फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है, जिसकी प्रमुख वजह ई-रिक्शा बनते जा रहे हैं। ये न केवल आम जनता की परेशानी का कारण हैं, बल्कि पुलिस प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती साबित हो रहे हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात प्रभारी सत्येंद्र सिंह द्वारा लाल गेट फब्बारे के पास नो-एंट्री क्षेत्र में होमगार्ड,
पीआरडी जवान, महिला कांस्टेबल और एक दीवान समेत करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके बावजूद ई-रिक्शा और अन्य वाहन नो-एंट्री का उल्लंघन करते हुए धड़ल्ले से प्रवेश कर रहे हैं, जिससे शहर में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है।
शहर के प्रमुख चौराहों-लाल गेट, लिंजीगंज, तलैया फजल इमाम मोड़, खटकपुरा और घूमना तिराहा-पर भी पुलिसकर्मी तैनात हैं, लेकिन हालात
में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। इन स्थानों से ई-रिक्शा बिना रोक-टोक नो-एंट्री क्षेत्र में घुस जाते हैं और लाल सराय से लेकर लाल गेट तक यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।
हालांकि पुलिस समय-समय पर अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करती है, लेकिन इसका असर स्थायी रूप से नहीं दिखता। वहीं नगर पालिका द्वारा पिछले एक वर्ष से ई-रिक्शाओं का पंजीकरण, नंबरिंग और रूट निर्धारण किया जा रहा है, फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन इस अव्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर पाएगा, या फिर फर्रुखाबाद की सड़कों पर जाम और अव्यवस्था का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा। यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया जिन जगहों पर ड्यूटी लगी है, उनको चेक किया जाएगा और नो एंट्री में ई-रिक्शा घुसाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी
शहर में जाम की बड़ी वजह बने ई-रिक्शा, नो-एंट्री व्यवस्था बेअसर
45,35 या 25 दिन…कब मिलेगा सिलेंडर! मंत्रालय ने सिलेंडर रिफिलिंग की खबरों का किया खंडन
नई दिल्ली:इन दिनों मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के बाद पूरी दुनिया में ईंधन की किल्लत होने लगी है। ऐसे में भारत में कालाबाजारी और जमाखोरी शुरू हो गई है। इसको लेकर केंद्र सरकार सख्त रुख अपनाए हुए है और लगातार अपडेट दे रही है। ताजा घटनाक्रम में सिलिंडर की रिफिलिंग को लेकर कुछ खबरें चली हैं, जिसे पेट्रोलियम और गैस मंत्रालय ने सिरे से खारिज कर दिया है।
मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा कि सरकार के संज्ञान में आया है कि कुछ समाचार रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्ट एलपीजी रिफिल बुकिंग के लिए संशोधित समय सीमा का दावा कर रहे हैं। यह स्पष्ट किया जाता है कि ऐसा कोई बदलाव नहीं किया गया है।रिफिल बुकिंग की मौजूदा समय-सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

पूर्व सैनिक की वृद्ध माँ के कुंडल नोचकर बाइक सबार फरार
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सुबह टहलने के लिए जा रही पूर्व सैनिक की वृद्धि मां के कुंडल बाइक सवार बदमाशों ने नोच लिए और फरार हो गये | जानकारी होने पर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई, सूचना पर पहुंची पुलिस नें घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, फिलहाल घटना ने पुलिस की साख पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं, स्थानीय लोगों की मांग है की घटना का जल्द से जल्द खुलासा किया जाये| आए दिन इस सड़क पर हो रही
घटनाओं से लोगों में रोष है | कोतवाली फतेहगढ़ के ग्राम बिजाधरपुर के मजरा पाल नगला रखा रोड निवासी संतोष पाल पूर्व सैनिक है, उनकी मां 85 वर्षीय राम जानकी पाल पत्नी राम शरण पाल सुबह लगभग 5:40 बजे टहलने के लिए घर से निकलीं, घर से कुछ मीटर की दूरी पर ही पीछे सेन्ट्रल जेल की तरफ से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने राम जानकी को रोक लिया और झपट्टा मार कर उनके कुंडल नोच लिए व जिला जेल की तरफ फरार हो गए| जानकारी होने पर मौके पर भीड़ लग गई सूचना मिलने पर सेंट्रल जेल चौकी प्रभारी शिव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले| स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इसी मार्ग पर कई लोगों के मोबाइल छीनकर ले जाने की घटनाएं भी हो चुकी हैं लेकिन पुलिस की तरफ से कोई ठोस कदम सुरक्षा की दृष्टि से नहीं उठाए जाते | कोतवाल फतेहगढ़ रणविजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है जांच के बाद विधि कार्रवाई की जाएगी | जल्द खुलासा किया जायेगा 

सातनपुर मंडी में आलू के भाव स्थिर, बिकवाली रही संतोषजनक
