Home Blog Page 25

कोतवाल कायमगंज व मोहम्मदाबाद का तबादला

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बीती रात कोतवाल कायमगंज व मोहम्मदाबाद का आपस में तबादला कर दिया | कोतवाल मोहम्मदाबाद विनोद कुमार शुक्ला को कोतवाल कायमगंज बनाया गया है, जबकि कोतवाल कायमगंज मदन मोहन चतुर्वेदी को कोतवाल मोहम्मदाबाद बनाया गया है | एसपी नें सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह कार्यवाही की है |

शहीद रामनारायण आजाद के परिजनों से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपने जनपद दौरे के दौरान साहबगंज पहुंचकर क्रांतिकारी शहीद रामनारायण आजाद के निवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया तथा परिवारजनों का हालचाल जाना।
कार्यक्रम के दौरान शहीद के पौत्र बॉबी दुबे ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया और अपने दादा के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान एवं संघर्षों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर बॉबी दुबे ने अपनी लिखित पुस्तक “अग्नि गाथा के नायक शहीद राम नारायण आजाद” अजय राय को भेंट की, जिसे उन्होंने अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे साहित्य से नई पीढ़ी को देशभक्ति और इतिहास की सही जानकारी मिलती है।
अजय राय ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का योगदान देश की अमूल्य धरोहर है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शहीद रामनारायण आजाद जैसे वीरों के त्याग और बलिदान की वजह से ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रतिबद्ध रही है। इस दौरान उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऐसे महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेकर देश के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस मौके पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता, क्षेत्रीय नागरिक एवं गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और लोगों ने शहीद के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

अनिवार्य टीईटी के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन, निकाला बाइक जुलूस

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अनिवार्य टीईटी के विरोध में सोमवार को जनपद में शिक्षकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय शिक्षक महासंघ के बैनर तले सैकड़ों शिक्षक बाइक जुलूस में शामिल हुए और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
शिक्षकों ने टीईटी की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में इसे गोपनीय तरीके से लागू किया गया, जो पूरी तरह अनुचित है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों पर अब परीक्षा का दबाव डालना उनके साथ अन्याय है।
जुलूस के दौरान शिक्षकों ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की। उनका कहना था कि 20-25 वर्षों से सेवाएं दे रहे शिक्षक अब पुनः परीक्षा देने की स्थिति में नहीं हैं, ऐसे में उनकी नौकरी पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर अपनी आवाज उठाई। संयोजक भूपेश पाठक, अटेवा के प्रदेश संयुक्त मंत्री ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी आदि नें विचार रखे | इस दौरान आलोक त्रिवेदी, प्रवेश कटियार, जितेंद्र सिंह राठौर आदि प्रमुख रूप से रहे |

नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटा प्रशासन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना कादरी गेट क्षेत्र के आवास विकास इलाके में सोमवार सुबह कूड़े के ढेर में नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह कूड़ा उठाने पहुंचे एक सफाई कर्मचारी को कूड़े में पड़ा एक संदिग्ध डिब्बा दिखाई दिया। शक होने पर जब उसने डिब्बा खोला तो उसमें एक नवजात शिशु का शव रखा मिला। यह दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ रंजन गौतम भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात के शव को डिब्बे में बंद कर यहां फेंका है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के अस्पतालों और क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से जुड़े व्यक्ति की पहचान की जा सके। एसीएमओ रंजन गौतम ने बताया कि दोषी की पहचान होने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है और ऐसे मामलों को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।

अखिल भारत हिंदू महासभा नें मनाया 112 वां स्थापना दिवस

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अखिल भारत हिंदू महासभा का 112 वां स्थापना दिवस जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हिंदू महासभा फर्रुखाबाद टीम ने संगठन के संस्थापकों पंडित मदन मोहन मालवीय, नाथूराम गोडसे और वीर विनायक दामोदर सावरकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
जिलाध्यक्ष क्रांति पाठक ने बताया कि हिंदू महासभा की स्थापना 13 अप्रैल 1915 को की गई थी और यह देश के सबसे पुराने संगठनों में से एक है। उन्होंने कहा कि संगठन सदैव हिंदुत्व की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करता रहा है। फर्रुखाबाद से युवा प्रदेश सचिव दीपक शर्मा, युवा महामंत्री संतोष त्रिवेदी, महिला मोर्चा कार्यकारी जिलाध्यक्ष पुष्पा ठाकुर, नीरज, पंकज व नागेंद्र चौहान सहित कई कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
सौरभ मिश्रा ने कहा कि उन्हें हिंदू महासभा का कार्यकर्ता होने पर गर्व है। वहीं युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा ने कहा कि संगठन ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश में हिंदुत्व की भावना को मजबूत किया। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग 15 वर्षों से फर्रुखाबाद में हिंदुत्व के प्रचार-प्रसार का कार्य किया जा रहा है। गौरक्षा जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता गौ रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं और कई वर्षों से गौ सेवा के कार्य में लगे हुए हैं। आदित्त दीक्षित ने भी हिंदुत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि जब भी आवश्यकता होगी, संगठन के कार्यकर्ता एकजुट रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष संजीव राणा के नेतृत्व में हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने भाग लिया। अजय दुबे, अमन दुबे, संजय, आकाश कुमार, अवनीश कुमार व अश्विनी कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। उधर, राष्ट्रीय स्तर पर भी स्थापना दिवस को धूमधाम से मनाया गया।

