Home Blog Page 24

तेज रफ्तार ट्रैक्टर से कुचलकर बाइक सबार की मौत

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) थाना कमालगंज क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम निनौरा शंखलापुर निवासी राम खिलाड़ी जाटव के 20 वर्षीय पुत्र सचिन के रूप में हुई है।
बताया गया है कि सचिन बुधवार देर शाम कमालगंज से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह ग्राम गढ़िया गंगाई के पास पहुंचा, तभी सामने से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर का पहिया बाइक के ऊपर से गुजर गया, जिससे सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कमालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल थाने के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. मानसिंह वर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, सचिन अहमदाबाद में निजी नौकरी करता था और दो दिन पहले ही घर आया था। वह अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि पिता की दूसरी शादी से दो बेटियां हैं। सचिन की असामयिक मौत से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कलेक्ट्रेट सभागार में 149 अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार दोपहर 12 बजे नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 149 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें 106 ईसीसीई एजूकेटर, 8 जिला परियोजना कार्यालय एवं ब्लॉक संसाधन केंद्रों से सम्बद्ध कार्मिक, 14 तकनीकी अनुदेशक तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के लिए 21 कार्मिक शामिल हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निष्ठा और परिश्रम के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर ने अभ्यर्थियों को ईमानदारी और लगन से कार्य करने की सीख दी। जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ईसीसीई एजूकेटर की भूमिका को प्रारंभिक शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य ने विद्यालयों के शैक्षिक स्तर पर संतोष व्यक्त करते हुए नवचयनित कार्मिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध शिक्षण कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा और सांसद मुकेश राजपूत ने भी सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन आकाश मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक नरेन्द्र पाल सिंह, इस दौरान जिला समन्वयक जितेन्द्र सिंह, जितिन रंजन मिश्रा रहे।

हिंदी ओलंपियाड में विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, 14 पदकों से विद्यालय गौरवान्वित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) हिंदी संस्थान द्वारा आयोजित हिंदी ओलंपियाड परीक्षा में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शानदार सफलता हासिल की है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में छात्रों ने कुल 7 स्वर्ण, 5 रजत एवं 2 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और हिंदी भाषा के प्रति उनके गहरे लगाव को दर्शाती है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी विद्यार्थियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अर्पित मिश्रा ने प्रभावशाली ढंग से किया। निदेशक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति और पहचान की आधारशिला है, जिसके संवर्धन के लिए सभी को सतत प्रयास करना चाहिए। एमडी ज्योत्स्ना अग्रवाल ने विद्यार्थियों को शुद्ध और प्रभावी हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि भाषा का ज्ञान व्यक्तित्व को निखारता है। उपनिदेशक अंजू राजे ने निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रभारी प्रधानाचार्य नवीन शाक्य ने कहा कि हिंदी ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताएं छात्रों की भाषाई दक्षता को विकसित करने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि में शिवानी मिश्रा, रणवीर सिंह, श्रवण कुमार मिश्रा और नंदिता जैन सहित समस्त शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

लकड़ी का खोखा हटाने को लेकर विवाद, नगर पालिका ने दी चेतावनी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला छावनी में दो पड़ोसियों के बीच लकड़ी का खोखा रखने को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद आखिरकार प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ।
मोहल्ला छावनी निवासी कुंती देवी, पत्नी नरेश बाथम के अनुसार उनके दरवाजे के बाहर पिछले लगभग पांच वर्षों से एक लकड़ी का खोखा रखा हुआ था। इसी को लेकर उनके पड़ोसी सोनपाल, पुत्र शंकर लाल कोहली ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर नगर पालिका कर्मचारी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे और खोखा हटवाने का प्रयास किया। इस दौरान कुंती देवी और पुलिस के बीच कहासुनी भी हुई। नगर पालिका कर्मियों द्वारा खोखा जब्त करने और जुर्माना लगाने की बात कही गई, जिसके बाद कुंती देवी ने नगर पालिका के सहयोग से स्वयं ही अपना खोखा हटा लिया।
मौके पर मौजूद नगर पालिका और पुलिस टीम ने क्षेत्रवासियों को सख्त चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कुबेरपुर घाट पर मिला नर कंकाल, 7 माह पुराने लापता चौकीदार से जुड़ रहा मामला

