Home Blog Page 5597

बसपा खेमे में एक और बलात्कारी नेता

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद बलात्‍कार का जो मामला प्रकाश में आया है उसने सिर्फ स्‍थानीय लोगों को ही नहीं बल्कि सत्‍ता के गलियारे में बैठे सूबे के सिपासलाहकारों को भी सोचनें पर मजबूर कर दिया है। जी हां बसपा खेमे में एक और ऐसे नेता का नाम बाहर निकल कर आया है जिसने एक मासूम के साथ बलात्‍कार किया। आपको जानकर हैरत होगी कि इंसानियत की सारी हदें पार कर नेता मासूम को दिल्‍ली ले गया और वहां उसे ड्रग्‍स देकर बेहोश कर दिया। मासूम के बेहोश होते ही चार पांच अन्‍य लोगों ने उसकी इज्‍जत के साथ खिलवाड़ किया। सीधे शब्‍दों में कहें तो ड्रग्‍स के नशे में मासूम का गैंग रेप किया गया।

पुलिस ने इस मामले में एक लड़की और एक शख्स को गिरफ्तार किया है। जबकि विधायक का आरोपी भाई अकरम फरार है। पुलिस के ताबिक लड़की 14 साल की है और वो पिछले 13 मई से गायब थी। इस लड़की को कल सुबह लड़की बीएसपी के उसैहथ से विधायक मुस्लिम खां के भाई के घर से बरामद किया गया है। विधायक का भाई भी बीएसपी में है।

पुलिस का कहना है कि लड़की ने बताया है कि उसे अपहरण के बाद बरेली ले जाया गया। बरेली में पांच लोग मिले जो लड़की को दिल्ली ले गए। लड़की के मुताबिक उसे दिल्ली में ड्रग्स दिया जाता था। लड़की का आरोप है कि दिल्ली में उसके साथ कई लोगों ने बलात्कार किया। इसके बाद लड़की को बदायूं लाया गया। यहां भी उससे बलात्कार किया गया।

लड़की ने बीएसपी के विधायक के भाई अकरम पर बलात्कार का आरोप लगाया और ये भी कहा कि ये सारा खेल अकरम ने ही करवाया है। इस मामले में अपहण का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक लड़की जो कि पीड़ित लड़की को बहला-फुसला कर ले गई थी और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जबकि अकरम अभी फरार है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

नहीं चेत रहा प्रशासन: ऑनलाइन सर्वे की जालसाजी जारी

फर्रुखाबाद : लखनउ में ऑन लाइन सर्वे कराकर लाखों रुपये कमाने का झांसा देने वाली कंपनी के शाखा संचालक की गि‍रफतारी के बावजूद अभी जनपद का प्रशासन नहीं चेत रहा है। जनपद में भी सर्वे के नाम पर कर्इ कंपनि‍यां यहां अपना जाल फैलाये हैं, बाइनेरी सिस्‍टम पर आधारित यह गोरखधंधा आखिर किस करवट बैठता है यह सभी जानते हैं परंतु इसके बावजूद केवल सामने दिखरहे फायदे की लालच में लोग फंसते चले जाते हैं और अपने दोस्‍तों व रिश्‍तेदारों को भी फंसाते चले जाते हैं।

आनलाइन सेर्वे के नाम पर एक मुश्‍त रजिस्‍ट्रेशन फीस लेकर प्रति सप्‍ताह रकम की किस्‍तो में वापसी का वादा किया जाता है। साथ ही हर ग्राहक से अपने नीचे की चेन में दो नये ग्राहक जोड्ने पर एक मुश्‍त दो किस्‍तों की अदायगी का भी चारा डाला जाता है। अपना नि‍वेश वापस पाने के लि‍ये ग्राहक अपने साथि‍य दोस्‍तों व रिश्‍तेदारो को फंसाते चले जाते हैं। इस चेन से 2 से 4 से 8 से 16 से 32 से 64 से 128 सदस्‍य कब फंस गये पता ही नहीं चलता। चेन तब टूटती है जब नये सदस्‍य मि‍लने में कठि‍नार्इ प्रारंभ् हेा जाती है। हर चेन में यह स्‍थि‍ति‍ तो एक न एक दि‍न पहुंच ही जाती है। बस यहीं से शुरू हेा जाता है वि‍वाद। यह स्‍थि‍ति पहुंचते ही संचालक अपना बेारि‍या बि‍स्‍तरा लेकर फरार हो जाते हैं, व बडी् संख्‍या में ग्राहक ठगे रह जाते हैं। इवेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर ऑन लाइन सर्वे से जुड़ी कंपनी खोलना जालसाजों के लिए बेहद आसान है। इसके लिए आरबीआई और एनबीएससी से रजिस्ट्रेशन नहीं कराना पड़ता। छोटे कमरे में भी इसका कार्यालय खोलकर ऑन लाइन सर्वे के नाम पर गोरखधंधा किया जा रहा है।

