Home Blog Page 5596

युवती को आत्महत्या पर मजबूर करने में 7 वर्ष कैद

फर्रुखाबाद: नगर के मोहल्ला खड़ियाई में विगत 11 जून 1993 को दबंग पड़ोसी नीरज मिश्र दीवार फांदकर युवती सुनीता के घर जा घुसा। सुनीता ने शोर मचा दिया| शोर मचाने पर मोहले के लोग एकत्र हो गए। बदनामी के कलंक से आहात युवती सुनीता ने जान दे दी थी। पिता सुरेशचंद्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर नीरज के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया।
अदालत में सुनवाई के दौरान बहस सुनने के बाद दोषी पाये जाने पर अपर जिला जज हामिद उल्लाह ने अभियुक्त नीरज मिश्र को 7 साल कैद की सजा सुनायी। न्यायाधीश ने अभियुक्त पर 5 हजार रुपये जुर्माना लगाकर अर्थदंड जमा न करने पर अतिरिक्त कैद का आदेश दिया। नीरज मिश्र को आत्महत्या पर मजबूर करने के लियर धारा 306 के जुर्म में 7 वर्ष कैद व 3 हजार रुपये जुर्माना, छेड़छाड़ की धारा 354 के जुर्म में 1 वर्ष कैद व 1 हजार रुपये जुर्माना तथा घर में घुसने की धारा 452 के जुर्म में 2 वर्ष कैद व 1 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया।

सपा, बसपा, बीजेपी में सेंधमारी कर कांग्रेस ने ताकत बड़ाई

फर्रुखाबाद: कांग्रेस पार्टी ने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी एवं भारतीय जनता पार्टी में सेंध मारी कर अपनी ताकत बड़ाई है|

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्ण प्रकाश शुक्ला पुन्नी ने बताया कि बसपा, सपा व बीजेपी छोड़कर करीब ५० लोगों ने नेकपुर कला निवासी संजीव कटियार के आवास पर कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली|

जिनमे-

नेकपुर कलां की माधुरी दिवाकर, राजश्री, रेखा देवी, पूनम देवी, सुज्जा देवी, विटेनो देवी, नन्हे दिवाकर, पवन, पान सिंह, रजनी, धन्देवी, उर्मिला, निर्मला, पुष्पा देवी आदि के नाम शामिल हैं| पार्टी की ताकत बढाने में बसीमुज्जमा खां, मोहित गुप्ता आदि कांग्रेसियों का सहयोग रहा|

जिला कारागार के बंदियों में संघर्ष एक की आँख फूटी

फर्रुखाबाद: दबंगई के कारण जिला कारागार के बंदियों में जमकर संघर्ष हुआ| हमले में अनेकों कैदियों को चोट लगीं| गंभीर रूप से घायल कैदी राम रहीश घायल हो गया| बंदियों में संघर्ष होने पर जेल प्रशासन में हडकंप मच गया|

जिला कारागार के हेड बार्डन जगदीश प्रसाद ने घायल ५० वर्षीय राम रहीश को रात ८ बजे लोहिया अस्पताल पहुंचाया| डॉ अजय कुमार ने उसका उपचार किया| जगदीश की बाईं आँख फूट गई| घायल राम रहीश ने बताया कि वह बैरक नंबर ९ में बंद है| पड़ोसी बंदी राम औतार दरी बिछाकर लेटा था| मैंने उससे दरी एक किनारे करने को कहा ताकि वहां मै भी बिस्तर लगाकर आराम करता|

राम रहीश ने बताया कि राम औतार ने गाली गलौज किया जब मैंने गाली देने से मना किया तो उसने मेरे ऊपर पथराव किया| एक पत्थर मेरी आँख में लगा|

प्रिया हत्याकांड: अभियुक्तों की जमानत खारिज

फर्रुखाबाद: कायमगंज के चर्चित ऑनर किलिंग मुकदमे में प्रभारी जिला जज रमा जैन ने दो अभियुक्तों की जमानत याचिका खारिज कर दी। मामले में 3 अभियुक्तों की जमानत पहले ही खारिज हो चुकी है।

प्रिया वर्मा व गुड्डा ऑनर किलिंग मुकदमे में फंसे बजरिया रामलाल कायमगंज निवासी संजय वर्मा तथा चौबेड़ा कमालगंज निवासी उमेश यादव की जमानत याचिका न्यायालय ने खारिज कर दी| अभियोजन की ओर से तर्क दिया गया कि प्रिया व नाजिम उर्फ गुड्डा ने 29 मई 2010 को विवाह कर लिया था। दोनों के धर्म को लेकर परिजनों ने विरोध किया। प्रिया के भाई संजय वर्मा ने 18/19 जनवरी 2011 की रात प्रिया का अपहरण किये जाने की रिपोर्ट दर्ज करायी। 27 जनवरी 2011 को प्रिया का शव काली नदी कूल्हापुर घाट पर मिला जबकि बाराबंकी में गुड्डा का शव दो सूटकेसों में मिला। मोबाइल पर वार्ता की काली नदी के पास होने की लोकेशन है। ऑनर किलिंग का मामला है। संजय से रिवॉल्वर भी बरामद हुआ। बचाव पक्ष की ओर से तर्क दिया गया कि अभियुक्तों के खिलाफ मात्र शव बरामदगी स्थल पर मोबाइल का लोकेशन मिलने का ही साक्ष्य है। सुनवाई के बाद न्यायाधीश ने दोनों अभियुक्तों की जमानत याचिका खारिज कर दी।

ट्रेन से गिरकर गंभीर घायल युवक लोहिया अस्पताल में

फर्रुखाबाद: ट्रेन से गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया| कुछ युवकों ने मानवता का परिचय देते हुए उसे लोहिया अस्पताल पहुंचाया|

नेक्पुरे चौरासी के निकट रात ८ बजे एक युवक रेलवे ट्रेक पर घायल पड़ा देखा गया| घायल युवक को देखने वालों की भीड़ लगी रही लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की| नेकपुर चौरासी निवासी युवक दीपक गौर व उसके साथियों ने घायल युवक को रात ८:३५ बजे लोहिया अस्पताल पहुंचाया|

गंभीर रूप से घायल २२ वर्षीय युवक केवल अपना नाम अनुराग कटियार जिला कन्नौज का पता बता सका|

एबीआरसी परीक्षा का परिणाम अधर में

फर्रुखाबादः जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कौशल किशोर ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक ब्लाक संसाधन केंद्र समन्वयक पदो के लिये हुई परीक्षा की फाइल को जिलाधिकारी ने अनुमोदित कर दिया है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने फिलहाल पदस्थापन पर रोक लगाई है।

-खाली रह जायेगा यूआरसी का पद

विदित हे कि विगत 17 मई को बुद्ध पूर्णिमा के दिन एबीआरसी की परीक्षा करायी गयी थी। लगभग दो दर्जन दलित शिक्षकों ने बुद्ध पूर्णिमा के त्योहार के कारण परीक्षा का बहिष्कार कर दिया था। इसी विवाद के चलते परीक्षा संबंधी पत्रावली जिलाधिकारी रिग्जिन सैम्फेल ने तलब कर ली थी। लगभग एक सप्ताह बाद पत्रावली को अनुमोदित कर दिये जाने की सूचना मिली है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कौशल किशोर ने बताया कि पत्रावली को जिलाधिकारी ने अनुमोदन दे दिया है परंतु फिलहाल पदस्थापन पर अग्रिम आदेशों तक के लिये रोक लगा दी है।

उल्लेखनीय है कि नगर क्षेत्र के संसाधन केंद्र -यूआरसी के सह समन्वयक पद के लिये एक मात्र आदेदन पूर्व यूआरसी रमाकांत तिवारी ने किया था। परंतु दो दिन पूर्व श्री तिवारी के हत्या के एक मामले में जेल चले जाने के कारण इस पद के खाली ही रह जाने की स्थिति बन गयी है।

