Home Blog Page 32

दोस्ती में धोखा: हत्या के बाद किया दफन, 7 महीने बाद खेत में मिला कंकाल

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र में सात माह पहले लापता हुए युवक ओमवीर राठौर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बुधवार को मुख्य आरोपी की निशानदेही पर युवक का कंकाल बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
गांव गूजरपुर पमारान निवासी ओमवीर राठौर पुत्र पेशकार राठौर 20 जुलाई 2025 की शाम करीब 7 बजे घर से निकले थे। परिजनों के मुताबिक, गांव का ही रामू यादव उन्हें घर से बुलाकर ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। शुरुआत में ओमवीर की मां राजेश्वरी ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जबकि बाद में उनकी पत्नी धर्मशीला ने 31 अगस्त 2025 को थाना अमृतपुर में रामू यादव समेत कई लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया।
मामले में रामू यादव पुत्र अजय पाल, देवेंद्र यादव पुत्र जाहर सिंह, गुलाब सिंह उर्फ तिलक पुत्र फकीरे यादव, सुरजीत यादव पुत्र अजय पाल, श्यामवीर पुत्र कन्हैया लाल और बंटी उर्फ रामऔतार पुत्र मलखान को आरोपी बनाया गया था।
मंगलवार रात थाना अमृतपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी रामू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर बुधवार सुबह फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग स्थित एक मक्के के खेत में जेसीबी से खुदाई कराई गई। करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गड्ढे से युवक का कंकाल बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से कंकाल के साथ एक तौलिया, चप्पल और शर्ट भी बरामद की है। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम के सदस्य रविकांत, सचिन और यशनन्दन मौके पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दो रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा ओवरब्रिज, 97 करोड़ की परियोजना मंजूर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद शहर के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के प्रयासों से शहर में लंबे समय से जाम की समस्या को दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
दरअसल, फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग पर स्थित क्रॉसिंग संख्या 154 स्पेशल और क्रॉसिंग संख्या 09 स्पेशल पर रेल उपरिगामी सेतु (ओवरब्रिज) निर्माण के लिए 9743.28 लाख रुपये की धनराशि को व्यय वित्त समिति द्वारा मंजूरी दे दी गई है। इस परियोजना का शासनादेश 31 मार्च 2026 को जारी हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बताया गया कि प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज की कुल लंबाई लगभग 1013.71 मीटर होगी, जो दोनों रेलवे क्रॉसिंगों के ऊपर से होकर गुजरेगा। साथ ही, दोनों क्रॉसिंगों के बीच आवागमन को सुगम बनाने के लिए सेतु के दोनों ओर रैंप बनाए जाएंगे। इसके अलावा रेलवे विभाग द्वारा दोनों स्थानों पर अंडरपास बनाने की भी योजना है।
गौरतलब है कि इन दोनों क्रॉसिंगों पर अक्सर फाटक बंद रहने के कारण शहर में भारी जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सेतु के निर्माण के बाद इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने बताया कि इस परियोजना के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कई बार व्यक्तिगत मुलाकात कर प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप अब यह स्वीकृति मिल पाई है।

J

पूर्व सपा विधायक विजय सिंह के घर विस्फोट में घायल समर्थक की मौत

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पूर्व सपा विधायक विजय सिंह के आवास पर बीते 17 मार्च को हुए विस्फोट में घायल उनके समर्थक व पूर्व प्रधान भैयालाल चौहान निवासी नूरपुर की मंगलवार देर शाम उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया गया कि उदय प्रताप उर्फ भैयालाल चौहान विस्फोट के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें इलाज के लिए कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वह पिछले करीब दो सप्ताह से जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे थे। मंगलवार देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।
बुधवार दोपहर बाद उनका शव पैतृक गांव नूरपुर पहुंचने की संभावना है। घटना को लेकर गांव में शोक के साथ-साथ एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। गौरतलब है कि 17 मार्च की देर शाम पूर्व विधायक विजय सिंह के नाला मछरट्टा स्थित आवास पर जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। घटना के बाद से ही मामले की जांच जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार नें बताया की शव का पोस्ट मार्टम कराकर आगे की कार्यवाही होंगी|

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को 10 साल कारावास, 30 हजार जुर्माना

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में न्यायालय ने एक आरोपी को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास और 30 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां एक मोहल्ला निवासी ने 20 अप्रैल 2017 को अपनी 11 वर्षीय पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार, गांव के ही धर्मेंद्र पुत्र हीरालाल और अमित पुत्र मुरारी बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। यह भी आरोप था कि बालिका घर से कुछ पुश्तैनी जेवरात और करीब 5 हजार रुपये नकद भी साथ ले गई थी।
पुलिस ने मामले की जांच कर साक्ष्य एकत्रित किए और आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी धर्मेंद्र को दोषी ठहराया।
अदालत ने दोष सिद्ध होने पर धर्मेंद्र को 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई, साथ ही 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। मामले में अन्य आरोपी के संबंध में न्यायिक प्रक्रिया पूर्व में ही पूर्ण हो चुकी है।

वार्षिक निरीक्षण में डीआईजी ने कसा प्रशासनिक शिकंजा, माफिया पर जारी रहेगी कार्रवाई

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी हरीश चंदर ने मंगलवार को जनपद का वार्षिक मुआयना कर पुलिस व्यवस्था की गहन समीक्षा की। पुलिस लाइन स्थित एसपी कार्यालय सभागार में उन्हें औपचारिक सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कानून-व्यवस्था और विभागीय कार्यों की प्रगति पर प्रकाश डाला।
निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने फतेहगढ़ स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली को परखा। उन्होंने आईजीआरएस सेल, रिट सेक्शन, डाक प्रबंधन शाखा सहित अमृतपुर व मोहम्मदाबाद के क्षेत्राधिकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने दो टूक कहा कि अपराधियों और माफिया तत्वों के विरुद्ध अभियान निरंतर चलता रहेगा।
पुलिस लाइन के दौरे में उन्होंने विभागीय भवनों और संसाधनों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कुछ नई इमारतों की योजना तैयार है, कुछ पर निर्माण कार्य जारी है, जबकि कुछ प्रस्ताव प्रक्रिया में हैं। अभिलेखों के रखरखाव और लेखा प्रणाली की समीक्षा के दौरान जहां खामियां मिलीं, वहां आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए, वहीं बेहतर कार्यों की सराहना भी की गई।
डीआईजी ने विभाग में तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि अभिलेखों का डिजिटलीकरण, नव नियुक्त कर्मियों के दस्तावेजों का सुव्यवस्थित संधारण तथा उनके एनपीएस खातों की समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि यह विस्तृत निरीक्षण देर रात तक चलेगा, जिसका उद्देश्य व्यवस्थागत खामियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करना है। आईजीआरएस प्रणाली में बेहतर प्रदर्शन को लेकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बीते तीन माह से जनपद शीर्ष स्थान पर बना हुआ है और रेंज भी लगभग दस माह से अग्रणी बनी हुई है। उन्होंने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, प्रभावी फीडबैक व्यवस्था और कमजोर प्रदर्शन वाले थानों की समीक्षा कर सुधार लाने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त डीआईजी ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता के साथ लागू करने पर बल दिया।

युवक से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद, मुकदमा दर्ज

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता)थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर की पुलिया के पास बने प्रतीक्षालय में खड़े एक युवक को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
चौकी इंचार्ज राहुल कुमार उस समय अमृतपुर कस्बे में चेकिंग कर रहे थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि ताजपुर पुलिया के पास प्रतीक्षालय में एक संदिग्ध युवक खड़ा है, जिसके पास अवैध हथियार है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम श्याम कुमार उर्फ हुल्ली पुत्र रामशरण, निवासी मोहल्ला गोला कोना फतेहगढ़ बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।

रोडवेज बस स्टॉप पर यात्री का बैग व सामान गायब, जांच में जुटी पुलिस

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) रोडवेज बस स्टॉप पर मंगलवार दोपहर एक यात्री का बैग व अन्य सामान संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित महबूब राजा पुत्र फैयाज, निवासी भरोसा (बरेली), बरेली डिपो की बस से फर्रुखाबाद पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वह बकरी पालन का कार्य करते हैं और बरेली से चावल, नमकीन, बिस्किट सहित अन्य सामान खरीदकर लौट रहे थे। बस से उतरते समय अधिक सामान होने के कारण उन्होंने पहले चावल की बोरी नीचे उतारी। जब वह बैग लेने के लिए दोबारा बस में पहुंचे तो बैग गायब मिला।
महबूब राजा के अनुसार बैग में करीब 4500 रुपये नकद, दो जोड़ी कपड़े, तीन जोड़ी आर्टिफिशियल कंगन, दो जोड़ी चप्पल सहित अन्य सामान रखा था। उन्होंने बस के चालक व परिचालक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों मौके से जा चुके थे। फोन करने पर भी वे वापस नहीं लौटे।
इस दौरान उन्होंने रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुमार को मौखिक सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बस व यात्रियों के संबंध में जानकारी जुटाई। चालक ने बताया कि बस में अन्य यात्री भी सवार थे, संभव है कि किसी यात्री द्वारा बैग ले जाया गया हो।
इसी बीच, जब पीड़ित पुलिस के साथ बैग की तलाश कर रहे थे, तभी उनका अन्य सामान—जिसमें चावल की बोरी और खाने-पीने का सामान शामिल था—ई-रिक्शा से भी गायब हो गया। पीड़ित ने बताया कि चावल की बोरी की कीमत करीब 2000 रुपये और अन्य सामान लगभग 1000 रुपये का था। रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि मामले में मौखिक सूचना मिली है और जांच की जा रही है। फिलहाल कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