हाल ही में लखनउ में इसी प्रकार की घटना में पुलि‍स ने एक सर्वे कंपनी जीबी एशिया ऑन लाइन के संचालक को छापा मार कर गि‍रफतार कर लि‍या व कंपनी का दफतर भी सील कर दि‍या। जनपद में भी इस प्रकार के कर्इ सर्वे के नाम पर ठगी का धंधा जोरों से जारी है। जनपद का प्रशासन अभी ठगी के इस धंधे से जु्डे् के वि‍रुद्ध कार्रवाई नहीं कर रहा है। यदि‍ समय रहते प्रशासन व पुलि‍स नहीं चेती तो यहां भी एक दि‍न कानून व्‍यवस्‍था की स्‍थि‍ति‍ बन सकती है।

बेसिक शिक्षा के यूआरसी को महिला की हत्या में उम्रकैद

फर्रुखाबाद : महिला की दिन दहाड़े सरेआम गोली मारकर हत्या करने में बेसिक शिक्षा के नगर संसाधन केन्द्र समन्वयक रमाकांत तिवारी समेत दो को विशेष न्यायाधीश एंटी डकैती ने उम्रकैद की सजा सुनाई। आरोप सिद्ध न होने पर शिक्षक की पत्नी को बरी कर दिया गया।

विदित है कि विगत 5 नवंबर 1999 को पूर्वाह्न 10 बजे शहर क्षेत्र में नुनहाई के पास सरेआम दंपती पर गोलियां चलाकर हमला किया गया था। मोहल्ला कटरा नुनहाई निवासी अरविंद कुमार चतुर्वेदी अपनी पत्नी निर्मला के साथ कचहरी आ रहे थे, तभी हमलावरों ने घेरकर फायरिंग की। अरविंद घायल होकर जान बचाकर भागे लेकिन निर्मला को हमलावरों ने गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गयी। हत्याकांड के पीछे मुकदमेबाजी की रंजिश थी। इससे पहले भी 13 अगस्त 1998 को अरविंद पर हमला किया गया था।

अरविंद की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मोहल्ला चिलपुरा निवासी व बेसिक शिक्षा के पूर्वमाध्यमिक विद्यालय लिंजीगंज के शिक्षक और नगर संसाधन केन्द्र समन्वयक (यूआरसी) रमाकांत तिवारी, उनकी पत्नी कमलेश, उखरा नवाबगंज निवासी जय शिवनरायन तथा मधुकरपुर बेवर निवासी पप्पू के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। न्यायाधीश ने दोषी पाये जाने पर अभियुक्त शिक्षक रमाकांत तिवारी व जय शिवनरायन को हत्या के जुर्म में उम्रकैद व 10-10 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया है।

एमडीएम के 4.42 करोड़ की वसूली को जारी होगी आरसी

फर्रुखाबाद: पूर्वप्रधानों व ग्राम पंचायत अधिकारियों पर मध्याह्न भोजन योजना के निकल रहे 4.42 करोड़ रुपये बकाया की धनराशि की वसूली के लिए शीघ्र आरसी जारी की जायेगी| जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कौशल किशोर ने बताया कि कुछ नए प्रधान भी इस परिधि में आ रहे हैं, उके विरुद्ध भी वसूली हेतु लिखा जाएगा|

