फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) थाना कमालगंज क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम निनौरा शंखलापुर निवासी राम खिलाड़ी जाटव के 20 वर्षीय पुत्र सचिन के रूप में हुई है।
बताया गया है कि सचिन बुधवार देर शाम कमालगंज से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह ग्राम गढ़िया गंगाई के पास पहुंचा, तभी सामने से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर का पहिया बाइक के ऊपर से गुजर गया, जिससे सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कमालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और
घायल युवक को तत्काल थाने के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. मानसिंह वर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, सचिन अहमदाबाद में निजी नौकरी करता था और दो दिन पहले ही घर आया था। वह अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि पिता की दूसरी शादी से दो बेटियां हैं। सचिन की असामयिक मौत से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर से कुचलकर बाइक सबार की मौत




