युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) कस्बे में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक को निशाना बनाकर गोली चला दी गई। वारदात के बाद घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम पहाड़िया निवासी शिशुपाल का पुत्र शिवा उर्फ चऊंआ ठाकुर मोहल्ला गंगा गली स्थित हनुमान मंदिर के पास अपने दोस्तों के साथ नाश्ता कर रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे एक युवक ने अचानक तमंचा निकालकर शिवा पर फायर कर दिया। गोली उसके सीने के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद तत्काल परिजन और स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए सीएचसी कमालगंज लेकर पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टर मानसिंह वर्मा ने प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा और थाना प्रभारी ललित कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
प्रारंभिक जानकारी में अमन नाम के युवक पर फायरिंग करने का आरोप सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि हाल ही में थाना कमालगंज में प्रभारी निरीक्षक के पद पर बदलाव हुआ है। नए थाना प्रभारी के कार्यभार संभालने के कुछ ही समय बाद इस तरह की वारदात से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।