपर मुख्य अधिकारी के ठेंगे पर एसडीएम का आदेश , डेढ़ माह बाद भी नहीं दे रहे आख्या

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सदर तहसील क्षेत्र के कमालगंज नगर पंचायत स्थित ग्राम महरूपुर रावी में कृषि भूमि पर अवैध तरीके से प्लाटिंग कर विक्रय किए जाने के मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी (सदर) द्वारा अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत फर्रुखाबाद को अनुस्मारक पत्र जारी कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
कमालगंज के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी सुशील गुप्ता ने 17 फरवरी 2026 को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि कुछ लोग बिना किसी स्वीकृत ले-आउट के अवैध रूप से प्लाटिंग कर भूखंडों की बिक्री कर रहे हैं । इस पर एसडीएम कार्यालय ने 17 फरवरी को ही संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
हालांकि, एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई आख्या प्रस्तुत नहीं की गई। इस बीच 24 मार्च 2026 को शिकायतकर्ता पुनः एसडीएम कार्यालय पहुंचा और अवगत कराया कि न तो अब तक कोई कार्रवाई हुई है और न ही अवैध प्लाटिंग का कार्य रुका है। उसके अनुसार अभी भी भूखंडों की बिक्री जारी है, जिससे नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी (सदर) ने अनुस्मारक पत्र जारी करते हुए अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को निर्देशित किया है कि प्रकरण की तत्काल जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही की गई कार्रवाई की रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया है। एसडीएम रजनीकांत ने बताया कि बिना स्वीकृति के किसी भी प्रकार की प्लाटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आलू मंडी में किसानों की लूट पर भाकियू टिकैत का हल्ला, डीएम से शिकायत के बाद खुली बोली के आदेश

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर स्थित एशिया की सबसे बड़ी आलू मंडी में किसानों के साथ हो रही कथित लूट-खसोट को लेकर भाकियू (टिकैत) ने जिलाधिकारी से शिकायत की। जिलाध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर मंडी में हो रही अनियमितताओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने एक पेन ड्राइव भी सौंपी, जिसमें सौ से अधिक वीडियो होने का दावा किया गया है। इनमें कथित रूप से “अंगौछे के अंदर” आलू की बिक्री और नियमों के उल्लंघन के दृश्य बताए गए हैं। अजय कटियार ने आरोप लगाया कि मंडी में खुलेआम आढ़ती और व्यापारी मिलकर किसानों का शोषण कर रहे हैं, जबकि नियम के अनुसार फसल की बिक्री खुली बोली से होनी चाहिए।
उन्होंने तौल में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया। कहा कि 50 किलो के बजाय 47-48 किलो पर सादा पर्चा बना दिया जाता है, जबकि पक्की फसल पर 49 किलो की तौल होनी चाहिए। साथ ही किसानों को 6R का पक्का पर्चा नहीं दिया जाता, जिससे वे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। पूर्व में मंडी प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल मंडी सभापति व नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि अगले दिन से आलू की बिक्री केवल खुली बोली से कराई जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले आढ़तियों के लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी भी दी गई। नगर मजिस्ट्रेट ने मंडी सचिव को सख्ती से आदेश लागू कराने के निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल में लक्ष्मी शंकर जोशी, गोपी शाक्य और अनुज राजपूत भी शामिल रहे। जानकारी जिला महासचिव अभय यादव ने दी।

डेंगू-मलेरिया से बचाव को जागरूकता रैली, अभियान की शुरुआत

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर से एक जागरूकता रैली भी रवाना की गई।
रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा बहुएं, छात्र-छात्राएं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को संचारी रोगों की रोकथाम के लिए शपथ दिलाई।
सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखेंगे, जलभराव नहीं होने देंगे, मच्छरों के पनपने के स्थानों को खत्म करेंगे तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे संचारी रोगों की रोकथाम में जनसहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से चलाए जाएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवनिन्द्र कुमार ने बताया कि यह अभियान निर्धारित अवधि तक जनपद में संचालित किया जाएगा, जिसके तहत घर-घर सर्वे, दवा वितरण और स्वास्थ्य परीक्षण जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

परशुराम शोभायात्रा के सौरभ संयोजक व आदित्य प्रभारी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) ब्राह्मण समाज सेवा समिति द्वारा 19 अप्रैल को निकलने वाली भगवान परशुराम यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसको लेकर आयोजित बैठक में यात्रा से जुड़े पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
आदित्य दीक्षित को यात्रा प्रभारी, सौरभ मिश्रा (चांकित) को संयोजक बनाया गया। वहीं अंकित तिवारी को सहसंयोजक, क्रांति पाठक को सह प्रभारी तथा अजय दुबे (अज्जू) को व्यवस्थापक की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा यात्रा की युवा एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी विमलेश मिश्रा को दी गई। समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र त्रिपाठी के संयोजन में आयोजित बैठक में सभी पदाधिकारियों ने अक्षय तृतीया के अवसर पर निकलने वाली भगवान परशुराम यात्रा को भव्य बनाने का संकल्प लिया।
बताया गया कि यात्रा 19 अप्रैल को शाम 5 बजे पंडा बाग मंदिर से प्रारंभ होकर ब्राह्मण समाज धर्मशाला तक निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे।