Home Blog Page 5738

5 दिन तक अधिवक्ता नहीं करेंगे चकबंदी के मुकद्दमे

फर्रुखाबाद|| दीवानी न्यायालय में 31 दिसंबर तक सर्दियों का अवकाश घोषित कर दिया गया है| एक जनवरी को नये वर्ष में अदालतों के खुलने पर न्यायिक कार्य शुरू होगा।

जिला बार एसोसिएशन ने पांच दिन तक न्यायिक कार्य बंद रखने की घोषणा की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष विश्राम सिंह यादव एवं महासचिव संजीव पारिया ने बताया कि दीवानी न्यायालयों में अवकाश होने के कारण अधिवक्ता चकबंदी अदालतों में न्यायिक कार्य नहीं करेंगे।

अटल जी के 87वें जन्‍मदिन पर 87 किलो का लड्डू

लखनऊ||  भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के 87वें जन्म दिन को भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में धूमधाम से मना रही है जिसमें पार्टी के प्रमुख नेता विभिन्न स्थानों पर अटल जी के जन्म दिन के कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राज्य सभा में नेता प्रतिपक्ष अरूण जेटली भाग लेंगे। 25 दिसम्बर को लखनऊ में राज्य सभा में प्रतिपक्ष के नेता अरूण जेटली जी भी अटल जी का जन्‍मदिन मनाने पहुंचेंगे।

सांसद एवं वरिष्ठ नेता लालजी टण्डन के नेतृत्व में अटल जी के 87वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित जन्मदिवस कार्यक्रम पर तहरी भोज तथा 87 किग्रा0 का लड्डू बनाया गया है जो अमीनाबाद हनुमान जी के मंदिर के पार्क में बांटे जाने के कार्यक्रम में भाग लेंगे। तहरी भोज कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों के भाग लेने की संम्भावना है।

पीड़ित घायलों ने पुलिस मुख्यालय पर सुनाई व्यथा

फर्रुखाबाद: कोतवाली मोहम्दाबाद पुलिस के पक्षपात पूर्ण रवैये से पीड़ित ग्रामीण पुलिस कार्यालय पहुंचे वहां से उन्हें कार्रवाई के लिए कोतवाली भेजा गया|

ग्राम सहबाबाद निवासी देवीदयाल लोधी अपने बेटे राम निवास, विपिन व पत्नी नीलम, राजकुमार, सर्वेश के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचे| देवी दयाल की बांह टूटी थी तथा अन्य लोग भी लहूलुहान थे|

देवीदयाल ने बताया कि परिजन साजे के नलकूप व ट्रैक्टर की सम्पत्ति पर अकेले कब्जा करना चाहते हैं| इसी बात को लेकर कल विवाद होने पर पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली बुला ले गयी थी| दरोगा आरपी सिंह ने विरोधियों को छोड़ दिया और हम लोगों को काफी देर बाद जाने दिया|

हम लोग जब गाँव के पास पहुंचे तो बांकेलाल व उनके पुत्र आसाराम, रामपाल, रामशरण, रिंकू उर्फ़ सुशील ने लाठियों से हमला कर दिया|

एसपी के न मिलने पर पेशकार ने पीड़ितों को वापस कोतवाली भेज दिया| इंस्पेक्टर विजयबहादुर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की एनसी आर दर्ज कर घायलों को डाक्टरी परीक्षण के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया है|

7 डिग्री तापमान ने बड़ा दी कपकपी

फर्रुखाबाद|| दिसंबर का अंतिम सप्ताह आते-आते न्यूनतम तापमान का आंकड़ा भी गिरकर सात डिग्री तक पहुंच गया है। यात्रियों और रिक्शा चालकों की सुविधा के लिए प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने शुरू कर दिये हैं।

पछुआ हवाओं के कांधों पर सवार होकर आयी ठिठुरन और कोहरे में नये साल की आमद की दस्तक सुनाई देने लगी है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मौसम की करवट से पारा लुढ़ककर 7.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सर्दी में देर रात्रि निकलने वाले यात्रियों और गरीब रिक्शा चालकों को राहत देने के लिए प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाना शुरू कर दिये हैं। फर्रुखाबाद में घुमना, चौक, रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन पर और फतेहगढ़ में मिलेट्री चौराहा, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर अलाव जलाये जाने की जानकारी दी गयी है।

