फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में कृषि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध बीज शोधक रसायन का भंडाफोड़ किया है। उप कृषि निदेशक के निर्देश पर की गई छापेमारी में लाखों रुपये मूल्य का रसायन बरामद कर सीज किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, उप कृषि निदेशक फर्रुखाबाद को सूचना मिली थी कि मैसर्स किसान एजेन्सीज, पपियापुर (सेंट्रल जेल सातनपुर मंडी रोड) पर यू०पी०एल० कम्पनी का संदिग्ध बीज शोधक रसायन ‘इलेक्ट्रॉन’ मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उप कृषि निदेशक एवं संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम ने तत्काल प्रतिष्ठान पर छापा मारकर जांच की।जांच के दौरान प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर शिवम अग्रवाल ने बताया कि उक्त रसायन मैसर्स अभय एग्रो ट्रेडर्स, नेरा रोड कन्नौज से प्राप्त किया गया है। टीम द्वारा आगे की पूछताछ में यह भी सामने आया कि रसायन की बड़ी खेप पांचाल घाट के पास एक प्लॉट पर रखी गई है।छापेमारी में कुल 2520 लीटर रसायन बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। जांच के दौरान रसायन की बोतलों पर विनिर्माण तिथि, अवसान तिथि और बैच नंबर अंकित नहीं पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया यह रसायन नकली प्रतीत हुआ।पूरे रसायन को सीज कर राजकीय कृषि रक्षा केंद्र बुढनामऊ में सुरक्षित रखवा दिया गया है। साथ ही गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।कार्रवाई के दौरान गवाह के रूप में अमित (पुत्र राजेश, ग्राम अवापुखरी, कमालगंज), बॉबी और शिवम अग्रवाल मौजूद रहे। मामले की सूचना यू०पी०एल० कम्पनी को भी दे दी गई है।इस प्रकरण में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कीटनाशी अधिनियम 1968, नियमावली 1971 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आलू मंडी में गंदगी से उठी बदबू, लोगों का जीना हुआ दूभर
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर की प्रमुख आलू मंडी सातनपुर में इन दिनों गंदगी और सड़े आलुओं के कारण हालात बेहद खराब हो गए हैं। मंडी परिसर में जगह-जगह सड़े हुए आलुओं के ढेर लगे हैं, जिनसे उठ रही तेज दुर्गंध के चलते लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है।मंडी में काम करने वाले आढ़तियों, किसानों और मजदूरों का कहना है कि लगातार बढ़ती गंदगी के कारण न केवल कामकाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि बीमारियों के फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। हालात यह हैं कि मंडी में कुछ देर रुकना भी मुश्किल हो रहा है।सफाई व्यवस्था को लेकर नाराज आढ़तियों और किसानों ने मंडी प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही साफ-सफाई नहीं कराई गई तो स्थिति और बिगड़ सकती है, जिससे संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्पित राजपूत ने मंडी सचिव से मुलाकात कर तुरंत प्रभाव से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में किसान और व्यापारी आते हैं, ऐसे में साफ-सफाई की जिम्मेदारी प्रशासन की है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मंडी प्रशासन की ओर से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है, लेकिन अब देखना होगा कि कब तक इस समस्या का समाधान हो पाता है।
कालिंदी एक्सप्रेस के मार्ग परिवर्तन के विरोध में सौंपा गया ज्ञापन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कालिंदी एक्सप्रेस के प्रस्तावित मार्ग परिवर्तन के विरोध में बुधवार को फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में मुख्य रूप से मांग की गई कि नई दिल्ली से फर्रुखाबाद होकर कानपुर जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन कर शिकोहाबाद–इटावा के रास्ते कानपुर ले जाना पूरी तरह गलत है। वक्ताओं ने कहा कि यह ट्रेन पिछले लगभग 40 वर्षों से फर्रुखाबाद के लिए जीवनरेखा बनी हुई है और दिल्ली से जुड़ने वाली एकमात्र सीधी ट्रेन है। यदि इसका मार्ग बदल दिया गया तो जिले के यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि यदि तकनीकी कारणों से बदलाव आवश्यक हो तो ट्रेन को कन्नौज होते हुए मंधना तक चलाया जाए। बताया गया कि मंधना से अनवरगंज के बीच एलिवेटेड ट्रैक तैयार होने के कारण इस रूट में बदलाव की बात कही जा रही है। ऐसे में कम से कम ट्रेन को मंधना तक जारी रखा जाए या पूर्व की भांति फर्रुखाबाद तक संचालन बरकरार रखा जाए।भईयन मिश्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कालिंदी एक्सप्रेस को फर्रुखाबाद से हटाया गया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे विभाग की होगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से वार्ता कर जनभावनाओं से अवगत कराया जाएगा।