विदित है कि अप्रैल 2009 से अब तक मध्याह्न भोजन योजना की कनवर्ज़न कास्ट के अवशेष 4.42 करोड़ रुपये की धनराशि की वसूली के लिए जिला स्तरीय टास्क फ़ोर्स में  आदेश जारी हुए हैं। उल्लेखनीय है कि 2009 व 10 में स्कूलों में भोजन पकवाने के लिए प्राथमिक विद्यालयों के लिए 2.69 रुपये तथा उच्च प्राथमिक के लिए 4.03 रुपये प्रति छात्र के हिसाब से परिवर्तन लागत (कनवर्जन कास्ट) दी गयी। इसके साथ ही खाद्यान्न के रूप में गेहूं व चावल दिया जाता है। परिवर्तन लागत 2010 तक प्रधान व पंचायत सेक्रेटरी के खाते में भेजी जाती थी। छात्रों की संख्या के हिसाब से मार्च 2009 तक ही जिले में 4.42 करोड़ रुपये बकाया निकल रहा है। पंचायत चुनाव से पूर्व भी यह मामला उठा था तब तत्कालीन जिलाधिकारी को इन प्रधानों के अधिकार सीज करने क लिए पत्रावली भेजी गई थी, परन्तु कोई कार्रवाई नहीं हुई| विगत सप्ताह 18 मई को टास्क फोर्स की बैठक में भी इस पर चर्चा हुई। आरसी जारी किये जाने की भी बात कही गयी। वसूली की भनक लगते ही प्रधानों ने हिसाब में ही गड़बड़ी का आरोप लगा कर वसूली का विरोध शुरू कर दिया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कौशल किशोर ने बताया कि बकाया धनराशि का हिसाब लगाया जा रहा है| वसूली हेतु शीघ्र ही फ़ाइल जिलाधिकारी को भेज दी जायेगी| उनहोंने बताया कि कुछ नए प्रधान भी बकाया की परिधि में आ रहे हैं, उनसे भी समायोजन किया जाएगा|

प्रधान ने लिखाई पट्टा भूमि पर कब्जेदार के विरुद्ध रिपोर्ट

फर्रुखाबाद: शासन के सख्त आदेश के बावजूद भी पट्टेदारों को अभी तक उनकी पट्टा भूमि पर कब्जा नहीं मिला है| सरकार ने इस सम्बन्ध में अनेकों बार आदेश जारी कर अधिकारियों को सख्त चेतावनी भी दी है कि अभियान चलाकर सभी पट्टेदारों को उनकी जमीन पर कब्जा दिला दिया जाए|

अभी तक पट्टा भूमि पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध राजस्व विभाग के ही कर्मचारी रिपोर्ट दर्ज कराते थे| लेकिन अब राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने बुराई एवं अदालती झंझटों के कारण प्रधानों से रिपोर्ट दर्ज करवाना शुरू करवा दिया है|

ब्लाक बढपुर ग्राम पंचायत आमिलपुर ग्राम राम नगर निवासी प्रधान दयाराम सिंह ने नया नगला निवासी विजयपाल व पुत्र रूपलाल के विरुद्ध पट्टा भूमि पर जबरन कब्ज़ा करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है|

ग्राम नया नगला के वेदराम की पट्टे की जमीन पर विजयपाल ने जबरन कब्ज़ा कर लिया| लेखपाल ने पट्टा जमीन की २२ मई को ही पैमाईस की थी| पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है|

‘फर्रुखाबाद परिक्रमा’- ये इलाका तो भाभीजी, मामा भांजे और उस्ताद के लिए..

0

कम्पिल से कन्नौज तक धमाल ही धमाल

मुंशी हर दिल अजीज दौड़ते भागते हाँफते त्रिपौलिया चौक पर आकर रुके| पानी पिया पान खाया और पटिया पर बैठ गए| थोड़ी देर बाद रेलवे रोड, नेहरू रोड की ओर देख लेते परन्तु मियाँ झान झरोखे कहीं दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे थे| लोहाई रोड से नाला मछ रट्टा तक का इलाका तो मामी जी, मामा, भान्जे और उस्ताद के लिए आरक्षित है| उधर जाने और देखने की हिम्मत नहीं पड़ी|

मुंशीजी बेचारे कब तक चुप बैठते| एक पुराने अखाड़ची पहलवान टाईप सज्जन पर बड़े प्रेम से दोस्ती का शहद टपकाते हुए बोले- भाई साहब ! बहुत दिनों बाद दिखे कहिये क्या हालचाल हैं| पहलवान शायद पहले से ही फुंके बैठे थे, तल्ख़ अंदाज में बोले हमार हाल और चाल को तुम हमार ऊपर छोड़ दो अपनी बताओ किसी को चैन से बैठने दोगे कि नहीं| मुंशी तुम्हारी और मियाँ जी की जोड़ी बनवास पर थी तब तक जिले और शहर में सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था| या यूं कहें कि दिख नहीं रहा था| परन्तु अब तुम दोनों………|

इसी बीच मियाँ झान झरोखे जाने कहाँ से आ टपके पहलवान के कंधे पर जोर से हाँथ मारते हुए बोले| अबे क्या हो गया मोटे? ठीक ठाक कुछ नहीं था हम नहीं थे सब चुप थे| लूट मची थी मनमानी का बोलबाला था| कम्पिल से कन्नौज तक जाने कितने छोटे बड़े गिरोह बहुरूपियों के खेमे में धमाल मचाये थे| नेता अफसर पुलिस दलाल, सब हो रहे थे मालामाल अब सुधरने का मौक़ा दे रहे हैं| वोटर जाग रहा है अब 45 या 50 प्रतिशत वोट नहीं पड़ेगा| वोट पड़ेगा 80,85 और 90 प्रतिशत| राजनीति में जात-पात की, साम्प्रदायिकता की, भ्रष्टाचार की, महंगे चुनाव की, धन बल बाहुबल, बेईमानी भ्रष्टाचार की जो गन्दगी तुम सब ने मिलकर फैलाई है मतदाता मिलकर इसबार उन सब को साफ़ करने का मन बना चुका है| पहलवान सकपका गए बोले भैया हमें माफ़ करो, हमें बख्शो| हम तो आज से ही दुआ करेंगें कि आप दोनों अपनी प्रतिज्ञा पूरी करें| हमें अच्छे सच्चे जन प्रतिनिधि अफसर और पुलिस मिले|

मियाँ और मुंशी यह कहते हुए अपने-अपने घर चले गए-

कबिरा खड़ा बाजार में सबकी मांगे खैर,
न काहू से दोस्ती न काहू से बैर|

…………………………………………………………………………………………………………………
चेला चला गुरू की चाल-

एक जिले के दो जिले भले ही बन गए हो कन्नौज और फर्रुखाबाद को अलग नहीं किया जा सकता| दिगम्बर सिंह यहाँ से भले ही कन्नौज चले गए हों परन्तु उनकी बुनियाद यहीं की है| जिले के सबसे बड़े कालेज वद्री विशाल के छात्र संघ अध्यक्ष रहते उनकी पहिचान बनी तब दोनों जिले एक थे| फिर वह ठेकेदारी और सहकारिता से जुड़े| सहकारिता के दिग्गज नेता छोटे सिंह यादव उस समय मुलायम सिंह यादव के स्थानीय स्तर पर आँख और कान ही नहीं थे मिनी मुख्यमंत्री थे| दिगंबर सिंह उन्ही छोटेसिंह के प्रमुख सिपहसलारों में थे| छोटा कद बेमिसाल तेजी| छोटे सिंह मुलायम सिंह का गुणगान करते करते आगे ही बढ़ते चले गए| परन्तु अचानक जाने क्या हुआ? पहले गुरू का मोह भंग हुआ सपा और मुलायम सिंह से| वह बसपा में चले गए अब दिगंबर सिंह का मन विचलित हो गया| सपा पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कांग्रेस का दामन थाम लिया| देखना है आने वाले दिनों में चेला गुरू को कांग्रेस में लाता है या गुरू चेले को बहन जी के क़दमों में लाकर डालते हैं|

बनवास के बाद किसी का खत्म किसी का शुरू-

त्रिपौलिया चौक पर मई के महीने में इस बार गहमा गहमी कुछ ज्यादा रही| हर एक के पास अपनी खुशी के अपने कारण थे, और हैं| कुछ बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना जैसे नज़ारे पेश कर रहे हैं|

