Home Blog Page 23

शहर में शत प्रतिशत बिजली सप्लाई का लक्ष्य, जर्जर तारों की जगह ‘बंच’ बिछाने का प्रस्ताव

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए 2026-27 के नए बिजनेस प्लान में व्यापक प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। सदर विधायक सुनील दत्त द्विवेदी (मेजर) द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में जिले में 100 प्रतिशत बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ जर्जर नंगे तारों की जगह एबीसी (एरियल बंच केबल) लाइन बिछाने पर विशेष जोर दिया गया है। इस योजना के लागू होने से उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ेगी, नए भी लगेंगे
फतेहगढ़ व भोलेपुर क्षेत्र में 21 ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है, जिनमें एमडी कोल्ड के पास, बघार, नगला कलार, सातनपुर, कोटा टावर, नारायणपुर, भोपत पट्टी, न्यू गुंजन विहार, सेंट्रल जेल, हसन बाग, नगला नैन, जेएनबी रोड, भूसा मंडी, छिमराबऊ अड्डा और गीतापुरम शामिल हैं। वहीं नेकपुर चौरासी, कनपटियापुर, होमगार्ड ऑफिस और ग्रानगंज सहित 8 नए ट्रांसफॉर्मर भी लगाए जाएंगे।
लकूला और पांचालघाट क्षेत्र में 16 ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने के साथ 7 नए ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों में 14 अन्य ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि और 2 नए ट्रांसफॉर्मर लगाने की योजना बनाई गई है।
90 किलोमीटर से अधिक एबीसी केबल बिछेगी
योजना के तहत शहर के अलग-अलग मोहल्लों और गलियों में बड़े पैमाने पर एबीसी केबल डाली जाएगी। फतेहगढ़-भोलेपुर क्षेत्र में 30.34 किमी, लकूला-पांचालघाट में 35.96 किमी और अन्य क्षेत्रों में 24.15 किमी एबीसी केबल बिछाने का प्रस्ताव है। कुल मिलाकर लगभग 90.45 किमी जर्जर नंगे तारों को बदलकर कवर्ड केबल डाली जाएगी, जिससे हादसों का खतरा काफी कम होगा।
नई लाइन और पुरानी लाइन में सुधार
इसके साथ ही 5.4 किमी लंबी 33 केवी नई लाइन ठंडी सड़क, रेलवे रोड, आईटीआई चौराहा सहित प्रमुख मार्गों पर डाली जाएगी। वहीं 11 केवी लाइन में 3.4 किमी तक वीजल से रैबिट कंडक्टर बदलने का कार्य भी प्रस्तावित है। बेवर रोड स्थित 132 केवी पावर हाउस से ठंडी सड़क तक जाने वाली पुरानी लाइन, जो लगभग 500 घरों के ऊपर से गुजरती है, उसे अब सीधे पावर हाउस से जोड़ा जाएगा। इससे क्षेत्र में संभावित खतरे को समाप्त किया जा सकेगा।
जल्द मंजूरी के प्रयास, हजारों को मिलेगा लाभ
विधायक सुनील दत्त द्विवेदी ने बताया कि इस योजना को जल्द स्वीकृति दिलाने के लिए प्रदेश के ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव और सीएमडी से वार्ता की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में प्रस्तावित दो बिजलीघर तेजी से निर्माणाधीन हैं और इसी वर्ष पूरे हो जाएंगे, जिससे करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इस नई योजना के लागू होने से फर्रुखाबाद में बिजली व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।

भाजपा का डॉ. अंबेडकर सम्मान अभियान’ कार्यक्रम आयोजित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शुक्रवार को अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दहेलिया स्थित अमृत सरोवर के पास भैरव मंदिर परिसर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता सलेमपुर मंडल अध्यक्ष लालू राजपूत ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।
मुख्य वक्ता लाखन सिंह राजपूत ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि महामानव थे, जिन्होंने समाज के गरीब, पिछड़े, दलित और वंचित वर्ग को न्याय दिलाने के लिए संविधान की रचना की। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति को ऊंचाई तक पहुंचाती है। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने डॉ. अंबेडकर को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके सम्मान में कई महत्वपूर्ण कार्य किए और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का काम किया।
अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार सामाजिक समानता, शिक्षा, न्याय और स्वतंत्रता पर आधारित हैं। जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बाथम ने शिक्षा को सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि वंचित वर्ग के उत्थान के लिए शिक्षा जरूरी है। पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य ने महिलाओं के अधिकारों के लिए डॉ. अंबेडकर के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर जिला मंत्री पंकज पाल, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत, अनुसूचित मोर्चा मंडल अध्यक्ष विष्णु लाल जाटव, मंडल मंत्री परमजीत कौर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर डॉ. अंबेडकर के विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।

सीएमओ पर नियम विरुद्ध चार्ज देने का आरोप, करोड़ों के गोलमाल की शिकायत

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) पर शासन की नियमावली के विरुद्ध कार्य करने और वित्तीय अनियमितताओं को बढ़ावा देने के आरोप लगे हैं। इस संबंध में बदायूं जनपद के निवासी नरसिंह पुत्र विशाल सिंह ने लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग उठाई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि सीएमओ अवनेन्द्र कुमार ने नियमों को दरकिनार करते हुए सीएमएसडी (केंद्रीय चिकित्सा भंडार) स्टोर का चार्ज अपने ही सजातीय उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश चन्द्र माथुर को दे रखा है, जबकि शासन की नियमावली के अनुसार यह पद अपर मुख्य चिकित्साधिकारी के लिए आरक्षित है। खास बात यह है कि सीएमओ कार्यालय में दो अपर मुख्य चिकित्साधिकारी तैनात होने के बावजूद उन्हें यह जिम्मेदारी नहीं दी गई।
आरोप में यह भी कहा गया है कि उक्त व्यवस्था के चलते करोड़ों रुपये के गोलमाल और अनियमितताओं की आशंका है। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि संबंधित अधिकारी अपनी पसंदीदा फर्मों से लेनदेन कर निजी लाभ पहुंचा रहे हैं, जिससे सरकारी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
बताया गया कि इस मामले की शिकायत 23 मार्च 2026 को जिलाधिकारी से भी की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे शिकायतकर्ता ने उच्च स्तर पर हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रार्थी ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री, तथा प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) को भी मामले की प्रतिलिपि भेजते हुए निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

देर रात शराब ठेके पर विवाद, सेल्समैन की पिटाई—तीन पर मुकदमा दर्ज

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली क्षेत्र में देर रात शराब ठेके पर विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में ठेके पर तैनात सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नितिगंजा निवासी राजन गुप्ता पुत्र अशोक कुमार गुप्ता ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके भाई अमन गुप्ता के नाम से लालसराय में कंपोजिट शराब ठेका संचालित है। ठेके पर हरदोई निवासी अतुल यादव पुत्र रामकुमार सेल्समैन के रूप में कार्यरत है।
आरोप है कि देर रात कमल हसन पुत्र मुन्ना निवासी डवग्राम और तस्लीम पुत्र अली मोहम्मद निवासी खटकपुरा अपने साथियों के साथ शराब लेने पहुंचे। इस दौरान सेल्समैन अतुल यादव ने निर्धारित समय समाप्त होने की बात कहते हुए दुकान बंद होने की जानकारी दी।
इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि तस्लीम व उसके साथियों ने मिलकर अतुल यादव के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद मामले की तहरीर पुलिस को दी गई, जिस पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फार्मर रजिस्ट्री पर जोर, डीएम ने दिए सख्त निर्देश-बिना रजिस्ट्री नहीं होगी गेहूं खरीद

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि और सहकारिता विभाग से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया और गेहूं खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाने पर मंथन किया गया।
बैठक के दौरान उप कृषि निदेशक अरविन्द मोहन मिश्र ने जानकारी दी कि जनपद में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद के लिए विभिन्न क्रय केंद्र संचालित हैं, लेकिन इन केंद्रों पर केवल वही किसान अपना गेहूं बेच सकेंगे, जिन्होंने फार्मर रजिस्ट्री पूरी कर ली है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की कि समितियों से जुड़े हर किसान की शत-प्रतिशत रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को परेशानी न हो।
इस दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को फार्मर रजिस्ट्री बनाने का प्रशिक्षण भी दिया गया। सभी के मोबाइल में “फार्मर सहायक एप” इंस्टॉल कराया गया और मौके पर ही रजिस्ट्री बनाकर पूरी प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि किसान स्वयं, जनसेवा केंद्र या फार्मर सहायक एप के जरिए आसानी से फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। इसके लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर, आधार संख्या और खतौनी की जरूरत होगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी गेहूं क्रय केंद्र पर बिना रजिस्ट्री वाला किसान पहुंचता है, तो उसकी मौके पर ही रजिस्ट्री कराकर गेहूं की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें।

