गैंगस्टर एक्ट में माफिया अनुपम दुबे का फरार साथी अक्कू पाठक गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली फर्रुखाबाद में पंजीकृत गैंगस्टर एक्ट के एक पुराने मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी संदीप पाठक उर्फ अक्कू पाठक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली फर्रुखाबाद के गैंगस्टर एक्ट के तहत अनुपम दुबे सहित कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी नगर के आदेश पर मऊदरवाजा थाना प्रभारी को सौंपी गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने गोपनीय तरीके से कार्रवाई करते हुए मंगलवार को करीब 12:30 बजे महावीरगंज क्षेत्र स्थित उसके आवास से आरोपी संदीप पाठक उर्फ अक्कू पाठक लगभग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।