[bannergarden id=”1″]

नाव दुर्घटना: दुसरे दिन भी लापता ग्रामीणों की तलाश बेनतीजा रही

फर्रुखाबाद: अटैनाघाट पर नाव पलटने से हुए हादसे में लापता लोगो की तलाश में मंगलवार को भी प्रशासन गोताखोरो की मदद से खोज में लगा रहा।

मंगलवार को अटैनाघाट पर हुए नाव हादसे में दस लोगो को सुरक्षित बचा लिया गया था जिसमें एक बालिका मोहिनी व एक वृद्वा मोरकली की मौत हो गई थी। जबकि लगभग एक दर्जन लोग लापता हो गये थे। जिनकी तलाश मंगलवार को जारी रही। बुधवार को बदायूं प्रशासन की ओर से दर्जनो गोताखोरो को गंगा में उतारा गया और गंगा में डूबे लापता लोगो की तलाश होती रही। पानी अधिक होने के कारण गोताखोरो को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। प्रशासन द्वारा जाल भी डलवाये गये लेकिन अभी तक लापता हुए लोगो का कोई पता नही चल पाया था।

अटेनाघाट पर नाव पलटने से हुए हादसे के बाद बुधवार को गंगाघाट पर सन्नाटा पसरा रहा। नावें न चलने से गंगापार करने वाले लोगो को कठिनाई का सामना करना पड़ा। कुछ लोग पैदल ही गंगा पार करते दिखे।

आपके हिस्से की गैस ऐसे होती है कम……

फर्रुखाबाद: घरेलू एलपीजी सिलेंडर से गैस चोरी का गोरखधंधा धड़ल्ले से चल रहा है। लोगों के घरों में रसोई गैस डिलीवरी करने वाले कर्मचारी अपने घर पर ही इस खतरनाक खेल को अंजाम दे रहे हैं।

प्रत्येक सिलेंडर से थोड़ी-थोड़ी गैस निकालकर कई खाली सिलेंडर भरे जाते हैं। बाद में उन्हें ब्लैक के जरिए महंगे दामों पर बेचा जा रहा है। शहर भर में रसोई गैस डिलीवरी करने वाले कर्मचारी इस खतरनाक काम को अंजाम दे रहे हैं। आसपास रहने वाले लोगों की जान को जोखिम में डालकर यह गैस चोरी की जा रही है और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को इसकी खबर तक नहीं है।

कुछ डिलीवरी कर्मचारी भरे हुए गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरते हैं। एक सिलेंडर को भरने के बाद उसे साढ़े पांच से छह सौ रुपए में बेचा जाता है। बताया जाता है कि प्रत्येक सिलेंडर से लगभग एक किलो तक गैस निकाली जाती है। डिलीवरी लेते समय अकसर लोग वजन की तरफ ध्यान नहीं देते, जिससे वे इस चोरी को पकड़ नहीं पाते।


आसपास लोगों का जीना दूभर

गैस चोरी के चलते आसपास के लोगों का बदबू से जीना दूभर हो गया है। आसपास रहने वाले लोगों की मानें तो सारा दिन गैस निकालने के चलते यहां से बदबू उठती रहती है। दरअसल इस काम के पीछे सिर्फ कर्मचारी ही शामिल नहीं हैं, बल्कि कई दबंग लोगों का समर्थन भी उन्हें प्राप्त है।

ऐसे होती है गैस चोरी…..