बीजेपी नें अंबेडकर जयंती व नारी वंदन अधिनियम को लेकर बनी रणनीति

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)भारतीय जनता पार्टी के आवास विकास स्थित जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 14 अप्रैल को मनाई जाने वाली भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती एवं नारी वंदन अधिनियम 2026 के तहत होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि पार्टी निर्देशानुसार अंबेडकर जयंती को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि 15 से 18 अप्रैल के बीच पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष व शक्ति केंद्र संयोजक दलित बस्तियों में जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
14 अप्रैल को जनपद में जहां-जहां डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां स्वच्छता अभियान चलाकर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही दलित बहुल बूथों पर गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा। अंबेडकर जयंती पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत 16 अप्रैल को फर्रुखाबाद के गुड़गांव देवी मंदिर व कायमगंज के सीपी गेस्ट हाउस तथा 17 अप्रैल को भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के जहानगंज स्थित रामाधार कोल्ड स्टोरेज व अमृतपुर विधानसभा के ग्राम दहेलिया में संगोष्ठियां आयोजित होंगी, जिनमें प्रदेश स्तर से मुख्य वक्ता भाग लेंगे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि नारी वंदन अधिनियम 2026 के अंतर्गत 17 अप्रैल को कायमगंज व फर्रुखाबाद तथा 18 अप्रैल को अमृतपुर व भोजपुर विधानसभा क्षेत्रों में नारी शक्ति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रबुद्ध वर्ग की महिलाओं को अधिनियम की जानकारी दी जाएगी। साथ ही 15 से 17 अप्रैल के बीच पदयात्राएं भी निकाली जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह जिला व मंडल कमेटियों की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएगी, जिसमें अभियानों की समीक्षा की जाएगी। सभी गतिविधियों को सोशल मीडिया पर भी साझा किया जाएगा। प्रत्येक मंडल के लिए प्रवासी पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर कार्यक्रमों की तैयारियों और क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे।
बैठक में जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, गोपाल राठौड़, जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे, जितेंद्र सिंह, सर्वेश कुशवाहा, अशनील दिवाकर, अनुराग दुबे, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला मंत्री अनुराग सिंह, पंकज पाल, मनोज गंगवार, शिव मोहन सिंह, अभिषेक बाजपेई, प्रतिभा राजपूत, श्वेता दुबे, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता व जिला कार्यालय प्रभारी संजय सिंह रहे।

नोएडा में कर्मचारियों के हिंसक प्रदर्शन पर सीएम योगी सख्त,कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई 

0

लखनऊ:नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर प्राइवेट कंपनियों में बीते तीन दिनों से चल रहा कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन आज सुबह उग्र हो गया|इस दौरान गुस्साए लोगों ने अपनी मांगों को लेकर हंगामा किया और कई गाड़ियों को संपत्तियों को नुक़सान पहुंचाया,जिससे यातायात ठप हो गया है,श्रमिकों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा वो अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे| इस घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है|
सूबे के मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में बाधा लाने के लिए कुछ लोग अशांति फैलाने की साजिश रच रहे हैं।सीएम ने ऐसे लोगों को तत्काल सुधरने का सख्त निर्देश दिया है। यूपी पुलिस ने नोएडा विरोध प्रदर्शन के बारे में गलत जानकारी फैलाने वाले सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है।