स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों से वार्ता करेंगे और प्रयास करेंगे कि ट्रेन का संचालन पूर्व की भांति जारी रहे।अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला महामंत्री अंगद पांडेय उर्फ कोमल पांडे ने कहा कि इस ट्रेन से सबसे अधिक फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई और मैनपुरी के लोग यात्रा करते हैं। हजारों व्यापारी प्रतिदिन दिल्ली आते-जाते हैं, ऐसे में इस ट्रेन का मार्ग परिवर्तन जनहित के खिलाफ होगा।ज्ञापन के दौरान नीतीश दुबे (पूर्व सभासद), उमेश जाटव (सभासद), महेश अग्निहोत्री (पूर्व सभासद), नितिन गुप्ता (अध्यक्ष व्यापार मंडल, पटरी दुकानदार संगठन), राजीव पाल, सनी बाथम, ओमनिवास पाठक, राजीव वर्मा, रजत वर्मा, आशू मिश्रा, आलोक मिश्रा, मलखान सिंह राजपूत, लकी गुप्ता, शिवांग बाजपेई, आशुतोष मिश्रा सहित कई लोग मौजूद रहे।
स्कूल परिसर में खड़ी वैन में लगी आग, बड़ा हादसा टला
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र स्थित एक इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल परिसर में खड़ी एक स्कूली वैन में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे एक स्कूली वैन बच्चों को छोड़ने के बाद स्कूल प्रांगण में टीन शेड के नीचे खड़ी कर दी गई थी।
करीब दो घंटे बाद अचानक वैन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्कूल कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत समर (पानी के पंप) की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया, हालांकि तब तक वैन पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
गनीमत रही कि जिस स्थान पर आग लगी, उसके आसपास अन्य स्कूली वाहन भी खड़े थे, जिन्हें समय रहते हटा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। थाना मऊदरवाजा के थाना अध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
एएसपी नें किया थाना अमृतपुर का निरीक्षण
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने मंगलवार को अमृतपुर थाने का औचक निरीक्षण किया तथा थाना परिसर एवं जनपद सीमा का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी इंद्रजीत को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने कंप्यूटर कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, बैरक, रसोईघर सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली एवं परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिए कि थाना परिसर में अनुशासन बना रहे और कोई भी पुलिसकर्मी अनावश्यक रूप से इधर-उधर न घूमे।उन्होंने थाने के चारों ओर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और साफ-सफाई को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही हाल ही में मिले 33 नए पुलिसकर्मियों की तैनाती एवं उनकी कार्यप्रणाली की भी जानकारी ली।अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाने में समस्त व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। थाने की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के बाद उन्होंने सीमा बॉर्डर क्षेत्र का भी दौरा किया, जहां पुलिस द्वारा सघन चेकिंग की जा रही थी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिये|
अमृतपुर थाने को जल्द मिलेगा नया प्रशासनिक भवन व मलखाना
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाने प्रांगण में बरसों पुराने बने प्रशासनिक भवन व माल खाने को शासन को याद आ गई कि उसमें पानी जब बरसता है वह नीचे टपकता है जिसको लेकर पीडब्ल्यूडी के जेई अंकित जांच पड़ताल करने पहुंच गए और उन्होंने बताया है कि जल्द ही प्रशासनिक भवन व माल खाने की बिल्डिंग तैयार की जाएगी उन्होंने चारों तरफ से नाफ की नाप करने के बाद उन्होंने बताया कि शासन द्वारा पीडब्ल्यूडी को एक पत्र दिया गया जिसमें बताया कि अमृतपुर थाने का मलखाना व प्रशासनिक भवन बरसात के पानी में टपकता है और जर्जर हो गया है जो की थाने की स्थापना 1990 में ब्रह्म दत्त द्विवेदी के द्वारा कराई गई थी, जिसका रकबा 2 एकड़ में है थाना अध्यक्ष इंद्रजीत के द्वारा जानकारी दी की फरवरी 1990 में यह बिल्डिंग बनकर तैयार हुई थी जिसमें प्रशासनिक भवन माल खाने की छत जर्जर हो चुकी है बरसात में पानी नीचे आता है जिससे कि रखे रजिस्टर व अन्य चीज खराब हो रही थी और उन्होंने बताया कि रसोई घर की छत जर्जर हुई और प्लास्टर छूकर गिरने लगा इससे किसी दिन हादसा हो सकता है उन्होंने पीडब्ल्यूडी के जेई अंकित को दिखाई और उसकी भी नाप कर दी उन्होंने कहा कि शासन द्वारा मलखाना व प्रशासनिक भवन के लिए आदेश हैं रसोई घर की कार्रवाई आगे भेजेंगे|