दरोगा पर कार्रवाई की मांग तेज, सभासदों ने पुलिस बहिष्कार का किया ऐलान

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) वार्ड नंबर 4 नानक नगर की सभासद निर्मला देवी के प्रतिनिधि श्याम के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर जनपद के सभासदों में भारी रोष व्याप्त है और आरोपी दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि बीते दिनों कोतवाली फतेहगढ़ में तैनात दरोगा मिथिलेश कुमार यादव पर निर्माण कार्य के दौरान काफिले को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उन्होंने श्याम के साथ कथित तौर पर मारपीट की और पुलिस कार्रवाई भी की। इस घटना से नाराज सभासदों ने एकजुट होकर विरोध का मोर्चा खोल दिया है।
इसी क्रम में गुरुवार को नूनहाई स्थित एक धर्मशाला में सभासदों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए और सभी ने एक स्वर में दरोगा के निलंबन की मांग की। सभासदों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे पुलिस का सहयोग नहीं करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल तिवारी ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो मामले को मुख्यमंत्री स्तर तक उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में सभासद अतुल शंकर दुबे, असलम अंसारी, रफी अंसारी, अभिषेक अग्निहोत्री उर्फ डब्बू, शशांक शेखर सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर आरोपी दरोगा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई। मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और अब लोगों की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

तिलक समारोह में अवैध तमंचे से हर्ष फायरिंग युवक घायल

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) खुशी के मौके पर की गई लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव चाचूपुर जटपुरा में आयोजित तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में चली गोली सगे भाई के सीने में जा लगी, जिससे समारोह का माहौल अचानक मातम में बदल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामसनेही के पुत्र नन्हेलाल के तिलक कार्यक्रम में गांव और बाहर से आए मेहमान शामिल थे। देर रात तक भोजन और कार्यक्रम का दौर चल रहा था। इसी बीच नन्हेलाल के भाई सुधीर उर्फ भोले ने अवैध देसी तमंचे से फायर कर दिया। गोली सीधे उसके भाई विपिन के सीने में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना से अफरा-तफरी मच गई और परिजन व मौजूद लोग घायल को तुरंत अस्पताल ले गए। बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 12 बजे के आसपास की है।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हर्ष फायरिंग और अवैध हथियार के प्रयोग को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक श्याम बाबू की ओर से आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि अदालतों और सरकार द्वारा हर्ष फायरिंग पर सख्त रोक के बावजूद इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो लोगों की जान के लिए खतरा बनती जा रही हैं। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में वृद्ध की मौत, पत्नी घायल

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय राम सेवक यादव अपनी पत्नी 60 वर्षीय पुष्पा देवी के साथ बाइक से ससुराल जा रहे थे। जैसे ही वे खुम्मरपुर स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
Hhh666टक्कर इतनी भीषण थी कि राम सेवक यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी पुष्पा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें तत्काल बरौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजब सिंह और हथियापुर चौकी इंचार्ज विनीत त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि दूसरी बाइक पर सवार युवक सुमित कश्यप और उमेश सक्सेना, थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम पतेउरा निवासी हैं। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

विवाहिता की संदिग्ध मौत: ट्रेन से कटने की बात, पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुरुआती तौर पर महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत बताई जा रही है, लेकिन मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
घटना थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के समाधान नगरा की है। हरदोई जनपद के धर्मपुर मड़ैया निवासी विराग बाबू ने थाने में सूचना दी कि उनकी बेटी निधि (पत्नी आदेश यादव, निवासी नगला समाधान) की मौत हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार निधि की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई।
हालांकि, मृतका के पिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी के साथ लगातार मारपीट की। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि अतिरिक्त दहेज न मिलने पर निधि की हत्या कर दी गई। पिता के अनुसार, शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी और निधि का डेढ़ साल का एक पुत्र भी है।
विराग बाबू ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। कुछ धनराशि देने के बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना से पहले उन्हें फोन कर बेटी को ले जाने के लिए कहा गया था। उनका कहना है कि रात में निधि के साथ मारपीट की गई और बाद में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मामले में हथियापुर चौकी इंचार्ज पंकज कुमार ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से प्रतीत हो रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बारात का सामान लेने गए युवक की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर घायल

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता)थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारात का सामान लेकर लौट रहे दो बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, उधरनपुर लीलापुर निवासी 20 वर्षीय चमन पुत्र वीरेंद्र और उसका साथी पृथ्वी पुत्र राम सिंह, गूजरपुर गहलवार में धनपाल की बेटी की बारात में शामिल होने आए थे। बारात में कुछ सामान कम पड़ जाने पर दोनों युवक बाइक से अमृतपुर कस्बा सामान लेने गए थे। वापस लौटते समय कस्बे के हनुमान मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि चमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पृथ्वी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से पहले राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। चमन पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि युवक ने हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।