Home Blog Page 18

स्मार्ट व प्रीपेड मीटर पर बड़ी राहत, अब 30 दिन तक नहीं कटेगी बिजली

लखनऊ: गरीब और मध्यम वर्ग के विद्युत उपभोक्ताओं को स्मार्ट/प्रीपेड मीटर से जुड़ी समस्याओं के बीच बड़ी राहत दी गई है। रोजाना कमाई करने वाले उपभोक्ताओं को बार-बार रिचार्ज कराने और बैलेंस चेक करने में हो रही दिक्कतों को देखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार नई व्यवस्था के अनुसार अब 1 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ता 30 दिन के भीतर कभी भी अपने प्रीपेड मीटर का रिचार्ज करा सकेंगे। इस अवधि में बैलेंस खत्म होने पर भी बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी। यानी यह व्यवस्था अब सामान्य पोस्टपेड मीटर की तरह काम करेगी, जिसमें उपभोक्ता महीने में एक बार भुगतान कर सकेंगे।वहीं 2 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं को भी राहत देते हुए यह प्रावधान रखा गया है कि बैलेंस शून्य होने के बाद भी 3 दिन तक या 200 रुपये तक के निगेटिव बैलेंस पर बिजली नहीं काटी जाएगी।इसके अलावा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि रविवार, त्योहार या किसी भी सार्वजनिक अवकाश के दिन बिजली आपूर्ति नहीं काटी जाएगी। उपभोक्ताओं को बैलेंस कम होने पर पांच बार एसएमएस के जरिए अलर्ट भेजे जाएंगे, ताकि वे समय रहते रिचार्ज करा सकें।बिजली विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि रिचार्ज या बिल भुगतान के तुरंत बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो। इसके लिए 24 घंटे तकनीकी और प्रशासनिक टीमें सक्रिय रखी गई हैं। फिलहाल पुराने मीटरों को स्मार्ट/प्रीपेड मीटर से बदलने का कार्य स्थगित कर दिया गया है, लेकिन पहले से लगे स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता पर किया जा रहा है।गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ऊर्जा विभाग का अमला लगातार निगरानी और सुधार कार्य में जुटा हुआ है।

होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, चालकों को दिए सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की प्रस्तावित लिखित परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एआरटीओ कार्यालय फर्रुखाबाद में ऑटो/टैम्पो एवं ई-रिक्शा चालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में लगभग 7,000 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। अन्य जनपदों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और उन्हें सुगम आवागमन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।एआरटीओ (प्रशासन) कृष्ण कुमार यादव ने चालकों को निर्देशित किया कि वे किसी भी स्थिति में निर्धारित किराए से अधिक वसूली न करें। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले परीक्षार्थी जनपद के अतिथि हैं, इसलिए उनके साथ “अतिथि देवो भवः” की भावना के अनुरूप विनम्र व्यवहार किया जाए। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।वहीं, एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाने और ओवरलोडिंग न करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, तय मार्गों का उपयोग और यातायात व्यवस्था बाधित न करने पर भी जोर दिया। साथ ही बताया कि प्रवर्तन टीमें लगातार निगरानी करेंगी और नियम उल्लंघन पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में चालकों को परीक्षा तिथियों के दौरान प्रमुख परीक्षा केंद्रों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास विशेष सतर्कता बरतने तथा परीक्षार्थियों को समय से उनके गंतव्य तक पहुंचाने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।इस दौरान करीब 42 ऑटो/टैम्पो और ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी चालकों से अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ सहयोग करने की अपील की, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

गलत इंजेक्शन लगते ही महिला की मौत का आरोप, मेडिकल स्टोर पर हंगामा

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के बजरिया मोहल्ले में एक मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगने के बाद महिला की संदिग्ध मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आक्रोशित परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के ग्राम नियामतपुर खेड़ा निवासी40 वर्षीय गीता पत्नी कौशिकेंद्र पाल खांसी-जुकाम की दवा लेने बजरिया स्थित एक मेडिकल स्टोर पर पहुंची थीं। आरोप है कि वहां मौजूद मेडिकल स्टोर मालिक के भाई, जो खुद को बीएएमएस चिकित्सक बताते हैं, ने डॉक्टर की सलाह का हवाला देकर महिला को इंजेक्शन लगा दिया। परिजनों के मुताबिक, इंजेक्शन लगते ही गीता की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना पर डायल 112, थाना मऊ दरवाजा पुलिस, कोतवाली पुलिस और महिला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मेडिकल स्टोर मालिक, कंपाउंडर समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका गीता अपने पीछे चार बच्चों अर्जुन (21), काजल (15), रिशु (13) और करण (11)—को छोड़ गई हैं। उनके पति खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