विश्व हाथ स्वच्छता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विश्व हाथ स्वच्छता दिवस के अवसर पर मंगलवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों, स्वास्थ्य इकाइयों, महिला आरोग्य समितियों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में हाथों की स्वच्छता के महत्व को विस्तार से समझाया गया।स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग (आईसीडीएस) के तत्वावधान में डायरिया से डर नहीं अभियान के तहत पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया एवं केनव्यू के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित हुए। इनमें लगभग 2000 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 6 चिकित्सक, 286 आशा कार्यकर्ता, 98 एएनएम/सीएचओ, 88 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 45 शिक्षक, 898 समुदाय के सदस्य एवं 581 बच्चे शामिल रहे।पीएसआई इंडिया के अमरीश कुमार पांडेय एवं अनुपम मिश्रा द्वारा एक विद्यालय और चार स्वास्थ्य केंद्रों पर तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया। इन कार्यक्रमों में 49 आशा कार्यकर्ता, 18 एएनएम, 58 छात्र-छात्राएं एवं 8 अध्यापक शामिल हुए। कार्यक्रमों के अंतर्गत स्वच्छता संसाधनों पर चर्चा, शपथ ग्रहण, क्विज प्रतियोगिता एवं रोल प्ले जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से डायरिया प्रबंधन एवं नियमित हाथ धोने की आदतों को बढ़ावा दिया गया।जिला स्वास्थ्य समिति ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामूहिक प्रयासों से न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है, बल्कि डायरिया जैसी बीमारियों के प्रसार को रोकने में भी मदद मिलती है।कार्यक्रम में बताया गया कि संक्रामक बीमारियों से बचाव का सबसे सरल और प्रभावी तरीका है—हाथों को साबुन और पानी से कम से कम 20 सेकंड तक सही तरीके से धोना। दिनभर में हम कई वस्तुओं और लोगों के संपर्क में आते हैं, जिससे हाथों पर गंदगी और कीटाणु जमा हो जाते हैं। इसलिए नियमित और सही तरीके से हाथ धोना अत्यंत आवश्यक है।सामुदायिक स्तर पर SUMANK (सुमन-के) के छह चरणों के माध्यम से सही हाथ धोने की प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाया गया—S (एस): साबुन-पानी से झाग बनाकर हथेलियों को रगड़ेंU (यू): हाथों के उल्टे हिस्से को साफ करेंM (एम): मुट्ठी बंद कर अच्छी तरह रगड़ेंA (ए): अंगूठों को साफ करेंN (एन): नाखूनों की सफाई करेंK (के): कलाइयों को भी अच्छी तरह धोएंबताया गया कि यदि इन छह चरणों को नियमित रूप से अपनाया जाए तो संक्रामक बीमारियों से काफी हद तक बचाव संभव है।विशेष रूप से यह भी बताया गया कि बच्चों की देखभाल से पहले, मरीजों की सेवा से पहले और बाद में, खाना बनाने या खाने से पहले, शौचालय के उपयोग के बाद, खांसने या छींकने के बाद, कचरा या गंदी सतह को छूने के बाद तथा जानवरों के संपर्क में आने के बाद हाथों को अवश्य धोना चाहिए।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे हाथ स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण का भव्य शुभारंभ समारोह
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)शिक्षामित्रों के सम्मान एवं उनके बढ़े हुए मानदेय वितरण के शुभारंभ हेतु एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षामित्रों के समर्पण, उनके महत्वपूर्ण योगदान एवं शिक्षा व्यवस्था में उनकी सशक्त भूमिका को सम्मानित करना तथा प्रदेश सरकार द्वारा उनके कल्याण हेतु उठाए गए कदमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना रहा।कार्यक्रम सांसद मुकेश राजपूत, मा० जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका यादव, मा० विधायक अमृतपुर श्री सुशील शाक्य, जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर एवं मुख्य विकास अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया तथा शिक्षामित्रों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।इस अवसर पर गोरखपुर से माननीय मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया, जिसमें शिक्षामित्रों के कल्याण हेतु प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता एवं विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। शिक्षामित्रों एवं जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री जी के विचारों एवं घोषणाओं का स्वागत किया।अपने संबोधन में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि शिक्षामित्र प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव हैं, जिनके अथक प्रयासों से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा का व्यापक प्रसार संभव हुआ है। प्रदेश सरकार उनके योगदान को सम्मान देते हुए उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।