मुख्य राजस्व लेखाकार रामसरन ने बताया कि अलाव जलाने के लिए 50-50 हजार रुपये तीनों तहसीलों को भेज दिये गये हैं। शासन ने जनपद के लिए 30 हजार कंबल आवंटित किये हैं। कंबलों की निगम व यूपी हैंडलूम के माध्यम से खरीददारी की जायेगी|

नागरिकों ने गंगा की स्वच्छता के लिए अलख जगाई

फर्रुखाबाद: नगर की समाजसेवी संस्थाओं एवं राजनीतिज्ञों ने गंगा के स्वच्छता अभियान के लिए अलख जगाई|

वरिष्ठ व्यापारी नेता अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ, लक्ष्मण सिंह एडवोकेट, गोपाल बाबू पुरवार, रमेश चन्द्र त्रिपाठी, दिवाकर नन्द दुबे, सोनू मिश्रा, मीरा सिंह, मालती कटियार, जानकी शुक्ला, राघवेन्द्र स्वरुप दण्डी स्वामी, लखन स्वरुप, शिव स्वरुप आदि साधू संत रेलवे रोड स्थित मंजू श्री होटल पर एकत्र हुए|

वहां से गंगा स्वच्छता महा अभियान के बैनर तले पद यात्रा शुरू की गयी| अनेकों लोग हांथो में लिखी हुयी पट्टियां पकड़े थे| जिनमे गंगा में शौंचालय का गंदा पानी बंद करो, गंगा में जहर डालना बंद करो, गंगा में मछलियाँ मारना बंद करो, गंगा तट पर पोलीथीन का प्रयोग न करने आदि के स्लोगन लिखे थे|

सभी लोग अलख जगाते हुए चौख, घुमना बाजार होते हुए लालगेट तिराहे पर पहुंचे|

बच्चों को सेंटा क्लाज का इंतजार

फर्रुखाबाद|| 25 दिसंबर यानि प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन का बच्चों को इंतजार रहता है, क्योंकि इस दिन बच्चों के प्यारे सेंटाक्लाज उपहार लेकर आते हैं। मसीही कालोनियों में घर-घर क्रिसमस ट्री और सेंटाक्लाज सजाये गये हैं।

सेंटा क्लाज चौथी शताब्दी में सेंट निकोलस फादर थे जो पूरे साल जरूरतमंदों पर नजर रखते थे और साल के अंत में उन सब की मदद किया करते थे। बच्चों ने उन्हें प्यार से सेंटाक्लाज नाम दिया। आज भी क्रिसमस के दिन सेंटाक्लाज (पात्र) गिरजाघर के बाहर आकर बच्चों को उपहार बांटते है।

क्रिसमस के अवसर पर क्रिसमस ट्री की सजावट खास आकर्षण का केन्द्र होती है। क्रिसमस ट्री को लोग बहुत सुंदर ढंग से सजाते हैं। पादरी किशन मसीह ने बताया कि क्रिसमस ट्री की सजावट प्रभु से जुड़ने का माध्यम है। इसे सजाकर लोग दिखाते हैं कि प्रभु से कितना प्यार करते हैं। इससे पर्यावरण के प्रति जागरुकता का संदेश भी जाता है।

प्रभु यीशु के जन्म के सिलसिले में पिछले एक सप्ताह से कैरल सांग सर्विस के कार्यक्रम चल रहे हैं। चर्च के सदस्य संबंधियों के घर जाकर कैरल सांग गाते हुए यीशु के जन्म से पूर्व एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं। शहर के पांच प्रमुख गिरजाघरों में क्रिसमस की आराधना होगी। यीशु जन्म से पूर्व ही गिरजाघर रोशनी से जगमगाते रहे।

दुकानदारों का हटवाया गया अबैध कब्जा

फर्रुखाबाद|| सिटी मजिस्ट्रेट ने आज पुलिस को साथ लेकर रोडवेज बस स्टेशन के सामने फुटपाथ पर किये गए दुकानदारों का कब्जा हटवा दिया तथा ठिलिया जमाये दुकानदारों को खदेड़ दिया गया। उनके चले जाने के बाद दुकानदारों ने कब्जे को बहाल कर दिया|

नगर सिटी मजिस्ट्रेट हरीशंकर ने यातायात प्रभारी दिलेश कुमार सिंह व कादरी गेट चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय के साथ रोडवेज बस स्टेशन के सामने फुटपाथ व नाली पर काबिज दुकानदार को हड़काकर हटा दिया। फुटपाथ के ऊपर लगी तिरपाल व पालीथिन भी हटवा दी। चार पहिया ठेली पर चाट-पकौड़े बेच रहे दुकानदार भी भगाये गये, जिससे स्टेशन के सामने जगह साफ हो गयी।