त्रिपौलिया चौक मजदूरों के शहर में सबसे बड़ी मंडी है जसमई, आवास विकास, घटियाघाट आदि पर भी छोटे बड़े इस तरह के केंद्र बन गए हैं| परन्तु चौक का नजारा सुबह से लेकर देर रात तक अपनी अलग पहिचान और मस्ती रखता है| मई दिवस पर प्रति वर्ष यहाँ से लाल सलाम वालों का जमघट जुटता है| हुआ सब इस बार भी परन्तु बाम पंथियों के तेवर इस बार ढीले-ढीले से थे| सपाईयों के सरफुटौहल के चर्चे यहाँ बराबर सुनने को मिलेंगें| एक ग्रुप जाता तथा दूसरा आकर जगह घेर लेता| पानी, बिजली, पेट्रोल दाम महंगाई, भ्रष्टाचार को लेकर चुनावी वर्ष में इसबार सरगर्मियां मई के बाद भी जारी रहेंगीं| ऐसा माहौल बनता जा रहा है|

13 मई को बसपाई सब कुछ अच्छा अच्छा ही देख सुन और बता रहे थे| कांग्रेसी अंधेर नगरी का राग अलाप रहे थे| बहन जी के कार्यकाल के चार साल पूरे हो गए| पांच राज्यों के चुनाव परिणाम जैसे ही आने शुरू हुए मायावती और ममता बनर्जी की तुलना शुरू हो गयी| कांग्रेसियों के अलावा किसी के पास खोने पाने को कुछ विशेष था ही नहीं| सो वे वेचारे मुंह लटकाए हंसी दबाये रुक-रुक चहल कदमी करते रहे| भाजपाईयों को झटका जरूर थोड़ा जोर का लगा| सोचते थे केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल में कुछ हाँथ लग जाता तो सिंहनाद, सिंहगर्जना, विजय वाहिनी, शंखनाद जैसा कुछ रिहर्सल हो जाता| बेचारे मन मसोस कर रह गए| 17 मई वुद्ध जयन्ती की जवर्दस्त धूमधाम रही त्रिपौलिया पर|

कांग्रेसी राजीव गांधी की पुण्य तिथि से निपटे ही थे किसी ने याद दिलाया कि कल (22 मई) सलमान साहब का बनवास खत्म होने की दूसरी वर्ष गाँठ है| उपलब्धियों का लेखा-जोखा दर्जनों प्रतिनिधि टटोलने लगे हैं| हर विभाग के प्रतिनिधि ने अपने पत्रों ज्ञापनों की शिकायत का बस्ता खोला परन्तु नतीजा वही ढाक के तीन पात, ठनठन गोपाल| एक पुराने कांग्रेसी बोले काहे दुखी होते हो अपने सलमान साहब कोई मन मोहन सिंह से ज्यादा काबिल तो है नहीं| जब उनके अच्छे भले रिकार्ड को महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और तिहाड़ जेल में बढ़ते वीआईपी की भीड़ ने बदरंग कर दिया तब फिर बेचारे सलमान साहब कर भी क्या सकते हैं- बात भी सही है|

कोई आलमस्त कोई माल मस्त
कोई मस्त फकीरी बाने में |
हम इधर मस्त, तुम उधर मस्त
क्या रखा है दिल को जलाने में|

और अंत में-

घर में दो ही प्राणी,
उसमे भी पुरखिन कानी|
मेरी जेबों में सभी पार्टियां है,
वोटर भैया समझे- बड़ी मजबूरियाँ है|
कौन विभाग है वेईमानी में सबसे आगे| कौन नेता है सबसे शरीफ, कौन अफसर है सबसे ज्यादा कर्मठ| किस पार्टी में कौन है सबसे निष्ठावान| किस योजना में और निर्माण में नहीं हुआ बन्दर बाँट से लेकर और अनेक विषयों पर आने वाले दिनों में आपसे भेंट करने का इरादा है| कहाँ हमसे चूक हुई और कहाँ आपसे चूक हुई ? बिना किसी पूर्वा गृह के उसपर चर्चा सार्थक चर्चा, रचनात्मक विचार विमर्श करेंगें| लेकिन यह सब आपकी मदद के बिना संभव नहीं है| आईये और फर्रुखाबाद परिक्रमा में चलिए हमारे साथ| जागिये और जगाईये| अच्छे चुनाव परिणामों के लिए मतदान प्रतिशत बढाने का संकल्प कीजिये|

जय हिंद………..

(लेखक वरिष्ट पत्रकार के साथ वकील व समाजवादी चिंतक है)

प्रस्तुति-

सतीश दीक्षित (एडवोकेट)
1/432, आवास विकास कालोनी फर्रुखाबाद

पाठक अपनी प्रतिक्रिया satishdixit01@gmail.com or jninews@gmail.com पर भी भेज सकते है|

समाजवादी पार्टी में बगावत की आग और भड़की

फर्रुखाबाद: जिला समाजवादी पार्टी में बगावत की आग आज उस समय और भड़क गयी जब महिला सभा की जिलाध्यक्ष सुषमा जाटव ने जिलाध्यक्ष के इस्तीफे की मांग की और स्वयं पद से इस्तीफा दे दिया|

जिला समाजवादी युवजन सभा के अध्यक्ष दृगपाल सिंह यादव बाबी ने दो जून को मधुर मिलन गेस्ट हाउस में होने वाले जिला सम्मलेन की तैयारी की जानकारी के लिए पत्रकारों से वार्ता की| और लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष नवरंग सिंह यादव, अल्प संख्यक सभा के जिलाध्यक्ष मुईद अफरीदी, पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा , छात्र सभा के जिलाध्यक्ष विश्व प्रताप सिंह चीनू, महिला सभा के जिलाध्यक्ष सुषमा जाटव को एक साथ एकत्र किया|

श्री यादव ने बताया कि भीड़ एकत्र करने के लिए जिम्मेदारियां सौंप दी गयी हैं| वह सभी सहयोगी संगठन के अध्यक्ष के साथ २३ मई को कायमगंज क्षेत्र, २५ मई को अमृत पुर, २७ मई को सदर क्षेत्र तथा २९ मई को भोजपुर बिधान सभा क्षेत्र का व्यापक भ्रमण करेंगें| इस दौरान जिन लोगों को क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गयी है वह साथ मौजूद रहेंगें|

पत्रकार वार्ता के दौरान सुषमा जाटव के शरीर का लावा फूटकर बाहर निकल पडा| उन्होंने पद से इस्तीफा दिए जाने की जानकारी देते हुए फोटो प्रतियां बांटी| जिसमे उन्होंने पार्टी में निष्ठा से १८ वर्षों से सेवा की जानकारी देते हुए कायमगंज की सुरक्षित सीट से चुनाव की टिकट न दिए जाने का रोना रोते हुए जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह को दोषी ठहराया|

वार्ता के दौरान विधायक प्रतिनिधि मनमोहन मिश्रा, रजत क्रांतिकारी मुन्ना यादव एडवोकेट, समीर यादव आदि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे|

गुलाबी गैंग ने हंगामा मचाकर निर्माण कार्य रुकवाया

फर्रुखाबाद: गुलाबी गैंग ने पुलिस चौकी जाकर इस कदर हंगामा मचाया कि चौकी इंचार्ज ने आनन्-फानन में हो रहे अवैध निर्माण कार्य को रुकवा दिया|

गुलाबी गैंग की जिला कमांडर अंजली यादव ग्राम खानपुर निवासी सोवरन सिंह वर्मा की पत्नी मुन्नी देवी आदि करीब डेढ़ दर्जन महिलाओं के साथ कादरीगेट पुलिस चौकी पहुँची| उन्होंने फोन करके चौकी प्रभारी इन्द्रेश कुमार को बुलवाया और अधिकारीयों के आदेश के बावजूद निर्माण कार्य बंद न कराये जाने के लिए उन्हें बुरी तरह हड़काया|

चौकी इंचार्ज ने सफाई दी कि निर्माण कार्य रुकवा दिया है| जबकि मुन्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस निर्माण कार्य रुकवाने के बजाय स्वयं बनवाने में मदद कर रही है| गैंग के सदस्यों ने पुलिस मुर्दाबाद आदि के नारेबाजी शुरू कर दी और चौकी इंचार्ज को उनकी कार्य प्रणाली के बारे में एसपी से शिकायत करने की चेतावंनी दी| इससे घबराये चौकी इंचार्ज मोटर साइकिल लेकर निर्माण स्थल पहुचे और निर्माण कार्य बंद कराकर मजदूरों को इधर-उधर कर दिया|

