फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) रोडवेज बस अड्डे पर चालकों और परिचालकों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन बसों को पहले नंबर पर लगाने को लेकर झगड़े और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं।
शुक्रवार शाम एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया, जब दिल्ली जाने वाली दो रोडवेज बसों के चालक और परिचालक आपस में भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बस फर्रुखाबाद डिपो की थी, जबकि दूसरी बुद्ध विहार डिपो की। स्टैंड पर पहले नंबर को लेकर शुरू हुई कहासुनी जल्द ही गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई।
दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। इस दौरान बसों के आपस में टकराने और रगड़ लगने की बात भी सामने आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी तीन दिन पूर्व इसी तरह का विवाद हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चालक और परिचालक एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
हैरानी की बात यह रही कि बस स्टॉप के पास ही रोडवेज पुलिस चौकी मौजूद होने के बावजूद समय रहते कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के दौरान पुलिसकर्मी मौके पर थे, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। हर बार की तरह इस बार भी मामला आपसी सहमति से निपटा लिया गया। पहले फर्रुखाबाद डिपो की बस को रवाना किया गया, इसके बाद बुद्ध विहार डिपो की बस को स्टैंड से भेजा गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
बस स्टॉप पर फिर भिड़े चालक-परिचालक, मारपीट का वीडियो वायरल