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद की सातनपुर मंडी में इन दिनों आलू के भाव स्थिर बने हुए हैं। पिछले दिनों की तरह ही इस सप्ताह भी मंडी में विभिन्न किस्मों के आलू लगभग समान दरों पर बिकते नजर आए। किसानों और व्यापारियों के अनुसार बाजार में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं रहा।
मंडी में गड्ड आलू 201 से 301 प्रति कुंतल, सामान्य छट्ठा 301 से 381 रूपये प्रति कुंतल तथा सुपर छट्ठा (सिल्चर/साउथ क्वालिटी) 381 से 451 प्रति कुंतल के बीच बिका। वहीं 3797 वैरायटी का आलू 501 से 601 प्रति कुंतल रहा। चिप्सोना और हाइलैंड किस्म के आलू 601 से
701 प्रति कुंतल तक बिके, जो उच्च क्वालिटी में गिने जाते हैं।
व्यापारियों का कहना है कि मंडी में आवक सामान्य रही और खरीदारों की सक्रियता के चलते बिकवाली भी ठीक-ठाक रही। किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने से संतोष देखा गया।
जानकारों के मुताबिक फिलहाल बाजार में स्थिरता बनी हुई है और आने वाले दिनों में आवक व मांग के आधार पर ही भाव में बदलाव की संभावना है।
पूर्व विधायक विजय सिंह के परिवार से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल,पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गठित प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पूर्व विधायक विजय सिंह के नाला मछरट्टा स्थित आवास का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर पहुंचकर परिवार से जुड़े हालात की जानकारी ली और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि पूर्व विधायक के आवास को पुलिस द्वारा सील कर दिया गया है, जिससे परिवार को दैनिक उपयोग की वस्तुएं तक नहीं मिल पा रही हैं। इस समय विजय सिंह की पत्नी एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष दमयंती सिंह लखनऊ में अपने घायल बेटों का इलाज करा रही हैं।
मौके पर मौजूद दुकानदारों से बातचीत में घटना की भयावहता सामने
आई। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की दुकानों तक उसकी धमक महसूस हुई, कांच के टुकड़े गली में बिखर गए और सामान अस्त-व्यस्त हो गया। बाद में घायलों के बाहर आने पर घटना की जानकारी हो सकी। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना जांच के ही मुकदमा दर्ज कर घर को सील कर दिया गया, जिससे परिवार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी।
इस दौरान पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी, उर्मिला राजपूत, डॉ. नवल किशोर शाक्य, डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, सर्वेश अंबेडकर, महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं जिला महासचिव इलियास मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष बृजेश पाल, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र शाक्य, जिला सचिव विनीत परमार और समाजवादी छात्रसभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल यादव समेत अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने हेतु लगाए गए सीसीटीवी कैमरे
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के निर्देश पर थाना अध्यक्ष राजेपुर श्री सुदेश कुमार के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए गए हैं।
इसी क्रम में राजेपुर कस्बा तिराहे पर तीन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे आने-जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों की निगरानी सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त इटावा-बरेली हाईवे स्थित डबरी चेक पोस्ट पर भी सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। वहीं जमापुर क्षेत्र में भी कैमरों की व्यवस्था की गई है।
तीनों स्थानों पर कुल मिलाकर लगभग एक दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो क्षेत्र की सुरक्षा एवं निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।
थाना अध्यक्ष श्री सुदेश कुमार ने बताया कि इन कैमरों के माध्यम से क्षेत्र की गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाएगी, जिससे अपराधों की रोकथाम एवं नियंत्रण में सहायता मिलेगी। पुलिस प्रशासन का यह प्रयास क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
व्यापारी प्रकोष्ठ की मासिक बैठक में जाम व ई-रिक्शा व्यवस्था पर हुई चर्चा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अपर पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) की अध्यक्षता में व्यापारी प्रकोष्ठ की मासिक बैठक पुलिस लाइन सभागार में आयोजित की गई।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सड़कों पर लगने वाले जाम व ई-रिक्शा संचालन से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रमुख बाजारों में दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर किए जा रहे अतिक्रमण एवं दुकानों को आगे बढ़ाने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने इस पर प्रभावी कार्रवाई और
