सांपसीढ़ी के माध्यम से मलेरिया से बचाव के सिखाये गुर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में चल रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया, फाइलेरिया समेत अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ ही डायरिया नियंत्रण को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता गांव-गांव और मोहल्लों में जाकर लोगों को जरूरी जानकारी दे रहे हैं।
गुरुवार को मोहल्ला चिलपुरा स्थित नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. शोभा सक्सेना की अध्यक्षता में महिला आरोग्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित महिलाओं और स्थानीय लोगों को डायरिया की रोकथाम, टीकाकरण, आयुष्मान योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
डॉ. शोभा सक्सेना ने सांप-सीढ़ी के खेल के माध्यम से रोचक तरीके से समझाया कि बच्चों की सही देखभाल कितनी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों की परवरिश में जरा सी लापरवाही उन्हें डायरिया जैसी गंभीर बीमारी की चपेट में ला सकती है।
उन्होंने बताया कि यदि बच्चे को दिन में दो से तीन बार से अधिक पतले दस्त हो रहे हों, तो तुरंत नजदीकी आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें। आशा द्वारा दी जाने वाली जिंक की गोली और ओआरएस घोल को निर्धारित मात्रा में जरूर दें, ताकि बच्चे के शरीर में पानी की कमी न हो।
बैठक में पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) के अनुपम मिश्र, एएनएम योगेंद्रवती, महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष उर्मिला, आशा कार्यकर्ता प्रीति चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।