होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण

0
219

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में 25, 26 व 27 अप्रैल को प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आर.पी. इंटर कॉलेज कमालगंज, आर.पी. पी.जी. कॉलेज कमालगंज, फिरोज गांधी इंटर कॉलेज कमालगंज तथा जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने केंद्रों पर बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं को परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर शौचालयों की साफ-सफाई, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था और बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को समय से पहले पूरी तरह सुचारु कर लिया जाए। साथ ही अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और पहचान सत्यापन को अनिवार्य रूप से लागू करने को कहा गया।
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 19 केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जबकि अतिरिक्त रूप से 2 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 4 स्टैटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 7104 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 42,624 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, पेपर, पर्स, स्मार्टबैंड, स्मार्टवॉच, सनग्लासेस एवं हैंडबैग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों को केवल पेन, प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र के साथ ही प्रवेश की अनुमति होगी। सभी केंद्रों पर क्लॉक रूम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]