हरदोई में ट्रैक्टर से भिड़ी कार, फर्रुखाबाद के मूर्ति कलाकार की मौत

0
96

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) हरदोई जनपद के सवायजपुर क्षेत्र में गुरुवार देर शाम ट्रैक्टर से कार की भिड़ंत में फर्रुखाबाद निवासी मूर्ति कलाकार विवेक प्रजापति (40) की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। कार में सवार कई महिलाओं के घायल होने की भी जानकारी मिली है।शहर कोतवाली क्षेत्र के सुनहरी मस्जिद निवासी विवेक प्रजापति पुत्र नंदकिशोर प्रजापति की वहां नित्य मूर्ति कला केंद्र के नाम से दुकान है। वह मूर्तियां बनाने के साथ एक स्कूल के बच्चों को लाने-ले जाने का काम भी करते थे। इसके अलावा अपनी कार से बुकिंग पर भी जाते थे। गुरुवार देर शाम वह एक बुकिंग लेकर हरदोई जा रहे थे। सवायजपुर से पहले एक होटल के पास उनकी कार ट्रैक्टर से टकरा गई।मृतक के छोटे भाई पिंटू ने बताया कि रात करीब आठ बजे हरदोई पुलिस ने फोन कर हादसे की सूचना दी। विवेक की पत्नी सोनम को भी पुलिस ने फोन किया था। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे, जहां विवेक की मौत हो चुकी थी।मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। विवेक अपने पीछे मां कमला देवी, पत्नी सोनम और तीन बेटियों वैष्णवी, काव्या व नित्या को छोड़ गए हैं।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]