टेलीफोन एक्सचेंज के सामने दुकानदार टायर व स्पेयर पार्ट्स बाहर फुटपाथ पर रख देते थे, इस कारण ग्राहक मजबूरन बाइकें आदि वाहन सड़क पर खड़े करते हैं। इससे जाम लग जाता है। दुकानदारों को बिक्री का सामान दुकान के अंदर रखने की हिदायत दी गयी है। नगर मजिस्ट्रेट के अलावा मास्टर प्लान के जेई व अर्दली ने भी अतिक्रमण हटाने में सहयोग किया|

फर्रुखाबाद स्टेशन पर गंदगी मिलने से एसीएम विफरे

फर्रुखाबाद: इज्जतनगर बरेली मंडल के सहायक वाणिज्य प्रवन्धक यशपाल सिंह ने आज फर्रुखाबाद स्टेशन पहुँचने पर प्रेक्षण किया| चारों ओर गंदगी पाए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए सफाई व्यवस्था में सुधार लाने की कड़ी चेतावनी दी|

एसीएम श्री सिंह स्टेशन पर आयोजित विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस कार्यक्रम में भाग लेने आये थे| वहां वाणिज्य निरीक्षक रोरन सिंह ने आदि समस्याएं सुनी| श्यामलाल निर्मोही, पवन कुमार पटवा आदि उपभक्ताओं ने कल ही बंद की गयी कालिंद्री एक्सप्रेस ट्रेन को चालू करवाए जाने की मांग की| दिल्ली की एकमात्र ट्रेन के बंद हो जाने से जनपद वासियों की समस्याओं का उल्लेख किया गया|

छपरा ट्रेन को फतेहगढ़ में रोके जाने तथा पटना मथुरा एक्सप्रेस का फर्रुखाबाद में ठहराव किये जाने की मांग की गयी|

कालिंद्री एक्सप्रेस को चालू कराने की कसरत

फर्रुखाबाद: जिला लोक समिति के पदाधिकारियों ने कालिंद्री एक्सप्रेस को चालू कराने आदि की मांगों को लेकर रेलवे स्टेशन पर धरना दिया तथा सात सूत्रीय मांगों के सम्बन्ध में रेलमंत्री को संबोधित स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन दिया|

ज्ञापन में रेलमंत्री से जिले के सभी लोगों की समस्याओं को देखते हुए कालिंद्री एक्सप्रेस को शीघ्र ही चलवाने, टुंडला पैसेंजर में अतिरिक्त कोच लगवाने, रुदायन स्टेशन पर आन्दोलन के दौरान कार्यकर्ताओं पर लगाए गए फर्जी मुकद्दमो को वापस लिए जाने, वौद्ध पर्यटक स्थल संकिसा जाने के लिए पखना स्टेशन पर कालिंद्री का ठहराव किये जाने, छपरा मेल को फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन पर रोके जाने तथा कासगंज से वाया फर्रुखाबाद मैनपुरी होकर आगरा के लिए पैसेंजर ट्रेन चलाये जाने की मांग की गयी|

ज्ञापन पर प्रदेश अध्यक्ष सुलतान सिंह, जिला प्रभारी छेदालाल अवस्थी, गौतम कुमार कश्यप आदि ने हस्ताक्षर किये हैं|

फर्रुखाबाद महोत्सव: प्रतियोगिता में मेहंदी डिजाईन के जलबे

फर्रुखाबाद: फर्रुखाबाद महोत्सव में आज पटेल पार्क में मेहंदी एवं थाल सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया|

प्रतियोगियों ने विभिन्न प्रकार की मेहंदी की डिजाईन बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया| निर्णायक भावना गुप्ता एवं उर्मिला सक्सेना ने स्वाती वर्मा को प्रथम, श्रुती गुप्ता को द्वतीय तथा रागिनी गुप्ता को तृतीय घोषित किया|

प्रतियोगिता में पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, अलका राजपूत, डॉ पुष्पा सूद, बाला सिंह, सुषमा गोश्वामी, मुन्नी यादव, नेहा सिद्दीकी, हिरा सिद्दीकी, अन्तुलता, देवकी श्रीवास्तव, राखी माथुर, सोनू त्रिवेदी मौजूद रहीं|

थाल सजाओ प्रतियोगिता में ज्योती सक्सेना को प्रथम, स्वाती वर्मा को द्वतीय, प्रीती गहरवार को तृतीय स्थान पर घोषित किया जायेग| सुरभि गोश्वामी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया|