व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष के घर से आठ लाख की तम्बाकू-गुटखा बरामद

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE Politics जिला प्रशासन

फर्रुखाबाद:(नगर प्रतिनिधि) लॉक डाउन में केंद्र और प्रदेश सरकार के निर्देश पर तम्बाकू और गुटखा की बिक्री पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगा दी गयी थी| लेकिन उसके बाद जिले में खुलेंआम तम्बाकू की बिक्री चल रही है| पुलिस नें बड़ी मात्रा में एक व्यापारी नेता के घर से लगभग आठ लाख रूपये कीमत की गुटखा बरामद किया था| जिससे नगर में हड़कंप है|
स्वाट टीम प्रभारी दिनेश गौतम को सूचना मिली कि शहर कोतवाली क्षेत्र के रस्तोगी मोहल्ले में व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष रवीश रस्तोगी के घर में भारी मात्रा में तम्बाकू और गुटखा भरा है| सूचना मिलने पर स्वाट टीम प्रभारी नें रेलवेरोड  चौकी इंचार्ज राजीव कुमार, पल्ला चौकी इंचार्ज सुनील कुमार आदि के साथ व्यापारी नेता के घर दबिश दी| जिसके बाद उनके घर से भारी मात्रा में गुटखा और तम्बाकू बरामद हुआ| जिसे पुलिस नें अपने कब्जे में ले लिया|
सूचना मिलने पर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजीब मिश्रा बॉबी व्यापारी नेता की पैरवी में मौके पर आ गये| घर के बाहर भीड़ लग गयी| पकड़ी गयी तम्बाकू और गुटखा की कीमत पुलिस के अनुसार लगभग साढ़े सात लाख से 8 लाख रूपये के बीच बतायी जा रही है| पुलिस जाँच पड़ताल कर रही है|
बाजार में तम्बाकू-गुटखा बिक्री नें पकड़ी तेजी 
बीते कुछ दिनों से नगर में तम्बाकू व गुटखा की बिक्री नें तेजी पकड़ी है| खबर है कि अभी दो दिन पूर्व ही तीन ट्रक गुटखा नगर में उतारा गया| जिसमे कई गुटखा के थोक व्यापारियों का माल था| जिसकी अभी तक हवा नही लगी| लेकिन अब स्वाट टीम व पुलिस पूरी तरह से नगर में गुटखा की बिक्री पर नजरें सख्त किये हैं|
रेलवे रोड चौकी इंचार्ज राजीव सिंह नें बताया कि जाँच की जा रही है| जो विधिक कार्यवाही होगी वो की जायेगी| नगर मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य नें बताया कि जाँच की जायेगी| सरकार द्वारा जारी नये शासनादेश के अनुसार की कार्यवाही होगी| 
क्या हुआ है शासन का नया आदेश
प्रदेश में कोरोना संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने 25 मार्च को पान मसाला निर्माण तथा बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था। बीते 7 मई को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त अनीता सिंह की ओर से पान मसाला बनाने तथा उसके वितरण व बिक्री पर लगाये गए प्रतिबंध को हटाने का आदेश जारी किया गया है। अनीता सिंह ने कहा है कि इंडियन डेंटल एसोसिएशन यूपी व अन्य की याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के 17 सितंबर 2012 के आदेश के अनुपालन में प्रदेश में तंबाकू एवं निकोटिनयुक्त पान मसाला, गुटखा के निमार्ण, भंडारण व बिक्री पर लगा प्रतिबंध यथावत बना रहेगा। केबल पान मसाला की बिक्री तथा उत्पादन से प्रतिबंध हटा लिया है।