फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फतेहगढ़ स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन (डाक बंगले) में चार नए सूट और डारमेट्री का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने 310.68 लाख रुपये की अनुमानित लागत के सापेक्ष पहली किस्त के रूप में 124 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी है। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के प्रयासों से इस परियोजना को मंजूरी मिली है। विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर निरीक्षण भवन में कमरों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता से अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि वर्तमान में निरीक्षण भवन के दो कक्ष वर्ष 1903 में तथा दो कक्ष वर्ष 2005 में निर्मित हैं। विशिष्ट
अतिथियों के आवागमन और ठहरने की व्यवस्था के लिहाज से चार कक्ष पर्याप्त नहीं हैं।विधायक के मुताबिक, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड फतेहगढ़ ने भी इस संबंध में जानकारी दी थी कि विभाग के विशेष सचिव ने समीक्षा बैठक में निरीक्षण भवन के दो अतिरिक्त कक्षों के निर्माण का प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उनके सुझाव पर अब दो और कक्षों के निर्माण की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति जारी करने की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया गया है।उन्होंने बताया कि संयुक्त सचिव सुबास राम की ओर से प्रदेश के 39 जनपदों में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। इसी क्रम में फतेहगढ़ के निरीक्षण भवन में चार सूट और डारमेट्री के निर्माण के लिए धनराशि जारी हुई है।विधायक ने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जनपद आने वाले मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ठहरने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने यह भी बताया कि शासन स्तर से जिले की कई सड़कों को भी स्वीकृति मिली है, जिनकी जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
फतेहगढ़ के डाक बंगले में बनेंगे चार नए सूट और डारमेट्री, शासन ने जारी किए 1.24 करोड़ रुपये
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



