फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरौर में जमीनी विवाद ने एक बार फिर उग्र रूप ले लिया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वायरल वीडियो में एक वृद्ध व्यक्ति हाथ में भाला लेकर खुलेआम लहराते हुए लोगों को धमकाता नजर आ रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को
लेकर विवाद चला आ रहा है। गुरुवार को इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के दौरान मामला बढ़ गया। आरोप है कि एक पक्ष का वृद्ध व्यक्ति भाला लेकर आक्रामक हो गया। मौके पर मौजूद पीड़ित परिवार ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि आरोपी के खिलाफ न तो मुकदमा दर्ज हुआ और न ही कोई सख्त कदम उठाया गया, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं। परिजनों
ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी का पुत्र थाने में पहुंचकर दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है, जिससे निष्पक्ष कार्रवाई प्रभावित हो रही है। पीड़ित परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई, तो विवाद और हिंसक रूप ले सकता है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे लोगों में असंतोष व्याप्त है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन कब तक कार्रवाई करता है और पीड़ित पक्ष को न्याय मिल पाता है।
भूमि विवाद में भाला लहराने का वीडियो वायरल




