पुलिस भर्ती अभ्यर्थी से बस में विवाद, दो युवक शांति भंग में गिरफ्तार
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र में रोडवेज बस में हुए विवाद के बाद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया। घटना इटावा-बरेली हाईवे स्थित उमेदपुर ढाबा के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम हरदोई में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा देकर आगरा लौट रहे परीक्षार्थी रोडवेज बस से सफर कर रहे थे। रास्ते में उमेदपुर ढाबा पर बस रुकने के बाद अधिकांश परीक्षार्थी भोजन के लिए नीचे उतर गए। इसी दौरान दो युवक बस में चढ़ गए और बस में बैठे एक परीक्षार्थी से बस हटाने को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। घटना के बाद बस चालक दोनों युवकों को लेकर राजेपुर थाने पहुंच गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच के बाद आरोपितों की पहचान हिमांशु चौहान (21) पुत्र तेजपाल चौहान तथा अभय चौहान (19) पुत्र शिवपाल सिंह चौहान, निवासी ग्राम निबिया, थाना राजेपुर के रूप में की। दोनों को हिरासत में लेकर बुधवार को शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया गया। राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों युवकों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है|