रोडवेज बसअड्डे पर पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन भारी भीड़,बसों की देरी से छात्रों का हंगामा
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) जनपद फर्रुखाबाद में चल रही पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन परीक्षा समाप्त होने के बाद फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टॉप पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी हालांकि रोडवेज विभाग और जिला प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण बसों के संचालन में देरी हो गई।बताया गया कि परीक्षा छूटते ही बड़ी संख्या में छात्र एक साथ रोडवेज बस स्टॉप पहुंच गए, जिससे बसों के आवागमन में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। सबसे अधिक दिक्कत हरदोई जाने वाले यात्रियों को हुई। कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि वे करीब एक घंटे से बस में बैठे हैं, लेकिन चालक और परिचालक का कोई पता नहीं था। इससे नाराज छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया।इसी दौरान पास में खड़ी दूसरी बस के आते ही यात्री खिड़कियों से अंदर घुसने लगे। इस पर बस में मौजूद कर्मियों ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बस को नुकसान पहुंचाने पर कार्रवाई की जाएगी। कुछ समय के लिए हरदोई डिपो की बस में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।हंगामे की सूचना मिलते ही रोडवेज कर्मचारी मौके पर पहुंचे और चालक-परिचालक की तलाश की। थोड़ी देर बाद चालक-परिचालक के पहुंचने पर बसों का संचालन सामान्य हुआ और यात्री अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति को संभाला। यातायात पुलिस की सख्ती के चलते रोडवेज परिसर में ई-रिक्शा का आवागमन भी नियंत्रित रहा।