स्कूल वाहनों का विवरण पोर्टल पर भरना अनिवार्य, अनफिट वाहन होंगे सीज

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जनपद में संचालित सभी स्कूल वाहनों का विवरण अब परिवहन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त पोर्टल पर भरना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही विद्यालयों को एक शपथ पत्र भी अपलोड करना होगा, जिसमें दर्ज जानकारी की सत्यता प्रमाणित करनी होगी। निर्देशों का पालन न करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि पोर्टल पर प्रत्येक वाहन की फिटनेस, परमिट, प्रदूषण प्रमाण पत्र और बीमा की वैधता का विवरण दर्ज करना होगा। साथ ही चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और चरित्र सत्यापन की जानकारी भी अपलोड करनी होगी। विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति की बैठकों का विवरण भी पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
जनपद में कुल 486 स्कूल वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें से 130 वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है। इनमें 33 वाहन 15 वर्ष से अधिक पुराने हैं, जबकि स्कूली वाहनों की hअधिकतम आयु 15 वर्ष निर्धारित है। इसके अलावा 218 वाहनों के परमिट भी समाप्त हो चुके हैं।
प्रशासन के निर्देशानुसार 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अनफिट पाए जाने वाले स्कूल वाहनों को पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा सीज किया जाएगा। साथ ही बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ऐसे विद्यालयों के खिलाफ मान्यता समाप्त करने और एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई करेंगे। अधिकारियों ने विद्यालय संचालकों से अपील की है कि जो वाहन संचालन में नहीं हैं, उनका पंजीकरण निरस्त कराएं तथा जिन वाहनों की फिटनेस समाप्त हो गई है, उन्हें शीघ्र ठीक कराकर वैध कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

6 अप्रैल को सेवा भाव से मनाया जाएगा भाजपा स्थापना दिवस

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)आवास विकास कॉलोनी स्थित जिला भाजपा कार्यालय में मंगलवार को जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में 6 अप्रैल को होने वाले पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भाग लिया।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि स्थापना दिवस को इस बार सेवा भाव के रूप में मनाया जाएगा। 5, 6 और 7 अप्रैल को जिला कार्यालय को सजाया जाएगा, जबकि 6 अप्रैल को ध्वजारोहण, मिष्ठान वितरण, प्रदर्शनी और उद्बोधन कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने घर पर पार्टी का ध्वज फहराएगा तथा बूथ स्तर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। 6 व 7 अप्रैल को बूथों पर संगोष्ठी भी आयोजित होंगी।
बैठक में बताया गया कि 7 से 12 अप्रैल तक कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रचार करेंगे, जबकि 8 और 9 अप्रैल को जिला स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होंगे। भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया, वहीं अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने इसे कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक अवसर बताया। संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया। इस दौरान कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रोडवेज बस स्टॉप पर अव्यवस्था, ई-रिक्शा व टेंपो से बढ़ रहा जाम

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के रोडवेज बस स्टॉप पर इन दिनों अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। बस अड्डे के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में ई-रिक्शा व टेंपो खड़े होने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। हालात ऐसे हैं कि बसों को बस स्टॉप में प्रवेश करने तक में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे अक्सर सड़क पर लंबा जाम लग जाता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस स्टॉप परिसर के भीतर हर समय 10 से 20 तक ई-रिक्शा खड़े रहते हैं और वहीं सवारियां भरते हैं। इससे बसों के संचालन में बाधा उत्पन्न होती है। कई बार बसों को सड़क पर ही रुकना पड़ता है, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।
हाल ही में सामने आए एक वीडियो में भी बस स्टॉप के अंदर टेंपो सवारियां भरते हुए दिखाई दिया है। सूत्रों का कहना है कि ये वाहन चालक मनमाने तरीके से तो आते ही हैं, साथ ही उन्हें कहीं न कहीं रोडवेज कर्मचारियों का संरक्षण भी प्राप्त है।
वहीं, आसपास के दुकानदारों का आरोप है कि कुछ रोडवेज कर्मचारी बसों की व्यवस्था सुधारने के बजाय निजी वाहनों को परिसर में खड़ा होने की अनुमति देते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है। बस स्टॉप के पास ही स्थित पुलिस चौकी पर तैनात चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि बस स्टॉप के अंदर वाहनों के खड़े होने से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उनका मुख्य उद्देश्य सड़क पर जाम को नियंत्रित करना है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसके संरक्षण में बस स्टॉप परिसर के अंदर निजी वाहन खुलेआम खड़े होकर सवारियां भर रहे हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि वह इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान दे, ताकि आम जनता को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।