यूपी बोर्ड रिजल्ट में फर्रुखाबाद का प्रदर्शन बेहतर, दो छात्राएं प्रदेश टॉप-10 में शामिल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) यूपी बोर्ड द्वारा गुरुवार शाम घोषित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में जिले के छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। खास बात यह रही कि हाई स्कूल वर्ग में जिले की दो छात्राओं ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में जगह बनाकर जनपद का नाम रोशन किया।
मंझना स्थित एस.के. इंटर कॉलेज की छात्रा अंशिका यादव ने 96.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया, वहीं कमालगंज के स्वराज वीर इंटर कॉलेज की छात्रा रिधिमा वर्मा ने हाई स्कूल में सातवां स्थान प्राप्त किया। जिले में इंटर की परीक्षा में सर्वोदय इंटर कॉलेज, पिपरगांव की छात्रा निशी राठौर ने 92.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया।
परीक्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले में कुल 79 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। हाईस्कूल में 24,729 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 23,198 ने परीक्षा दी, जिनमें 20,461 छात्र-छात्राएं सफल रहे। हाईस्कूल का कुल पास प्रतिशत 88.20 रहा। इंटरमीडिएट परीक्षा में 21,497 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 21,022 ने परीक्षा में भाग लिया। इनमें 17,304 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जबकि 3,718 असफल रहे। इंटर का कुल परिणाम 82.31 प्रतिशत दर्ज किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह नें बताया की पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परीक्षा परिणामों में सुधार देखने को मिला है। बीते वर्ष हाईस्कूल का परिणाम 86.5 प्रतिशत था, जो इस बार बढ़कर 88.20 प्रतिशत हो गया। वहीं इंटरमीडिएट का परिणाम 81.91 प्रतिशत से बढ़कर 82.31 प्रतिशत पहुंच गया है। उन्होने प्रदेश की सूची में स्थान बनाने वाली दोनों छात्राओं को शुभकामनायें भी दीं|

बोलेरो की टक्कर से मासूम की मौत, चालक फरार

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव चिड़िया महोलिया में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे दर्दनाक हादसे में बोलेरो कार की टक्कर से 4 वर्षीय मासूम चमन पुत्र शेर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय बच्चा गली में खेल रहा था। बताया गया है कि बोलेरो कार बदायूं की ओर जा रही थी, तभी चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां पूनम देवी और दादी सदासुखी का रो-रोकर बुरा हाल है।हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बोलेरो को घेर लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो । सूचना पर थानाध्यक्ष इंद्रजीत और चौकी इंचार्ज राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

प्रीपेड मीटर के विरोध में विद्युत विभाग का घेराव, पोस्टपेड में बदलाव की मांग

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में जबरन प्री-पेड मीटर लगाए जाने, अनाप-शनाप बिजली बिल और उपभोक्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में गुरुवार को लोगों ने अधीक्षण अभियंता विद्युत यादवेंद्र सिंह का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जिन उपभोक्ताओं ने स्वेच्छा से प्रीपेड मीटर लगवाए हैं, उन्हें रहने दिया जाए, जबकि अन्य सभी के मीटर पोस्टपेड में बदले जाएं।फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्रीपेड मीटर के ठेकेदारों द्वारा घर-घर जाकर जबरदस्ती मीटर लगाए गए, जबकि शासन के निर्देश स्वेच्छा पर आधारित थे। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के रवैये से पूरा जिला परेशान है और अधिकारी उपभोक्ताओं की शिकायतों का संतोषजनक समाधान नहीं कर पा रहे हैं।अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला महामंत्री अंगद पांडे उर्फ कोमल ने कहा कि अधिकारी खुद को जनता का सेवक समझने के बजाय “राजा” की तरह व्यवहार कर रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। समाजसेवी वसीमउज्ज जमा खान, हाजी शमी उल्ला खान, आचार्य अमरीश तिवारी और पूर्व सभासद निशित दुबे ने भी विभाग पर लापरवाही और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर जबरन पैसे वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड में बदलने की कार्रवाई नहीं की गई, तो विद्युत विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।इस दौरान डॉ. पंकज राठौर, आलोक मिश्रा, सतीश दीक्षित, मनोज अग्निहोत्री, आयुष सक्सेना, रजत वर्मा, नीरज यादव, रामलखन शुक्ला, राजीव पाल, जाकिर खान, आशुतोष मिश्रा, सुमित भल्ला सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

