फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) थाना कमालगंज क्षेत्र में युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
थाना क्षेत्र के ग्राम नगला टिकार निवासी प्रदीप कुमार ने दर्ज कराये गये मुकदमें में बताया कि उसका छोटा भाई शिवा ठाकुर (20) 19 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे घरेलू सामान लेने कमालगंज बाजार जा रहा था। रास्ते में गंगा गली स्थित हनुमान मंदिर के पास मक्कू नगला रोड पर पहले से मौजूद अमन वर्मा, कुनाल, कुँवरपाल व योगेश ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान अमन वर्मा ने
जान से मारने की नीयत से शिवा ठाकुर पर गोली चला दी, जो उसके बाएं हिस्से में जा लगी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है| पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।
युवक को गोली मारकर घायल करने में मुकदमा
फर्रुखाबाद में विकास का उत्सव, 9 दिवसीय मेला और प्रदर्शनी शुरू
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) केन्द्र सरकार के 11 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऑफीसर्स क्लब, फतेहगढ़ में 09 दिवसीय प्रदर्शनी व मेला एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह ने किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सूचना विभाग द्वारा स्थापित “नवनिर्माण के 9 वर्ष” विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत आयोजित चित्रकला
प्रतियोगिता के विजेताओं को क्रमशः 51 हजार, 21 हजार व 11 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। साथ ही खेल विभाग द्वारा आयोजित ओपन स्टेट आमंत्रण पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त भारत कौशल प्रतियोगिता 2025-26 में रजत पदक प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के 10 लाभार्थियों को सहायता राशि, ग्राम रामपुर डफरपुर के 10 लोगों को घरौनी, तथा कृषि यांत्रिकीकरण योजना
के तहत एक लाभार्थी को किसान ड्रोन व एक को ट्रैक्टर प्रदान किया गया। मत्स्य विभाग की योजनाओं के अंतर्गत भी लाभार्थियों को सहायता दी गई, वहीं बाबा साहब आंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना के तहत भैंस पालन के लिए सब्सिडी वितरित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्ष और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के 09 वर्ष पूरे होने पर सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे प्रदेश में विकास और सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है। उन्होंने निवेश, रोजगार, महिला सुरक्षा और पारदर्शिता को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
इस दौरान लोक कलाकारों ने जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लोकगायन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने मीडिया को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी तथा उनके सवालों के जवाब दिए। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक डॉ. सुरभि, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह रहे।
भगवान झूलेलाल जन्मोत्सव व चेटीचंड पर्व धूमधाम से मनाया गया
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)सिंधी समाज द्वारा भगवान श्री झूलेलाल का जन्मोत्सव एवं चेटीचंड पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। प्रातःकाल भगवान झूलेलाल का महास्नान कराया गया तथा बहिराणा साहब के रूप में ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। समाज के लोगों ने एक-दूसरे को सिंधी नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। सभी ने सिंधी समाज की एकता, परिश्रम और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।
इसके बाद भगवान श्री झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बहिराणा साहब (अमर ज्योति) को श्रद्धालुओं ने सिर पर धारण कर गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डांडिया नृत्य के साथ नगर के प्रमुख मार्गों—पक्का पुल, किराना बाजार, चौक, रेलवे रोड—से होते हुए सिंधु मैदान (सिंधी कॉलोनी) तक यात्रा निकाली। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
सिंधु मैदान (सिंधी कॉलोनी) में पांचाल घाट दुर्वासा आश्रम के महंत ईश्वर दास ब्रह्मचारी ने भगवान झूलेलाल का माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर सभी को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं एवं समाजसेवियों को शॉल, स्मृति चिन्ह, पुष्प एवं मोतियों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनके दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
सायंकाल पुनः शोभायात्रा सिंधु मैदान से भगवान झूलेलाल की झांकी के साथ निकाली गई, जिसमें युवाओं और युवतियों ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। रेलवे रोड स्थित संगम स्टूडियो पर संस्कार भारती के पदाधिकारियों ने पुष्प वर्षा व आरती कर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान प्रांतीय महामंत्री सुरेंद्र पाण्डेय, अध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह, नवीन मिश्र (नव्वू भइया), गौरव मिश्रा (बंटी), अरविंद दीक्षित, कुलभूषण श्रीवास्तव, संजय गर्ग, नरेंद्र मिश्र, रविंद्र भदौरिया, अनुराग पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत करते हुए अंत में पांचाल घाट पर दीपदान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।कार्यक्रम में मुखिया आत्माराम दवानी, ईश्वर दास शिवानी, सुंदर दास, टाइगर पंडित, संजय शर्मा, रणवीर सिंह परिहार (पूर्व प्रधानाचार्य), डॉ. नवनीत गुप्ता, डॉ. ज्योति गुप्ता, हिन्दू महा सभा युवा प्रदेश उपाध्यक्ष विमलेश मिश्रा, रजनी लैगवानी, अनिल मिश्रा, राजेश हजेला, प्रभु दयाल जेठानी, दिनेश शिवानी, रमेश चन्द्र औचानी, नरेश बचानी, सोनी जेठवानी, दिनेश बुधवानी, दीपक गरवानी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ईद की चमक से बाजार गुलजार, उमड़ी भीड़
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) ईद का त्योहार शनिवार को मनाया जाएगा। ईद-उल-फितर का पर्व को लेकर उत्साह है, शहर की बाजारों में भी चहल-पहल खासी बढ़ गई है। शहर के प्रमुख बाजारों की दुकानों पर हर तरफ खरीदारों की भीड़ नजर आ रही है। ईद को शानदार ढंग से मनाने के लिए लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
ईद पर नए परिधान पहनना अच्छा माना जाता है। बड़े लोग छोटों को बतौर ईदी उपहार भी देते हैं। बाजार में इस बार ईद पर रंग-बिरंगी आकर्षक टोपियों की खास तौर पर मांग ज्यादा है। 30 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की टोपी बाजार में उपलब्ध है। महिलाएं सौंदर्य प्रसाधन से जुड़ी चूड़ी, कंगन, बिंदी इत्यादि के साथ रेडीमेड कपड़ों की खरीदारी में जुटी दिखी। ईद पर बनने वाली सेवई की बिक्री भी बढ़ी है। बाजार में बनारसी के अलावा कई अन्य तरह की सेवई खूब बिक रही है। दुकानदार निसार अहमद ने बताया कि इस साल सेवई 80 से 200 रुपये प्रति किलो में बिक रही है। सूतफेनी की कीमत 100 रुपये से लेकर लगभग160 रुपये प्रति किलो है|
पूर्व सपा विधायक विजय सिंह की पत्नी दमयंती सिंह नें साजिश का लगाया आरोप
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पूर्व सपा विधायक विजय सिंह की पत्नी दमयंती सिंह ने प्रेस वार्ता कर हालिया विस्फोट मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि “यह हमारी राजनीतिक लड़ाई है और पूरी घटना एक साजिश के तहत की गई है, जिसमें हमारे परिवार को फंसाया जा रहा है।”
दमयंती सिंह ने बताया कि घटना 17 मार्च की शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच हुई, जबकि 18 तारीख को विधायक से जुड़े मामले की सुनवाई प्रस्तावित थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि “आखिर घटना एक दिन पहले ही क्यों हुई, यह अपने आप में संदेह पैदा करता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच अभी जारी है, लेकिन उससे पहले ही पुत्रों पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि घटना
के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने भी मौके पर किसी प्रकार के विस्फोटक या बारूद की गंध न होने की बात कही थी। दमयंती सिंह के अनुसार, उनके दोनों पुत्र घटना के समय गंभीर रूप से घायल हो गए थे और आईसीयू में भर्ती थे, जिसके चलते वे बयान देने की स्थिति में नहीं थे। 19 तारीख को होश में आने के बाद छोटे बेटे ने बताया कि वह घर में लाइट जलाने के लिए तहखाने में गया था, जहां उसे कुछ गंध महसूस हुई। इसके बाद दोनों बच्चों ने गैस सिलेंडर की जांच की और माचिस जलाकर देखने पर अचानक विस्फोट हो गया, जिससे दोनों झुलस गए।
उन्होंने बताया कि विस्फोट के दौरान विक्की और भैयालाल ऊपर लैंटर के नीचे दब गए थे।
दमयंती सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके लाइसेंसी असलहे (राइफल और पिस्टल), चार मोबाइल फोन और दो टैबलेट जब्त कर चुकी है। साथ ही उनका घर भी सील कर दिया गया है, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में भारी असुविधा हो रही है क्योंकि जरूरी सामान और कपड़े अंदर ही बंद हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उनके परिवार को न्याय दिलाया जाए।
रविवार को भी खुलेगा उप निबंधक कार्यालय, होंगे रजिस्ट्री कार्य
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) वित्तीय वर्ष के अंतिम माह मार्च में राजस्व बढ़ाने को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी के तहत अब रविवार को भी उप निबंधक कार्यालय खोलने का निर्णय लिया गया है, जहां विक्रय पत्र (रजिस्ट्री) सहित अन्य पंजीयन कार्य किए जाएंगे।
उप निबंधक सदर फर्रुखाबाद रविकांत ने बताया कि 22 मार्च (रविवार)
को भी कार्यालय सामान्य दिनों की तरह खुला रहेगा। इस दिन आमजन
अपने विक्रय पत्रों की रजिस्ट्री और अन्य पंजीकरण से जुड़े कार्य आसानी से करा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले अधिक से अधिक राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। इससे जहां लोगों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी, वहीं लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण भी संभव हो सकेगा।
