पूर्व सपा विधायक विजय सिंह की पत्नी दमयंती सिंह नें साजिश का लगाया आरोप

0
321

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पूर्व सपा विधायक विजय सिंह की पत्नी दमयंती सिंह ने प्रेस वार्ता कर हालिया विस्फोट मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि “यह हमारी राजनीतिक लड़ाई है और पूरी घटना एक साजिश के तहत की गई है, जिसमें हमारे परिवार को फंसाया जा रहा है।”
दमयंती सिंह ने बताया कि घटना 17 मार्च की शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच हुई, जबकि 18 तारीख को विधायक से जुड़े मामले की सुनवाई प्रस्तावित थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि “आखिर घटना एक दिन पहले ही क्यों हुई, यह अपने आप में संदेह पैदा करता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच अभी जारी है, लेकिन उससे पहले ही पुत्रों पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने भी मौके पर किसी प्रकार के विस्फोटक या बारूद की गंध न होने की बात कही थी। दमयंती सिंह के अनुसार, उनके दोनों पुत्र घटना के समय गंभीर रूप से घायल हो गए थे और आईसीयू में भर्ती थे, जिसके चलते वे बयान देने की स्थिति में नहीं थे। 19 तारीख को होश में आने के बाद छोटे बेटे ने बताया कि वह घर में लाइट जलाने के लिए तहखाने में गया था, जहां उसे कुछ गंध महसूस हुई। इसके बाद दोनों बच्चों ने गैस सिलेंडर की जांच की और माचिस जलाकर देखने पर अचानक विस्फोट हो गया, जिससे दोनों झुलस गए।
उन्होंने बताया कि विस्फोट के दौरान विक्की और भैयालाल ऊपर लैंटर के नीचे दब गए थे।
दमयंती सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके लाइसेंसी असलहे (राइफल और पिस्टल), चार मोबाइल फोन और दो टैबलेट जब्त कर चुकी है। साथ ही उनका घर भी सील कर दिया गया है, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में भारी असुविधा हो रही है क्योंकि जरूरी सामान और कपड़े अंदर ही बंद हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उनके परिवार को न्याय दिलाया जाए।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]