नवाबगंज में सनसनीखेज वारदात: प्रेमी ने छात्रा की हत्या कर शव नदी किनारे छुपाया

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) नबावगंज थाना क्षेत्र में कक्षा 9 की छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर किशोरी का शव बरामद कर लिया है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 15 वर्षीय छात्रा 28 मार्च की रात प्रेमी के बहकावे में आ गई। आरोप है कि उसने प्रेमी द्वारा दी गई नशीली गोली दूध में मिलाकर परिजनों को पिला दी और घर से जेवर व जरूरी कागजात लेकर फरार हो गई। 30 मार्च को पिता ने ग्राम सिरौली निवासी अंशुल पाल, रोहित पाल व विवेक कुमार पाल के खिलाफ बेटी को भगाने का मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने बीते दिन मुख्य आरोपी अंशुल पाल को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि लड़की उस पर शादी का दबाव बना रही थी और घर लौटने से इनकार कर रही थी। इससे घबराकर उसने अपने साथी विवेक पाल के साथ मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। पहले शव को खेत में छिपाया गया, फिर अगले दिन बोरी में भरकर कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम कुम्हौली स्थित काली नदी किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अंत्येष्टि स्थल से करीब 20 मीटर दूरी पर बोरी में बंद छात्रा का शव बरामद कर लिया। बताया गया है कि किशोरी घर से जाते समय सोने के जेवर व करीब 50 हजार रुपये भी साथ ले गई थी। शव बरामदगी के दौरान एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी और थाना प्रभारी राजीव कुमार, कोतवाल मोहम्मदाबाद मौके पर पहुंचे व जांच-पड़ताल की। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार नें बताया की मामले में आरोपी की निशान देही पर शव को बरामद किया गया है | शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्यवाही की जायेगी|