फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फॉर्मर रजिस्ट्री कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए 7 जनसेवा केंद्र संचालकों को स्पष्टीकरण हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
शासन स्तर से प्रतिदिन समीक्षा किए जाने के बावजूद कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी ने
संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन जनसेवा केंद्रों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें विपिन जनसेवा केंद्र पिपरगांव, भूप सिंह जनसेवा केंद्र पिपरगांव, मुर्शीद राणा
जनसेवा केंद्र याकूतगंज, सतगुरु जन सेवा केंद्र मदनपुर, रामू जनसेवा केंद्र त्योरखास, परवेज अहमद जन सेवा केंद्र जरारी तथा संदीप जनसेवा केंद्र सिरौली शामिल हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित जनसेवा केंद्र संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे फॉर्मर रजिस्ट्री कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, अन्यथा आगे कठोर कार्रवाई की
फॉर्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर 7 जनसेवा केंद्रों को नोटिस
भूमि विवाद में भाला लहराने का वीडियो वायरल
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरौर में जमीनी विवाद ने एक बार फिर उग्र रूप ले लिया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वायरल वीडियो में एक वृद्ध व्यक्ति हाथ में भाला लेकर खुलेआम लहराते हुए लोगों को धमकाता नजर आ रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को
लेकर विवाद चला आ रहा है। गुरुवार को इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के दौरान मामला बढ़ गया। आरोप है कि एक पक्ष का वृद्ध व्यक्ति भाला लेकर आक्रामक हो गया। मौके पर मौजूद पीड़ित परिवार ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि आरोपी के खिलाफ न तो मुकदमा दर्ज हुआ और न ही कोई सख्त कदम उठाया गया, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं। परिजनों
ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी का पुत्र थाने में पहुंचकर दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है, जिससे निष्पक्ष कार्रवाई प्रभावित हो रही है। पीड़ित परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई, तो विवाद और हिंसक रूप ले सकता है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे लोगों में असंतोष व्याप्त है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन कब तक कार्रवाई करता है और पीड़ित पक्ष को न्याय मिल पाता है।
ग्रीश कुमार होंगे फतेहगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक, अरुण कुमार का तबादला
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह का तबादला कर उन्हें अपर पुलिस अधीक्षक यातायात निदेशालय, लखनऊ भेज दिया है।
वहीं सहायक पुलिस आयुक्त/अपर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट आगरा में तैनात गिरीश कुमार सिंह को फतेहगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस तबादले के बाद जिले में पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।
सांपसीढ़ी के माध्यम से मलेरिया से बचाव के सिखाये गुर
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में चल रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया, फाइलेरिया समेत अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ ही डायरिया नियंत्रण को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता गांव-गांव और मोहल्लों में जाकर लोगों को जरूरी जानकारी दे रहे हैं।
गुरुवार को मोहल्ला चिलपुरा स्थित नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. शोभा सक्सेना की अध्यक्षता में महिला आरोग्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित महिलाओं और स्थानीय लोगों को डायरिया की रोकथाम, टीकाकरण, आयुष्मान योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
डॉ. शोभा सक्सेना ने सांप-सीढ़ी के खेल के माध्यम से रोचक तरीके से
समझाया कि बच्चों की सही देखभाल कितनी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों की परवरिश में जरा सी लापरवाही उन्हें डायरिया जैसी गंभीर बीमारी की चपेट में ला सकती है।
उन्होंने बताया कि यदि बच्चे को दिन में दो से तीन बार से अधिक पतले दस्त हो रहे हों, तो तुरंत नजदीकी आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें। आशा द्वारा दी जाने वाली जिंक की गोली और ओआरएस घोल को निर्धारित मात्रा में जरूर दें, ताकि बच्चे के शरीर में पानी की कमी न हो।
बैठक में पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) के अनुपम मिश्र, एएनएम योगेंद्रवती, महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष उर्मिला, आशा कार्यकर्ता प्रीति चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पारदर्शी प्रक्रिया से 240 आवेदनो में 13 आबकारी दुकानों का आवंटन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जनपद में आबकारी विभाग की देशी शराब, कम्पोजिट और भांग की दुकानों के आवंटन के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ई-लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की गई। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में आवेदक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं लाइसेंस प्राधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, सहायक आबकारी आयुक्त देवेन्द्र रावत और जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता भी मौजूद रहे। इस दौरान आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और आवेदकगण भी उपस्थित रहे।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि कुल 13 दुकानों के लिए 240 आवेदन प्राप्त हुए थे। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पहले सिमुलेशन (मॉक ट्रायल) किया गया, जिसमें देशी शराब की राजेन्द्र नगर दुकान पर प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा कम्पोजिट दुकान बराकेशव और भांग की दुकानों के लिए भी सिमुलेशन दिखाया गया।
इसके बाद देशी शराब की 7 दुकानों के लिए फाइनल रैंडमाइजेशन किया गया। रेलवे रोड की दुकान मंजू देवी, इकलहरा की प्रभात कुमार गुप्ता, रामनगर की सरला देवी, शिकारपुर की रमेश, भोजपुर की बृजेश कुमार, कुम्हरौर की अरुण प्रताप सिंह और राजेन्द्र नगर की दुकान पवन कुमार को आवंटित की गई।
वहीं, कम्पोजिट की 3 दुकानों में बहबलापुर ऋषिदेव, बराकेशव धर्मा और सिनौड़ा विष्णु प्रकाश गुप्ता के नाम आवंटन हुआ। भांग की 3 दुकानों में किराना बाजार दिलदीप कुमार गुप्ता, नितगंजा सनी और साहबगंज मनीषा वर्मा को चयनित किया गया।
पूरी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में व्यवस्था बनाए रखी गई और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई। अधिकारियों ने बताया कि ई-लॉटरी प्रणाली से आवंटन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया गया है।
बिना बारंट के घर में घुसने पर दो दारोगा सहित 16 पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद पुलिस एक बार फिर अदालत की सख्ती का सामना कर रही है। कायमगंज क्षेत्र के काला खेल मऊ रसीदाबाद गांव में पुलिस पर लगे मनमानी और दुर्व्यवहार के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए विशेष न्यायाधीश (डकैती) शैलेंद्र सचान ने 16 पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को दारोगा सोमवीर, दारोगा जितेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र तिवारी, सिपाही विजय गुर्जर, सिपाही सचिन कुमार, सिपाही जितेन्द्र सिंह, सिपाही विकास बाबू, सिपाही पवन चाह सहित 7-8 अन्य पुलिसकर्मी शायदा बेगम पत्नी मुख्तार खान के घर पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर में घुसकर मारपीट की और करीब 90 हजार रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के आभूषण ले गए।
घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें एक किशोर भी शामिल था। बाद में किशोर को छोड़ दिया गया, जबकि तीन अन्य को दो दिन बाद शस्त्र अधिनियम के तहत जेल भेज दिया गया।
इस मामले में अदालत ने कायमगंज कोतवाल मदन मोहन को भी गलत और भ्रामक रिपोर्ट प्रस्तुत करने पर नोटिस जारी किया है। उन्हें 20 अप्रैल को अदालत में उपस्थित होकर जवाब देना होगा।
विशेष न्यायाधीश ने पुलिस अधीक्षक को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और उस पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा कि इस तरह की घटनाएं पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और मनमानी किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रदेश में आज फिर बारिश के साथ ओलावृष्टि की सम्भावना!

