फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उलियापुर निवासी बांकेलाल की दबंगों द्वारा की गई पिटाई के बाद मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल को बांकेलाल पुत्र इंदर का भैंसा चोरी हो गया था। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर राजवीर, पुष्पेंद्र, जितेंद्र और सुनील सहित अन्य लोगों पर शक जताया था। आरोप
है कि पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और उल्टा चोरी के प्रमाण लाने की बात कहकर टाल दिया।
बताया गया कि बाद में मेहंदियावली के पास संजय अग्रवाल ने बांकेलाल और राजकुमार को सीसीटीवी कैमरा चेक करने के बहाने अपने गोदाम पर बुलाया। वहां पहले से मौजूद विपक्षी पक्ष के लोगों—शकुंतला पत्नी राजवीर, नगर, पुष्पेंद्र, जितेंद्र, सुनील और करण समेत अन्य ने दोनों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में राजकुमार किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला, जबकि गंभीर रूप से घायल बांकेलाल को तत्काल कायमगंज
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही और आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।सीओ क़ायमगंज नें बताया की मारपीट से घायल की उपचार के दौरान मौत हुई है| शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है|
दबंगों की पिटाई से युवक की मौत, परिजनों का हंगामा; पुलिस पर लापरवाही के आरोप
बिजली के खम्भे में आग लगने से मची भगदड़
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के लाल सराय पानी टंकी के पास लिंजीगंज बाजार मोड़ पर रविवार दोपहर अचानक बिजली के खंभे में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मोड़ के पास लंबे समय से दो ट्रांसफार्मर रखे हैं, जिनकी लाइन सड़क पार कर तलैया फजल इमाम की ओर जाने वाली गली के बीचों-बीच लगे खंभे से होकर गुजरती है। पहले अतिक्रमण के चलते यह खंभा बीच में लगाया गया था, लेकिन अतिक्रमण हटने के बाद भी इसे नहीं हटाया गया। रविवार को कुछ लोग खंभे पर डाटा केबल
बांध रहे थे, तभी अचानक स्पार्किंग होने लगी और खंभे पर फैले तारों में आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने तेज रूप ले लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के बाद बिजली विभाग को कई बार सूचना दी गई, लेकिन करीब 15 मिनट तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान जलते तार टूटकर सड़क पर गिरते रहे, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना रहा।
बाद में कर्मचारियों के पहुंचने पर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने खुद ही पानी डालकर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद जब कर्मचारी दोबारा लाइन चालू करने पहुंचे, तो मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया। उनका कहना था कि गली के बीच लगा खंभा अब बेकार है। उन्होंने मांग की कि या तो पास के दूसरे खंभे से सप्लाई दी जाए या गली के किनारे नया खंभा लगाकर व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
इस घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं और स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
तनाव में युवक नें ससुराल में फांसी लगाकर दी जान
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) ससुराल पत्नी को लेने आये युवक नें फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी | पुलिस नें शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिये भेजा|
जनपद एटा के अलीगंज विकास नगर मैंनपुरी रोड़ निवासी संजय कुमार उर्फ संजू पुत्र रामोतार दिल्ली में नौकरी करता था | संजय दिल्ली से बाइक से घर के लिये निकला लेकिन घर ना आकर अपनी ससुराल
ज्योंता आ गया | पीछे से दिल्ली से संजय की पत्नी मोनी भी आ गयी और अलीगंज में अपनी बहन के घर में रुक गयी | संजय को लगा की उसकी पत्नी मोनी मायके में आयी है, लेकिन जब मोनी नही मिली तो उसने निकट आम के बाग में रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली | सूचना पर कोतवाल विनोद शुक्ला व डायल 112 मौके पर पंहुची और जाँच पड़ताल की| मृतक की माँ सूरज मुखी आदि का रों-रों कर बुरा हाल हो गया| मृतक संजय का साल 2009 में मोनी से विवाह हुआ था | कोतवाल विनोद शुक्ला नें बताया की जाँच की जा रही है |
साइबर ठगी में प्रधान के पुत्र सहित आठ गिरफ्तार
बागपत: साइबर क्राइम थाना बागपत पुलिस ने सर्च इंजन प्लेटफॉर्म जस्ट डायल पर ग्रोसरी और सॉफ्ट ड्रिंक के फर्जी विज्ञापन देकर लोगों से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 8 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
बागपत पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन विज्ञापन के जरिए लोगों को सस्ते सामान का लालच देते थे और ऑर्डर के नाम पर अग्रिम भुगतान कराकर ठगी को अंजाम देते थे। जांच के दौरान गिरोह के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 24 सिम कार्ड, 1 टैबलेट, 2 डेबिट/एटीएम कार्ड, 2 वाई-फाई डिवाइस, एक कार के साथ अवैध असलहे भी बरामद किए गए। बरामद असलहों में .32 बोर की हैंडमेड पिस्टल, .315 बोर का तमंचा व 2 जिंदा कारतूस शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में जनपद फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम तुषौर निवासी अंकुर सिंह पुत्र इतेन्द्र सिंह और आकाश सिंह पुत्र पुष्पेन्द्र सिंह सहित अन्य जनपदो से आठ को गिरफ्तार किया है | इतेंद्र सिंह प्रधान है |
पुलिस गिरोह के अन्य नेटवर्क और ठगी के शिकार लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हार्टअटैक से क्राइम इंस्पेक्टर की मौत,बाथरूम में मिला शव
शाहजहंपुर:जनपद शाहजहांपुर के पुवायां थाने में तैनात क्राइम इंस्पेक्टर राजेश कुमार की मौत हो गई।सुबह 11 बजे उनका शव पुवायां थाना कैंपस में बने सरकारी आवास के बाथरूम में मिला।
शनिवार को थाना समाधान दिवस शुरू होने पर भी जब वह नहीं आए तो उन्हें कॉल की गईं। कोई उत्तर न मिलने पर पुलिसकर्मी को परिसर में ही बने आवास पर भेजा गया तो उनका शव बाथरूम में पड़ा मिला। पुलिस उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा।