व्यवस्था सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
बैठक में व्यापारी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा, वरिष्ठ महामंत्री अनूप गुप्ता, महामंत्री विमलेश मिश्रा, उपाध्यक्ष धीरेंद्र तिवारी, मंत्री गोपाल राठौर, मंत्री मनोज दीक्षित तथा कादरीगेट अध्यक्ष विश्वनाथ गुप्ता ‘दीपू’ रहे। बैठक का उद्देश्य प्रशासन और व्यापारियों के बीच समन्वय स्थापित कर शहर में बेहतर यातायात एवं व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित करना रहा।
सीपी स्कूल में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी व अंक पत्र वितरण
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सीपी इंटरनेशनल स्कूल, फर्रुखाबाद में आज अभिभावक-शिक्षक मिलन संगोष्ठी एवं विद्यार्थियों के अंक पत्र वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति से अभिभावकों को अवगत कराना रहा।
इस अवसर पर उपनिदेशक अंजू राजे एवं प्रधानाचार्य संजय बिष्ट ने कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले तथा सर्वाधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया। साथ ही तीन अभिभावकों को भी उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
निदेशक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास में अभिभावकों एवं शिक्षकों की संयुक्त भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मैनेजिंग डायरेक्टर ज्योत्सना अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सही दिशा एवं अवसर प्रदान करने पर बल दिया।
प्रधानाचार्य संजय बिष्ट ने अपने उद्बोधन में बताया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि अनुशासन एवं संस्कारों का भी विकास करना है। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ।
गैंगस्टर एक्ट में माफिया अनुपम दुबे का फरार साथी अक्कू पाठक गिरफ्तार
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली फर्रुखाबाद में पंजीकृत गैंगस्टर एक्ट के एक पुराने मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी संदीप पाठक उर्फ अक्कू पाठक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली फर्रुखाबाद के गैंगस्टर एक्ट के तहत अनुपम दुबे सहित कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी नगर के आदेश पर मऊदरवाजा थाना प्रभारी को सौंपी गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने गोपनीय तरीके से कार्रवाई करते हुए मंगलवार को करीब 12:30 बजे महावीरगंज क्षेत्र स्थित उसके आवास से आरोपी संदीप पाठक उर्फ अक्कू पाठक लगभग
को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
साहित्यिक संध्या: नलिन श्रीवास्तव व प्रेम सागर की पुस्तकों का विमोचन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के श्याम नगर स्थित वरिष्ठ ग़ज़लकार नलिन श्रीवास्तव के आवास पर एक सादगीपूर्ण लेकिन गरिमामय साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें आधा दर्जन साहित्यिक कृतियों का विमोचन एवं लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में विद्वानों ने पुस्तकों पर अपने विचार भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कन्नौज के वरिष्ठ साहित्यकार उमाशंकर वर्मा साहिल ने की, जबकि संचालन स्वयं नलिन श्रीवास्तव ने किया। आयोजन दो चरणों में संपन्न हुआ—पहले चरण में पुस्तकों की समीक्षा और दूसरे चरण में काव्य गोष्ठी आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और श्रीमती प्रीति पवन तिवारी की वाणी वंदना से हुआ। इसके बाद भूपेंद्र प्रताप सिंह ने नलिन श्रीवास्तव के कहानी संग्रह ‘कुमुदिनी’ की समीक्षा की। वहीं डॉ.
राजकुमार सिंह, रामबाबू मिश्र रत्नेश, कृष्णा कुशवाहा, डॉ. शशि किरण सिंह सहित अन्य विद्वानों ने भी पुस्तकों पर अपने विचार रखे।
इस दौरान नलिन श्रीवास्तव की ‘चित्र अतीत के’ और ग़ज़ल संग्रह ‘बादल धुंयें के’, उनके पिता स्व. कैलाश नारायण श्रीवास्तव की कृति ‘भीगे पलक’ तथा प्रेम सागर चौहान के दोहा संग्रह ‘एक लौ कई रोशनी बाद’ और ग़ज़ल संग्रह ‘तन्हाई के पल’ का विमोचन किया गया।
दूसरे चरण में आयोजित काव्य गोष्ठी में प्रीति पवन तिवारी, भारती मिश्रा, नलिन श्रीवास्तव, डॉ. गरिमा पांडेय, डॉ. राजीव गुप्ता, रत्नेश पाल, प्रेम सागर चौहान, बीके सिंह ‘किशोर’, रामशंकर अवस्थी ‘अबोध’, राजेश हजेला और उपकार मणि ‘उपकार’ सहित कई कवियों ने काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला, संस्कार भारती के अध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


