वृद्धा की हत्या कर कानों के कुंडल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेवर बरामद

0
27

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम भगौरा में वृद्ध महिला की हत्या कर उसके कानों से सोने के कुंडल लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। एसओजी, सर्विलांस और नवाबगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल गांव के ही दिनेश कुमार शाक्य को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर महिला से लूटे गए कुंडल भी बरामद कर लिए गए हैं। ग्राम भगौरा में 16 नवंबर को खेत में गई एक वृद्ध महिला की हत्या कर दी गई थी। हत्यारे ने उसके कानों से सोने के कुंडल लूट लिए थे। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी। छानबीन के दौरान पुलिस को गांव के ही फूल सिंह शाक्य के पुत्र दिनेश कुमार की संलिप्तता के सुराग मिले। इसके बाद संयुक्त पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नोएडा में नौकरी करता है और दिवाली पर गांव आया था। उसे एविएटर नाम का गेम खेलने की लत थी, जिसमें वह कई बार रुपये हार चुका था। वापस नोएडा जाने के लिए भी उसके पास पैसे नहीं थे। इसी दौरान उसकी नजर गांव की वृद्ध महिला के कानों में पहने सोने के कुंडलों पर पड़ी। उसे जानकारी थी कि महिला खेतों की ओर जाती है। 16 नवंबर को वह पहले से ही खेत में जाकर छिप गया और महिला के पहुंचने पर कुंडल छीनने लगा।महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने अंगौछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद वह कुंडल लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु के एक जोड़ी कुंडल, मोबाइल फोन, 150 रुपये नकद और एक पिट्ठू बैग बरामद किया है। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में लूट तथा बरामदगी से संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी हैं। आरोपी दिनेश कुमार मूल रूप से ग्राम भगौरा का निवासी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में नवाबगंज थाना प्रभारी राजीव कुमार, एसओजी और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]