बस स्टॉप पर फिर भिड़े चालक-परिचालक, मारपीट का वीडियो वायरल
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) रोडवेज बस अड्डे पर चालकों और परिचालकों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन बसों को पहले नंबर पर लगाने को लेकर झगड़े और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं।
शुक्रवार शाम एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया, जब दिल्ली जाने वाली दो रोडवेज बसों के चालक और परिचालक आपस में भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बस फर्रुखाबाद डिपो की थी, जबकि दूसरी बुद्ध विहार डिपो की। स्टैंड पर पहले नंबर को लेकर शुरू हुई कहासुनी जल्द ही गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई।
दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। इस दौरान बसों के आपस में टकराने और रगड़ लगने की बात भी सामने आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी तीन दिन पूर्व इसी तरह का विवाद हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चालक और परिचालक एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
हैरानी की बात यह रही कि बस स्टॉप के पास ही रोडवेज पुलिस चौकी मौजूद होने के बावजूद समय रहते कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के दौरान पुलिसकर्मी मौके पर थे, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। हर बार की तरह इस बार भी मामला आपसी सहमति से निपटा लिया गया। पहले फर्रुखाबाद डिपो की बस को रवाना किया गया, इसके बाद बुद्ध विहार डिपो की बस को स्टैंड से भेजा गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष बने अभय त्रिवेदी, सोनी वरिष्ठ उपाध्यक्ष
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के चुनाव में दो पदाधिकारी निर्वाचित हुए जबकि 5 पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए| उन्हें शपथ दिलाकर संगठन को मजबूत करनें की नसीहत दी गयी|
लेखपाल संघ के द्विवार्षीक निर्वाचन में अध्यक्ष पद पर अभय द्विवेदी व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सोनी मिश्रा निर्वाचित घोषित हुईं| इसके साथ ही कनिष्ठ उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, सचिव रिषभ सिंह, उपसचिव शोभित कुमार, कोषाध्यक्ष अमित प्रताप सिंह व लेखा परीक्षक के पद पर अजय त्रिपाठी की निर्विरोध ताजपोशी की गयी| चुनाव अधिकारी प्रथम अमृतपुर से तहसील मंत्री पवन यादव, चुनाव अधिकारी द्वितीय आकाश भदौरिया तहसील मंत्री कायमगंज तहसील व पर्यवेक्षक अनुज चतुर्वेदी जिला कनिष्ठ उपाध्यक्ष तहसील कायमगंज के देखरेख में चुनाव कराया गया|
पुलिस चौकी के पास तीन दुकानों में बड़ी सेंधमारी, लाखों का माल साफ
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) हथियापुर क्षेत्र में बीती रात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए पुलिस चौकी के बिल्कुल नजदीक स्थित बाजार की तीन दुकानों में सेंध लगा दी और लाखों रुपये के जेवर, नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत और व्यापारियों में रोष है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा, थाना प्रभारी अजब सिंह तथा चौकी इंचार्ज पंकज कुमार यादव मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
चोरों ने श्री ओम मंगला गौरी ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़कर करीब चार लाख रुपये के सोने के आभूषण पार कर दिए। दुकान मालिक
मनोज कुमार शर्मा, निवासी जोगराज स्ट्रीट, कोतवाली क्षेत्र, ने घटना की पुष्टि की। इसी क्रम में आशा ज्वेलर्स को भी निशाना बनाया गया, जहां से लगभग 450 ग्राम चांदी, 10 ग्राम सोना, 19,800 रुपये नकद और चांदी के सिक्के चोरी हो गए। दुकान स्वामी दिनेश वर्मा, निवासी पक्का पुल, को सुबह आसपास के व्यक्ति से घटना की जानकारी मिली।
तीसरी वारदात आरवी जन सेवा केंद्र एंड गारमेंट्स में हुई, जहां से चोर कपड़े, मोबाइल फोन, लैपटॉप, लेमिनेशन मशीन, फिंगरप्रिंट डिवाइस सहित लाखों रुपये का सामान ले उड़े। दुकान संचालक अनुराग वर्मा, निवासी ग्राम सिलाईया (थाना नवाबगंज), ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने पर चौकी पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं मिला।
सीसीटीवी फुटेज में तीन लोग नंगे पैर बेलचे की मदद से शटर उचकाते नजर आए हैं।
ई-रिक्शा की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर घायल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खरीक नगला महोई निवासी 30 वर्षीय इद्रेश
पाल पुत्र पन्नालाल अपने साथी 21 वर्षीय सचिन पुत्र रामनंदन के साथ बाइक से मोहम्मदाबाद सरसो पिराने जा रहे थे। इसी दौरान गैस एजेंसी के पास सामने से आ रही एक ई-रिक्शा ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि इद्रेश पाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
फर्रुखाबाद में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, पुनरीक्षण अभियान सम्पन्न
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद फर्रुखाबाद में चलाए गए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के सफल समापन के बाद शुक्रवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान बूथ स्तर पर प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का विधिवत परीक्षण कर उनका निस्तारण किया गया। पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं, जबकि अपात्र, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपित कर सूची को अद्यतन किया गया है।
उन्होंने बताया कि अंतिम मतदाता सूची संबंधित मतदान केंद्रों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालयों और अन्य निर्धारित माध्यमों पर अवलोकन के लिए उपलब्ध है। सभी मतदाताओं से अपने नाम, पते और अन्य विवरण की जांच करने की अपील की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला होती है।
इस अवसर पर जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध करा दी गईं।



