ब्लैकआउट मॉकड्रिल में परखी गई आपातकालीन तैयारियां

0
38

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) हवाई हमले, अग्निकांड और अन्य संभावित आपातकालीन परिस्थितियों में जनसुरक्षा सुनिश्चित करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम पुलिस लाइन स्थित अग्निशमन केंद्र फतेहगढ़ में ब्लैकआउट मॉकड्रिल एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में हुए इस अभ्यास में विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय के साथ आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन किया। मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले और शत्रुतापूर्ण परिस्थितियों जैसी आपात स्थितियों में नागरिकों को समय रहते सचेत करने, सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने तथा राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। साथ ही एयर रेड अर्ली वार्निंग सिस्टम और ब्लैकआउट व्यवस्था की प्रभावशीलता को भी परखा गया।इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह के अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की तैयारियों का आकलन करना है। किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में जनहानि को न्यूनतम रखने के लिए समयबद्ध सूचना तंत्र, त्वरित प्रतिक्रिया और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मॉकड्रिल से अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा वास्तविक परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने का अनुभव मिलता है।अभ्यास के दौरान नागरिक सुरक्षा कोर के स्वयंसेवकों की भूमिका, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया। आमजन को भी आपात स्थिति में सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, सीओ सिटी अभय वर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी माथुर, उपायुक्त उद्योग सोनल जिंदल, आपदा प्रबंधक आयुष्मान परिहार सहित नागरिक सुरक्षा कोर के कर्मचारी, स्वयंसेवक और विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]