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर घाट पर उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों को बालू में दबा एक नर कंकाल दिखाई दिया। जानकारी के अनुसार, मछुआरे गंगा किनारे मछली पकड़ रहे थे, तभी उनकी नजर बालू में आधे दबे कंकाल पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही उनमें हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल चौकीदार के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। वहीं, थाना मऊ दरवाजा प्रभारी निरीक्षक अजब सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में कंकाल का कुछ हिस्सा मिट्टी और बालू में दबा पाया गया, जिसे सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कराई गई।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब सात माह पूर्व इसी क्षेत्र से लगभग एक किलोमीटर दूर एक चौकीदार बाढ़ के दौरान लापता हो गया था। उस समय पुलिस ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इस मामले में थाना मऊ दरवाजा में गुमशुदगी दर्ज होने के साथ ही दो लोगों के खिलाफ मुकदमा भी कायम किया गया था।
अब बरामद कंकाल को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं कि यह उसी लापता चौकीदार का हो सकता है। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा।
प्रभारी निरीक्षक अजब सिंह ने बताया कि कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और पहचान सुनिश्चित करने हेतु डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

भैंसा चोरी के विवाद में युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उलियापुर में भैंसा चोरी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दबंगों के हमले में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल को बांकेलाल पुत्र इंदर का भैंसा चोरी हो गया था। इस मामले में परिजनों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर राजवीर, पुष्पेंद्र, जितेंद्र और सुनील सहित अन्य लोगों पर शक जताया था। आरोप है कि पुलिस ने मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की और प्रमाण लाने की बात कहकर टाल दिया।
बताया गया कि बाद में मेहंदियावली के पास संजय अग्रवाल ने बांकेलाल और राजकुमार को सीसीटीवी कैमरा चेक करने के बहाने अपने गोदाम पर बुलाया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद विपक्षी पक्ष के लोगों—शकुंतला, पुष्पेंद्र, जितेंद्र, सुनील और करण समेत अन्य ने दोनों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में राजकुमार किसी तरह मौके से भाग निकले, जबकि गंभीर रूप से घायल बांकेलाल को कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए करन पुत्र राजवीर, पुष्पेन्द्र पुत्र राजवीर एवं पूनम पत्नी शनि निवासी ग्राम उलियापुर, कोतवाली कायमगंज, जनपद फतेहगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अंबेडकर जयंती पर कलेक्ट्रेट में गोष्ठी, डीएम ने दी श्रद्धांजलि

फर्रुखाबाद(जेएनआई ब्यूरो) भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जेएनवी तिराहे पर स्थित अंबेडकर प्रतिमा एवं कलेक्ट्रेट सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्षों और भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. आंबेडकर ने समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया और आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
उन्होंने कहा कि सभी लोगों को उनके साहित्य का अध्ययन करना चाहिए, क्योंकि उनके विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और बंधुत्व की दिशा में प्रेरित करते हैं। साथ ही उन्होंने आह्वान किया कि बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर सामाजिक समरसता और न्याय को मजबूत किया जाए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला आबकारी अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

पांचाल घाट पुल के नीचे लगी आग, किराना दुकान व झोपड़ी राख

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर के पांचाल घाट क्षेत्र में गंगा पुल के नीचे देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर एक किराने की दुकान और पास की झोपड़ी जलकर पूरी तरह राख हो गई। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुल के नीचे अमेठी निवासी बलवीर की किराने की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया। आग की तेज लपटें पास में बनी नारद निवासी पांचाल घाट की झोपड़ी तक पहुंच गईं, जिससे झोपड़ी में रखा सामान भी जल गया और भारी नुकसान हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
घटना के बाद दुकानदार बलवीर ने एक पड़ोसी पर आग लगाने का आरोप लगाया है। वहीं पांचाल घाट चौकी इंचार्ज मोहित मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्ष नशे की हालत में थे और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस के अनुसार, आग पर देर रात ही काबू पा लिया गया था, लेकिन नुकसान काफी अधिक हुआ है।

