कुबेरपुर घाट पर मिला नर कंकाल, 7 माह पुराने लापता चौकीदार से जुड़ रहा मामला

0
275

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर घाट पर उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों को बालू में दबा एक नर कंकाल दिखाई दिया। जानकारी के अनुसार, मछुआरे गंगा किनारे मछली पकड़ रहे थे, तभी उनकी नजर बालू में आधे दबे कंकाल पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही उनमें हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल चौकीदार के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। वहीं, थाना मऊ दरवाजा प्रभारी निरीक्षक अजब सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में कंकाल का कुछ हिस्सा मिट्टी और बालू में दबा पाया गया, जिसे सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कराई गई।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब सात माह पूर्व इसी क्षेत्र से लगभग एक किलोमीटर दूर एक चौकीदार बाढ़ के दौरान लापता हो गया था। उस समय पुलिस ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इस मामले में थाना मऊ दरवाजा में गुमशुदगी दर्ज होने के साथ ही दो लोगों के खिलाफ मुकदमा भी कायम किया गया था।
अब बरामद कंकाल को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं कि यह उसी लापता चौकीदार का हो सकता है। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा।
प्रभारी निरीक्षक अजब सिंह ने बताया कि कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और पहचान सुनिश्चित करने हेतु डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]