एजेंसी से डिलीवरी कर्मचारी गैस सिलेंडरों को सीधा अपने घरों में ले जाते हैं। दिन भर सिलेंडरों को घर पर ही रखते हैं। प्रत्येक सिलेंडर की वॉशर निकाल ली जाती है, फिर उसमें से गैस निकलने लगती है। इस सिलेंडर को दूसरे सिलेंडर के साथ जोड़ दिया जाता है। दूसरे सिलेंडर की वाशर भी निकाल लेते हैं। काम पूरा होने पर दोनों सिलेंडरों की वाशर दोबारा फिट कर दी जाती है। कई हाईटेक कर्मचारी इसके लिए विशेष रूप से तैयार की गई मशीन का इस्तेमाल भी करते हैं।

बीएड परीक्षा में नहीं बजेगी मोबाईल की घंटी

फर्रुखाबाद: 2 जून को होने वाली बीएड परीक्षा में मोबाईल फोन ले जाने पर रोक रहेगी| अपर जिलाधिकारी शुशील चन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में 2 जून को होने वाली बीएड परीक्षा 13 परीक्षा केन्द्रों पर नक़ल विहीन संपन्न करायी जाएगी, जहाँ परीक्षार्थी मोबाईल फ़ोन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे| उन्होंने बताया कि इसकी सूचना सभी केंद्र व्यवस्थापकों दे दी गयी है|

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इन 13 परीक्षा केन्द्रों को 3 जोन और 6 सेक्टरों में विभाजित किया गया है जहां मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गयी है| परीक्षा केंद्र प्रतिनिधि के रूप में 13 अधिकारियों कि तैनाती कर दी गयी है जो परीक्षा को शांतिपूर्वक तथा नक़ल विहीन संपन्न करवाएंगे| 2 जून को प्रातः 5 बजे सम्बंधित अधिकारी कोषागार से पेपर प्राप्त करके परीक्षा केंद्र ले जायेंगे तथा उत्तर पुस्तिकाएं लाकर जमा करेंगे|

डीआईओएस आर पी शर्मा ने बताया कि बीएड परीक्षा में कुल 7031 परीक्षार्थी भाग लेंगे जिनमे 6121 बालिका परीक्षार्थी हैं| एएसपी वी के मिश्रा ने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल कि तैनाती कि जाएगी|

इश्क के दुश्मन जमाने को दी आशिकों ने अपनी मौत से मात

फर्रुखाबाद: कोतवाली मोहम्दाबाद के ग्राम पिपरगाँव में बीते एरात इश्कबाजी में बाधा पडने से दुखी प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दे दी| प्रेमी युगल के मर जाने पर गाँव में हाहाकार मच गया|

पिपरगाँव निवासी स्वर्गीय इंद्रनरायन दीक्षित के २२ वर्षीय पुत्र अनुज का शव बीती रात करीब १० बजे उसके दूसरे मकान की छत पर पड़ा देखा गया| इसी मकान के निकट रहने वाले अध्यापक मानिक उर्फ अनिल कठेरिया की २० वर्षीय पुत्री सोनम उर्फ मोनिका को भी मृत देखा गया|

यह खबर जंगल में आग की तरह फैलने से पूरे गाँव में हाहाकार मच गया| सोनम व अनुज का बीते तीन वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था| इस बात की जानकारी होने के बावजूद भी ऊगरपुर प्रायमरी स्कूल के अध्यापक अनिल ने बीते दिसंबर माह में सोनम का विवाह बरेली इज्जत नगर निवासी पंकज से कर दिया| विवाह के बाद सोनम प्रेमी से मिलने के कारण अधिकांस समय मायके में ही रही और चोरी छिपे रंग रेलिया मनाती रही|

अविवाहित अनुज का एक दूसरा मकान करीब १० कदम दूरी पर मौजूद है| जहां उसके जानवर बांधे जाते हैं| इस मकान व अनिल के मकान की छत मिली हुयी है| इसी छत पर दोनों चोरी छिपे मिलते थे| और यहीं से प्रेम की शुरूआत हुयी थी|

अनुज ऊगरपुर स्थित स्वामी आत्मदेव गोपालानंद कालेज में इंटर का छात्र था| बताया गया कि अनुज अपने मकान की छत पर जीना से न जाकर दीवार के सहारे गया था क्योंकि घटना के बाद जीना में नीचे से बाहर से ताला लगा था| पुलिस ने बवाल से बचने के लिए देर रात ही दोनों के शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया|