फर्रुखाबाद में विकास का उत्सव, 9 दिवसीय मेला और प्रदर्शनी शुरू

0
276

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) केन्द्र सरकार के 11 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऑफीसर्स क्लब, फतेहगढ़ में 09 दिवसीय प्रदर्शनी व मेला एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह ने किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सूचना विभाग द्वारा स्थापित “नवनिर्माण के 9 वर्ष” विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को क्रमशः 51 हजार, 21 हजार व 11 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। साथ ही खेल विभाग द्वारा आयोजित ओपन स्टेट आमंत्रण पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त भारत कौशल प्रतियोगिता 2025-26 में रजत पदक प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के 10 लाभार्थियों को सहायता राशि, ग्राम रामपुर डफरपुर के 10 लोगों को घरौनी, तथा कृषि यांत्रिकीकरण योजना के तहत एक लाभार्थी को किसान ड्रोन व एक को ट्रैक्टर प्रदान किया गया। मत्स्य विभाग की योजनाओं के अंतर्गत भी लाभार्थियों को सहायता दी गई, वहीं बाबा साहब आंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना के तहत भैंस पालन के लिए सब्सिडी वितरित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्ष और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के 09 वर्ष पूरे होने पर सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे प्रदेश में विकास और सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है। उन्होंने निवेश, रोजगार, महिला सुरक्षा और पारदर्शिता को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
इस दौरान लोक कलाकारों ने जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लोकगायन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने मीडिया को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी तथा उनके सवालों के जवाब दिए। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक डॉ. सुरभि, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह रहे।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]