मा० मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में शिक्षामित्रों के मानदेय में अभूतपूर्व वृद्धि की गई है। पूर्व में 3,500 से बढ़ाकर 10,000 किए गए मानदेय को अब पुनः बढ़ाकर 18,000 प्रति माह कर दिया गया है। यह निर्णय शिक्षामित्रों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।जनपद फर्रुखाबाद में कुल 1,515 शिक्षामित्र इस निर्णय से प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। मानदेय वृद्धि के फलस्वरूप कुल व्यय 1,55,50,000 से बढ़कर 2,72,70,000 हो गया है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार अपेक्षित है।इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार द्वारा शिक्षामित्रों को कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। नई स्थानांतरण नीति के अंतर्गत शिक्षामित्रों को व्यापक राहत प्रदान की गई है, जिससे वे अपनी पारिवारिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप कार्यस्थल का चयन कर सकेंगे।महिला शिक्षामित्रों के सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए 360 दिवस के मातृत्व अवकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जो उनके अधिकारों के संरक्षण एवं सम्मान का प्रतीक है।कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विकास खण्ड से 03 शिक्षामित्रों (कुल 24 शिक्षामित्रों) को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरण कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षामित्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा इसे अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला निर्णय बताया।कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने कहा कि “परिवर्तन की बहती बयार, 9 वर्ष योगी सरकार” के संकल्प के साथ प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार, नवाचार एवं विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आने वाली पीढ़ी को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
ताला तोड़कर नकदी व जेवरात पार
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम दहेलिया खेड़ा में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाशों ने मकान के कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसकर कीमती सामान समेट लिया और मौके से फरार हो
गए।पीड़िता मीरा देवी पत्नी मूत्रचंद के अनुसार, घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी बीच चोरों ने सुनसान का फायदा उठाते हुए कमरे का ताला तोड़ा और भीतर रखे सामान को खंगाल डाला। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़िता ने बताया कि चोर घर से एक जोड़ी सोने के झुमके, एक सोने की चेन, एक जोड़ी चांदी की पायल और करीब 25 हजार रुपये नकद चोरी कर ले
गए। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही थाना राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस को तहरीर दी गयी है, पुलिस तहरीर के आधार पर जाँच कर रही है |
सहारनपुर की घुड़दौड़ में फर्रुखाबाद का परचम, तरुण मिश्रा ‘टाटा’ व ‘राजा’ बने चैंपियन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद। जनपद के लिए बेहद गर्व और गौरव का क्षण तब सामने आया जब सहारनपुर में आयोजित भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता में फर्रुखाबाद के युवा सवार तरुण मिश्रा उर्फ ‘टाटा’ ने अपने शानदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया। 20 घोड़ों के बीच हुई कड़ी और रोमांचक प्रतिस्पर्धा में उनके घोड़े ‘राजा’ ने सबको पीछे छोड़ते
हुए प्रथम स्थान हासिल कर लिया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अनुभवी घुड़सवारों और दमदार घोड़ों के बीच मुकाबला बेहद कठिन माना जा रहा था, लेकिन ‘राजा’ की रफ्तार, संतुलन और तरुण मिश्रा की कुशल सवारी ने अंत तक बढ़त बनाए रखी। जैसे ही ‘राजा’ ने फिनिश लाइन पार की, दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ गई और मैदान तालियों से गूंज उठा।इस जीत के साथ ही फर्रुखाबाद का नाम एक बार फिर प्रदेश स्तर पर चमक उठा है। तरुण मिश्रा की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि छोटे जनपदों के युवा भी बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। परिजनों में खुशी का माहौल है, वहीं जिले भर से उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाले समय में क्षेत्र के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगी।बताया जा रहा है कि ‘राजा’ पहले भी कई स्थानीय प्रतियोगिताओं में अपना दम दिखा चुका है, लेकिन सहारनपुर जैसी बड़ी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करना तरुण मिश्रा के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि फर्रुखाबाद की पहचान और गौरव का प्रतीक बन गई है।