मनमानी करने वाले निजी स्कूल बीजेपी के साथ: अजय राय

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद दौरे पर आये कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय प्रदेश सरकार के विरोध में जमकर बोले, उन्होंने कहा की अपनी मनमानी करने वाले निजी स्कूल भाजपा के साथ खडे हैं| जिससे आम जनता परेशान है | युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व पूर्व विधान सभा प्रत्याशी शुभम तिवारी की मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पंहुंचे प्रदेश अध्यक्ष अजय राय नें बताया की बीते वर्षो उन्हें पूर्व की सरकारों नें रासुका में सेन्ट्रल जेल में बंद किया था, उस समय भी शुभम तिवारी नें बहुत मदद की थी | उन्होंने कहा की बीते दिन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ आये थे, जहां दारोगा भर्ती को लेकर विरोध करने वाले लोगों को पुलिस नें गिरफ्तार कर लिया | सरकार नही चाहती की उसके पास शिकायत पंहुचे | उन्होंने आरोप लगाया की सरकार हर मामले में फेल है| मँहगाई पूरी तरह से बढ़ रही है, लोग अपने बच्चों की फीस तक जमा नही कर पा रहे | मनमानी करने वाले निजी स्कूल भाजपा के साथ हैं, डीजल-पेट्रोल मंहगा मिल रहा है | इस दौरान वह पूर्व महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुपमा वर्मा के पिता व भाई के निधन पर उनके घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की | सरकार कर रही शंकराचार्य का अपमान शंकराचार्य के मसले पर अजय राय नें कहा की वह पूज्जनीय हैं, वह गौमाता की आवाज उठा रहे हैं, जिससे सरकार उन्हें प्रताड़ित कर रही है | सरकार शंकराचार्य का अपमान कर रही है | इस दौरान पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद, प्रकाश प्रधान, जिलाध्यक्ष शकुंतला गौतम, डॉ. अरुण अग्निहोत्री, अर्चना राठौर, शहर अध्यक्ष अंकुर मिश्रा, अर्चित कश्यप, वरुण त्रिपाठी, इमरान अंसारी, आदि रहे|

ग्लोबल अस्पताल में संदिग्ध गैस रिसाब से भगदड़, अस्पताल कराया खाली, मारपीट का आरोप

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) रविवार शाम अचानक गैस रिसाब होने से अस्पताल में भगदड़ मच गयी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व पुलिस नें मरीजों और अस्पताल कर्मियों को बाहर निकाला| दरअसल थाना कादरी गेट के इटावा बरेली हाई-वे मसेनी चौराहें के निकट डॉ. कमलेश शर्मा व डॉ. पूनम शर्मा का अस्पताल है| रविवार शाम लगभग 6:30 बजे अचानक अस्पताल में कोई संदिग्ध गैस का रिसाब शुरू हुआ जिससे मरीजनों और अन्य लोगों को सांस लेंनें में तकलीफ शुरू हो गयी, जिससे अस्पताल में भगदड़ मच गयी, एक मरीज नें अपने साथ अस्पताल कर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया| सूचना मिलने पर अपर जिलाधिकारी रंजन गौतम, सीओ सिटी आदि पुलिस बल के साथ मौके पर पंहुचे| पुलिस नें मरीजों, तिमारदारों व अस्पताल कर्मियों को बाहर निकाल दिया | अधिकतर अस्पताल कर्मी मौके से खिसक गये| अस्पताल में गैस किस कारण निकली और गैस कौन सी थी उसे अभी प्रशासन की तरफ से साफ जबाब नही मिला है | सीओ अभय कुमार वर्मा नें बताया की मामले की जाँच की जा रही है | अस्पताल कर्मियों के द्वारा जो मारपीट का आरोप है उसकी तहरीर मिलने पर कार्यावाही होंगी |

बिजली मीटर धांधली पर बैठक, कम भीड़ से आयोजक निराश

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले में बिजली मीटरों में कथित धांधली और उपभोक्ताओं के साथ हो रही धोखाधड़ी के खिलाफ रविवार को पटेल पार्क में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भैयन मिश्रा के नेतृत्व में दोपहर करीब 3 बजे किया गया।
बैठक की सूचना पिछले एक सप्ताह से सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार साझा की जा रही थी। ऑनलाइन लोगों ने पहल का समर्थन भी किया, लेकिन वास्तविक कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी, जिससे आयोजक निराश नजर आए। बैठक को संबोधित करते हुए भैयन मिश्रा ने कहा कि यह कोई व्यक्तिगत कार्यक्रम नहीं था कि हर व्यक्ति को फोन कर बुलाया जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोगों ने बढ़-चढ़कर समर्थन जताया, लेकिन मौके पर उनकी उपस्थिति नहीं दिखी, जो चिंताजनक है। बैठक में करीब दो दर्जन लोग ही शामिल हुए। उपस्थित लोगों में अंगद पांडे, कोमल, प्रदीप तिवारी, अतुल गुप्ता, सनी बाथम, महेश चंद्र अग्निहोत्री, राजेश सिंह, धीरेंद्र कुमार पांडे, प्रिंस शुक्ला और निशु दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे। भैयन मिश्रा ने कहा कि बिजली मीटर से संबंधित किसी भी तरह की समस्या से पीड़ित उपभोक्ता उनके पास आ सकते हैं, उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे जनहित के मुद्दों पर आगे आकर एकजुटता दिखाएं।