बरेली हाई-वे पर डीसीएम की टक्कर से महिला की मौत, पिता-पुत्री घायल

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कादरीगेट थाना क्षेत्र में बरेली हाइवे पर गुरुवार दोपहर जायका रेस्टोरेंट के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय रिजवाना की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पति इकरार और 18 वर्षीय पुत्री मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल इकरार जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्लागंज क्षेत्र के गांव मऊशहजहांपुर निवासी हैं। वह परिवार के साथ फर्रुखाबाद स्थित निजी अस्पताल में दवा लेने आए थे। सूचना मिलते ही पांचालघाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा मौके पर पहुंचे और घायलों को डॉ. राममनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय भिजवाया। हादसे के चलते हाइ-वे पर कुछ समय के लिए जाम लग गया, जिसे पुलिस ने खुलवाकर यातायात सुचारू कराया।

गैस एजेंसी पर छापा, लंबित बुकिंग पर डीएम खफा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर व पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कमालगंज स्थित मधु गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 8 अप्रैल की गैस बुकिंग की डिलीवरी अब तक न होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि बिना गैस प्राप्त किए ही डिलीवरी का मैसेज मिल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि बिना वास्तविक डिलीवरी के किसी भी उपभोक्ता को संदेश न भेजा जाए।डीएम ने सभी उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने तथा लंबित बुकिंग की समयबद्ध आपूर्ति करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार आदि रहे|

होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में 25, 26 व 27 अप्रैल को प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आर.पी. इंटर कॉलेज कमालगंज, आर.पी. पी.जी. कॉलेज कमालगंज, फिरोज गांधी इंटर कॉलेज कमालगंज तथा जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने केंद्रों पर बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं को परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर शौचालयों की साफ-सफाई, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था और बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को समय से पहले पूरी तरह सुचारु कर लिया जाए। साथ ही अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और पहचान सत्यापन को अनिवार्य रूप से लागू करने को कहा गया।
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 19 केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जबकि अतिरिक्त रूप से 2 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 4 स्टैटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 7104 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 42,624 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, पेपर, पर्स, स्मार्टबैंड, स्मार्टवॉच, सनग्लासेस एवं हैंडबैग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों को केवल पेन, प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र के साथ ही प्रवेश की अनुमति होगी। सभी केंद्रों पर क्लॉक रूम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

ड्राइवर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों में कोहराम

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के हथियापुर में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, अहिल्याबाई होलकर इंटर कॉलेज के कर्मचारी खुशीराम शर्मा का 22 वर्षीय पुत्र दशरथ, जो ड्राइवरी का काम करता था, आज दोपहर करीब 1 बजे कमरे पर पहुंचा। उस समय उसके पिता कॉलेज में ड्यूटी पर थे और मां किसी काम से बाहर गई हुई थीं। शाम करीब 4 बजे जब मां घर लौटीं तो उन्होंने बेटे को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देखा।बताया जा रहा है कि दशरथ ने प्लास्टिक के ड्रम पर खड़े होकर छत के कुंडे से रस्सी के सहारे फांसी लगाई। घटना के बाद मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।दशरथ मूल रूप से कन्नौज जनपद के कोतवाली गुरसहायगंज क्षेत्र के ग्राम लोहिया का निवासी था। उसके पिता खुशीराम शर्मा करीब दो वर्षों से अहिल्याबाई होलकर इंटर कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं और परिवार के साथ वहीं किराए के कमरे में रह रहे थे।मृतक की मां ने एक महिला पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके बेटे की हत्या कराई गई है। वहीं, थाना मऊ दरवाजा के प्रभारी निरीक्षक अजब सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।