फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के रोडवेज बस स्टॉप पर इन दिनों अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। बस अड्डे के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में ई-रिक्शा व टेंपो खड़े होने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। हालात ऐसे हैं कि बसों को बस स्टॉप में प्रवेश करने तक में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे अक्सर सड़क पर लंबा जाम लग जाता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस स्टॉप परिसर के भीतर हर समय 10 से 20 तक ई-रिक्शा खड़े रहते हैं और वहीं सवारियां भरते हैं। इससे बसों के संचालन में बाधा उत्पन्न होती है। कई बार बसों को सड़क पर ही रुकना पड़ता है, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।
हाल ही में सामने आए एक वीडियो में भी बस स्टॉप के अंदर टेंपो सवारियां भरते हुए दिखाई दिया है। सूत्रों का कहना है कि ये वाहन
चालक मनमाने तरीके से तो आते ही हैं, साथ ही उन्हें कहीं न कहीं रोडवेज कर्मचारियों का संरक्षण भी प्राप्त है।
वहीं, आसपास के दुकानदारों का आरोप है कि कुछ रोडवेज कर्मचारी बसों की व्यवस्था सुधारने के बजाय निजी वाहनों को परिसर में खड़ा होने की अनुमति देते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है। बस स्टॉप के पास ही स्थित पुलिस चौकी पर तैनात चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि बस स्टॉप के अंदर वाहनों के खड़े होने
से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उनका मुख्य उद्देश्य सड़क पर जाम को नियंत्रित करना है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसके संरक्षण में बस स्टॉप परिसर के अंदर निजी वाहन खुलेआम खड़े होकर सवारियां भर रहे हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि वह इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान दे, ताकि आम जनता को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
रोडवेज बस स्टॉप पर अव्यवस्था, ई-रिक्शा व टेंपो से बढ़ रहा जाम




