जमीन बैनामे में बड़ा फर्जीवाड़ा, 30 वर्ष पूर्व मृत व्यक्ति के नाम पर दस्तावेज तैयार होने का आरोप
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र में 30 वर्ष पूर्व मृत हो चुके व्यक्ति के नाम पर कथित रूप से फर्जी आधार कार्ड बनवाकर करीब 13 बीघा कृषि भूमि का बैनामा कराने का मामला प्रकाश में आया है। भूमि खरीदने वाले लोगों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार ग्राम गोरखपुर स्थित गाटा संख्या-1 की 1.0520 हेक्टेयर कृषि भूमि का बैनामा 16 जनवरी को अक्षय, आबिद खान निवासी भावपुर-84 तथा मोहसिन निवासी सोता बहादुरपुर के पक्ष में 13 लाख रुपये में कराया गया था। आरोप है कि जिस व्यक्ति के नाम पर भूमि का बैनामा कराया गया, उसकी लगभग 30 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। इसके बावजूद कथित रूप से फर्जी आधार कार्ड तैयार कर जमीन का सौदा कर दिया गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बैनामा होने के बाद भी उन्हें भूमि का कब्जा नहीं मिल सका। जांच-पड़ताल के दौरान उन्हें मृत व्यक्ति के नाम पर हुए कथित फर्जीवाड़े की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी राजेपुर नागेंद्र सिंह को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।