जनपद में बेमौसम बारिश से फसलें प्रभावित!अन्नदाता के माथे पर बल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में विगत कुछ घंटो से बदले मौसम के मिजाज ने किसानो की चिन्ता बड़ा दी है|शुक्रवार को बेमौसम वर्षा संग हवा चलने से सरसों व गेहूं की फसले प्रभावित हुई है, जिसे लेकर किसान बेचैन हो गए।जनपद मे हुई में बेमौसम बारिश और तेज हवा ने फसलो को प्रभावित किया है जिससे किसानो की चिंता बड़ गयी है,पकी हुई फसलें जमीन पर गिरने से उत्पादन में भारी गिरावट और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है।फिलहाल किसान वर्षा न होने की कामना कर रहे थे।वही जनपद में कुछ दिनों से तेज धूप से तापमान में हुई बढत से राहत है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है|

दुनिया के सबसे बड़े गैस भंडार ‘साउथ पार्स’ पर बड़ा मिसाइल हमला
नई दिल्ली:पश्चिम एशिया में जारी तनाव अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है,जहां इसकी गूंज सिर्फ युद्ध क्षेत्र तक सीमित नहीं रही बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजारों और आर्थिक स्थिरता तक फैलने लगी है।इजरायल द्वारा ईरान के सबसे बड़े गैस भंडार साउथ पार्स पर किया गया हमला इसे संघर्ष का अब तक का सबसे संवेदनशील और दूरगामी प्रभाव वाला कदम माना जा रहा है। यह पहली बार है जब इस जंग में सीधे किसी बड़े ऊर्जा उत्पादन केंद्र को निशाना बनाया गया है।विशेषज्ञों के अनुसार यह सिर्फ सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि ईरान की आर्थिक रीढ़ और ऊर्जा सुरक्षा पर सीधा प्रहार है, जिसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा और गैस सप्लाई बुरी तरह लड़खड़ा सकती है।

रिश्वत लेने में महिला दारोगा व सिपाही चालक सस्पेंड
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने महिला दरोगा सुधा पाल व आरक्षी चालक दिनेश चंद्र त्रिपाठी को निलंबित कर दिया गया है जिससे पुलिस हड़कंप मचा है |
कोतवाली कायमगंज में तैनात महिला दरोगा सुधा पाल हुआ आरक्षित चालक दिनेश चंद्र त्रिपाठी का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है | जिसमें महिला दारोगा सुधा पाल कोतवाली के चालक सिपाही दिनेश चंद्र त्रिपाठी के साथ कथित रूप से रिश्वत लेते नजर आ रहे हैं | वीडियो वायरल होने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया| यह था मामला
कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के ग्राम रानीपुर निवासी भूपेंद्र सिंह ने उप निरीक्षक सुधा पाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भूपेंद्र सिंह के अनुसार, उनकी शिकायत पर दर्ज मुकदमे की जांच के नाम पर उप निरीक्षक ने उनसे 25 हजार रुपये की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मजबूरी में उन्होंने 7 हजार रुपये दे भी दिए। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले से अवगत कराया है।
शिकायत के अनुसार, 10 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे उनकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी अपने बाबा को खेत पर खाना देने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में गांव रानीपुर गौर निवासी अर्जुन पुत्र भूरे सिंह तथा उसके साथियों—सुरजीत पुत्र नरेश सिंह, अनिल कुमार पुत्र नरेश सिंह और लालजी पुत्र जीतू उर्फ टिंकू (निवासी आजमपुर, थाना कम्पिल)—ने उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गए।मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था | मुकदमे में विवेचना के लिये 25 हजार मांगे लेकिन 7 हजार दिये |
युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) कस्बे में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक को निशाना बनाकर गोली चला दी गई। वारदात के बाद घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम पहाड़िया निवासी शिशुपाल का
पुत्र शिवा उर्फ चऊंआ ठाकुर मोहल्ला गंगा गली स्थित हनुमान मंदिर के पास अपने दोस्तों के साथ नाश्ता कर रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे एक युवक ने अचानक तमंचा निकालकर शिवा पर फायर कर दिया। गोली उसके सीने के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद तत्काल परिजन और स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए
सीएचसी कमालगंज लेकर पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टर मानसिंह वर्मा ने प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा और थाना प्रभारी ललित कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
प्रारंभिक जानकारी में अमन नाम के युवक पर फायरिंग करने का आरोप सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि हाल ही में थाना कमालगंज में प्रभारी निरीक्षक के पद पर बदलाव हुआ है। नए थाना प्रभारी के कार्यभार संभालने के कुछ ही समय बाद इस तरह की वारदात से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