गुलाबी गैंग की सदस्य भी जब मौके पर पहुँची तो दरोगा ने सफाई दी की निर्माण कार्य नहीं हो रहा था तब गुलाबी गैंग ने उन्हें ताजा बना हुआ मसाला व दीबार दिखाते हुए कहा कि उधर देखों वहां मजदूर भी छिपे हैं|

शादी के चौथे दिन ही नव विवाहिता की जगह उसका शव आया

फर्रुखाबाद: लोभी ससुराल वालों ने लाखों रुपये दहेज़ की मांग को लेकर नव विवाहिता उर्मिला उर्फ़ गुड़िया को इतना प्रताड़ित किया कि उसने फांसी लगाकर जान दे दी| भयभीत ससुराल वाले घर से भाग गए| चौथी में विदा की जगह गुड़िया का शव आने से कोहराम मच गया|

कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला नवदिया निवासी शिक्षक दिनेश सिंह सोमवंशी ने काफी दान-दहेज़ देकर अपनी पुत्री गुड़िया की शादी कर १८ मई को ही विदा किया था| तब किसी ने भी सपने में नहीं सोंचा था कि मासूम गुड़िया चार दिन बाद लाश बनकर घर वापस आयेगी|

गुड़िया का कोतवाली अलीगंज के ग्राम झाकरई में राहुल राठौर से विवाह हुआ था| ससुराल वाले दहेज़ से संतुष्ट नहीं हुए उन्होंने गुड़िया के पहुंचते ही दहेज़ में लाखों नगद रुपये न मिलने का ताना देते हुए उसे प्रताड़ित किया| गुड़िया ने १९ मई को ही फोन पर इस बात की जानकारी परिजनों को दे दी| प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर गुड़िया ने बीती रात बंद कमरे में फांसी लगा ली|

प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि गुड़िया के दोनों पैर झुलसे थे, एक पैर की हड्डी भी टूटी हुयी थी, नाखून उखड़े हुए थे, शरीर पर कोई जेवर नहीं था, गर्दन पर दबाये जाने का निशान था| ह्त्या करने के बाद गुड़िया के शव को धोती से लटकाकर आत्महत्या करना दर्शाया गया|

क्षेत्राधिकारी अलीगंज आनंदवीर सिंह ने मोबाइल फोन पर JNI को बताया कि करीब तीन लाख रुपये के मांग को लेकर गुड़िया को प्रताड़ित किया गया जिसके कारण उसने बंद कमरे में फांसी लगा ली| ससुराल वाले घर छोड़कर भाग गए| मायके वालों ने दरवाजा तड़कर शव को बाहर निकाला| पति, सास, ससुर, देवर आदि ६ परिजनों के विरुद्ध दहेज़ ह्त्या की रिपोर्ट तथा शव का पोस्टमार्टम कराया गया है|

दलित महिला के साथ लेटे दबोचा गया मनचला युवक

फर्रुखाबाद: दबंग मनचला युवक रात के समय पड़ोस की छत पर सोने वाली महिला के साथ जाकर लेट गया| पकड़े जाने से गुस्साए युवक ने महिला की पिटाई कर उसे ही धमकाया है|

कोतवाली मोहम्दाबाद के ग्राम पिपर गाँव निवासी बीमार धर्मवीर कठेरिया बीती रात छत पर लेटा था, पास ही दूसरी चारपाई पर पत्नी सीमा ४ वर्षीय पुत्री गौरी के साथ सो रही थी| रात ११ बजे पड़ोसी भारतलाल शाक्य का मनचला पुत्र कौशल सीड़ी लगाकर छत पर चढ़कर गया और सीमा के साथ लेटकर अश्लील हरकतें करने लगा| पत्नी के चीखने पर धर्मवीर ने कौशल को दबोच लिया|

पकडे जाने पर कौशल धक्का देकर भाग गया| धर्मवीर ने कोतवाली में घटना की जानकारी दी| इसी बात से गुस्साए कौशल व उसके परिजनों ने धर्मवीर के घर पर हमला बोल दिया| पति-पत्नी की पिटाई की और मार डालने की धमकी देते हुए चले गए|

कोतवाली पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किये जाने पर धर्मवीर ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है कि वह हमलावरों के भय से गाँव छोड़ गया था| २१ माह बाद भांजी की शादी में गाँव आया था|