फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के बजरिया मोहल्ले में एक मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगने के बाद महिला की संदिग्ध मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आक्रोशित परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के ग्राम नियामतपुर खेड़ा निवासी40 वर्षीय गीता पत्नी कौशिकेंद्र पाल खांसी-जुकाम की दवा लेने बजरिया स्थित एक मेडिकल स्टोर पर पहुंची थीं। आरोप है कि वहां मौजूद मेडिकल स्टोर मालिक के भाई, जो खुद को बीएएमएस चिकित्सक बताते हैं, ने डॉक्टर की सलाह का हवाला देकर महिला को इंजेक्शन लगा दिया। परिजनों के मुताबिक, इंजेक्शन लगते ही गीता की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना पर डायल 112, थाना मऊ दरवाजा पुलिस, कोतवाली पुलिस और महिला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मेडिकल स्टोर मालिक, कंपाउंडर समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका गीता अपने पीछे चार बच्चों अर्जुन (21), काजल (15), रिशु (13) और करण (11)—को छोड़ गई हैं। उनके पति खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गलत इंजेक्शन लगते ही महिला की मौत का आरोप, मेडिकल स्टोर पर हंगामा