लखनऊ:उत्तर प्रदेश में तेज आंधी,बारिश व ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हो गया है।आज सुबह से मौसम साफ देख किसानों की उम्मीदें बढ़ गईं। उनका अनुमान है कि एक सप्ताह में खेत में भीगी पड़ी गेहूं की फसल सूख जाएंगी।वहीं खेत सूखने के बाद किसान गेहूं की बची फसल की कटाई भी शुरू कर सकेंगे। लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी ने किसानों की मुश्किलें फिर से बढ़ा दी हैं। बारिश की आशंका से किसानों की धड़कन बढ़ गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय हुए मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे तथा कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। कई जनपदों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।
प्रदेश में वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है,कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और आंधी चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। बारिश के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट आएगी|
संविलियन विद्यालय में भ्रष्टाचार के आरोपों पर जांच तेज
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुम्हरौर स्थित संविलियन विद्यालय में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आने के बाद शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। मामले को संज्ञान में लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) के निर्देश पर तत्काल जांच टीम गठित कर विद्यालय भेजी गई।
गठित टीम में खंड शिक्षा अधिकारी नवाबगंज अमर सिंह राणा एवं खंड शिक्षा अधिकारी शमशाबाद वीरेंद्र सिंह पटेल शामिल रहे। टीम ने विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण अभिलेखों की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान उपस्थिति रजिस्टर, मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) से जुड़े दस्तावेजों तथा कोरोना काल में खर्च की गई धनराशि के रजिस्टर को विशेष रूप से खंगाला गया। अधिकारियों ने बच्चों की उपस्थिति और शिक्षण कार्य की स्थिति का भी जायजा लिया। विद्यालय स्टाफ से पूछताछ कर विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई गई। साथ ही सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और धनराशि के उपयोग को लेकर भी गहन पड़ताल की गई।
सूत्रों के अनुसार, शिकायत में वित्तीय अनियमितताओं और अभिलेखों में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए थे। हालांकि जांच टीम ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं का विस्तार से परीक्षण किया है।
खंड शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि जांच के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही बीएसए को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी जारी रहेगी।
नगरपालिका बोर्ड बैठक में 1.37 अरब रुपये का बजट पारित
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नगरपालिका परिषद फर्रुखाबाद की बोर्ड बैठक टाउन हॉल स्थित सभागार में पालिकाध्यक्ष श्रीमती वत्सला अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 38 सभासद उपस्थित रहे, जबकि 4 सभासद अनुपस्थित रहे। अधिशाषी अधिकारी विनोद कुमार सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा। संचालन वरिष्ठ लिपिक शरद बाजपेई ने किया।
करीब डेढ़ घंटे चली बैठक में 1.37 अरब रुपये (13,700 लाख रुपये) का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। सभासदों ने गृहकर और जलकर के अधिक बिलों का विरोध किया। इस पर अधिशाषी अधिकारी विनोद कुमार ने आश्वासन दिया कि नगर के सभी वार्डों का दोबारा सर्वे कराया जाएगा और उसके आधार पर बिलों में संशोधन किया जाएगा।
पूर्व विधायक विमल प्रसाद तिवारी की प्रतिमा लगाए जाने की मांग भी
बैठक में उठी। इस पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि शासन को प्रस्ताव भेजकर अनुमति प्राप्त की जाएगी। वहीं लिंजीगंज में गेट निर्माण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दे दी गई।
जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को लेकर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी से वार्ता की जाएगी, क्योंकि यह कार्य स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से ही संभव है।
पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका के वाहन बिना शुल्क किसी भी ठेकेदार को उपलब्ध नहीं कराए जाते। साथ ही उन्होंने बताया कि आवारा गाय और कुत्तों को पकड़ने के लिए छोटी गाड़ी मंगाई गई है, जो संकरी गलियों में भी आसानी से संचालित हो सकेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही प्रत्येक वार्ड में शिविर लगाकर जनसमस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने का अभियान शुरू किया जाएगा।
गूलर के पेड़ पर फंदा लगाकर वृद्ध ने दी जान
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के बहादुरगंज तराई निवासी माजिद पुत्र शाहिद अली ने थाना पहुंचकर लिखित सूचना दी कि उसके पिता 60 शाहिद अली उम्र लगभग ने बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर के वाड़े में गूलर के पेड़ पर डिश केबल से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी फतेहगढ़ भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के संबंध में कोई अन्य तथ्य प्रकाश में नहीं आया है| 




