होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, चालकों को दिए सख्त निर्देश

0
229

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की प्रस्तावित लिखित परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एआरटीओ कार्यालय फर्रुखाबाद में ऑटो/टैम्पो एवं ई-रिक्शा चालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में लगभग 7,000 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। अन्य जनपदों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और उन्हें सुगम आवागमन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।एआरटीओ (प्रशासन) कृष्ण कुमार यादव ने चालकों को निर्देशित किया कि वे किसी भी स्थिति में निर्धारित किराए से अधिक वसूली न करें। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले परीक्षार्थी जनपद के अतिथि हैं, इसलिए उनके साथ “अतिथि देवो भवः” की भावना के अनुरूप विनम्र व्यवहार किया जाए। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।वहीं, एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाने और ओवरलोडिंग न करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, तय मार्गों का उपयोग और यातायात व्यवस्था बाधित न करने पर भी जोर दिया। साथ ही बताया कि प्रवर्तन टीमें लगातार निगरानी करेंगी और नियम उल्लंघन पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में चालकों को परीक्षा तिथियों के दौरान प्रमुख परीक्षा केंद्रों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास विशेष सतर्कता बरतने तथा परीक्षार्थियों को समय से उनके गंतव्य तक पहुंचाने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।इस दौरान करीब 42 ऑटो/टैम्पो और ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी चालकों से अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ सहयोग करने की अपील की, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]