अम्बेडकर जयंती पर बीजेपी के जिले भर मे कार्यक्रम

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मंडल, बूथ, शक्ति केंद्र और विधानसभा स्तर पर अंबेडकर प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया, साथ ही कई स्थानों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने भोजपुर विधानसभा के जहानगंज मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत महरूपुर बीजल में अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक समरसता का संदेश देकर देश को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और नई पीढ़ी को उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि जनपद में जयंती को उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है और कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर रहे हैं।
जिलाध्यक्ष ने ग्राम पंचायत नगरीया देवधारापुर में भी कार्यकर्ताओं के साथ अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया। वहीं ग्राम अजमतपुर में आयोजित कार्यक्रम में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने बाबासाहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे केवल विधिवेत्ता ही नहीं, बल्कि महान समाजशास्त्री और अर्थशास्त्री भी थे। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर सरकार वंचित और पीड़ित वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
अमृतपुर स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक ने उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष नीरज अवस्थी ने की। जिला मंत्री अनुराग सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान ने देश को लोकतांत्रिक ढांचा प्रदान किया और सामाजिक न्याय की नींव मजबूत की।
कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चिलौली में पूर्व राज्य महिला आयोग सदस्य डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब ने समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य किया और उनके आदर्शों पर चलकर ही समावेशी समाज का निर्माण संभव है। इसके अलावा कमालगंज ब्लॉक के ग्राम खुदागंज में जिला मंत्री शिव मोहन सिंह ने अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। वहीं आवास विकास स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
जनपद भर में आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर बाबासाहेब को नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

दिनदहाड़े टप्पेबाजी: महिला को बहला-फुसलाकर ले उड़े कुंडल

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कस्बा मोहम्मदाबाद में दिनदहाड़े टप्पेबाजी की वारदात ने लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। संकिसा रोड स्थित सब्जी मंडी के पास सोमवार दोपहर करीब 2 बजे दो शातिर ठगों ने पार्सल का झांसा देकर एक महिला से करीब 7 ग्राम सोने के कुंडल ठग लिए और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नगला सबल निवासी किशन पाल की पत्नी रेखा देवी अपने एक रिश्तेदार को फर्रुखाबाद में देखकर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान जब वह संकिसा रोड स्थित सब्जी मंडी से खरीदारी कर आगे बढ़ीं, तभी दो अज्ञात युवक उनके पीछे लग गए और बातचीत शुरू कर दी।
आरोपियों ने खुद को कानपुर जाने वाला बताकर महिला को भरोसे में लिया। उन्होंने एक पार्सल दिखाते हुए दावा किया कि उसमें काफी पैसे हैं, लेकिन उनके पास किराए के लिए नकदी नहीं है। विश्वास दिलाने के लिए उन्होंने पार्सल को थोड़ा फाड़कर उसमें से 500 रुपये का नोट निकालकर दिखाया और आपस में लेन-देन का नाटक भी किया।
इसके बाद ठगों ने महिला को लालच और भरोसे के जाल में फंसाते हुए कहा कि पार्सल सुरक्षित रखने के लिए वह अपने कुंडल उतारकर रुमाल में बांध लें। महिला के सामने ही कुंडल बांधने का नाटक किया गया, लेकिन चालाकी से उसमें कुंडलों की जगह बोतल का ढक्कन रखकर रुमाल वापस थमा दिया गया। साथ ही नकली पार्सल भी महिला के हाथ में दे दिया गया।
करीब एक घंटे तक आरोपियों के वापस न आने पर महिला को शक हुआ। जब उन्होंने पार्सल खोला तो उसमें केवल 20 रुपये का नोट और कागज के टुकड़े मिले। इसके बाद ठगी का एहसास होने पर उन्होंने परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में महिला के साथ दो संदिग्ध व्यक्तियों की बातचीत करते हुए तस्वीरें सामने आई हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामला गंभीर है और टीम लगाकर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।