Home Blog Page 11

सहारनपुर की घुड़दौड़ में फर्रुखाबाद का परचम, तरुण मिश्रा ‘टाटा’ व ‘राजा’ बने चैंपियन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद। जनपद के लिए बेहद गर्व और गौरव का क्षण तब सामने आया जब सहारनपुर में आयोजित भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता में फर्रुखाबाद के युवा सवार तरुण मिश्रा उर्फ ‘टाटा’ ने अपने शानदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया। 20 घोड़ों के बीच हुई कड़ी और रोमांचक प्रतिस्पर्धा में उनके घोड़े ‘राजा’ ने सबको पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल कर लिया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अनुभवी घुड़सवारों और दमदार घोड़ों के बीच मुकाबला बेहद कठिन माना जा रहा था, लेकिन ‘राजा’ की रफ्तार, संतुलन और तरुण मिश्रा की कुशल सवारी ने अंत तक बढ़त बनाए रखी। जैसे ही ‘राजा’ ने फिनिश लाइन पार की, दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ गई और मैदान तालियों से गूंज उठा।इस जीत के साथ ही फर्रुखाबाद का नाम एक बार फिर प्रदेश स्तर पर चमक उठा है। तरुण मिश्रा की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि छोटे जनपदों के युवा भी बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। परिजनों में खुशी का माहौल है, वहीं जिले भर से उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाले समय में क्षेत्र के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगी।बताया जा रहा है कि ‘राजा’ पहले भी कई स्थानीय प्रतियोगिताओं में अपना दम दिखा चुका है, लेकिन सहारनपुर जैसी बड़ी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करना तरुण मिश्रा के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि फर्रुखाबाद की पहचान और गौरव का प्रतीक बन गई है।

किन्नर के घर से 1 लाख से अधिक की चोरी, पुताई करने वाले पर आरोप

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कस्बे के मोहल्ला शिवाजी नगर में एक किन्नर के घर से नगदी व जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, मोहल्ला शिवाजी नगर गली नंबर 6 निवासी किन्नर ममता चौहान अपनी सहयोगी रुखसार के साथ रहती हैं। ममता ने 2 मई को किदवई नगर निवासी एक युवक को अपने घर में पुताई का ठेका दिया था। 3 मई की सुबह करीब 7 बजे उक्त युवक एक मजदूर के साथ पुताई करने के लिए घर पहुंचा। बताया गया कि कमरे में पुताई कराने के दौरान ममता ने अलमारी का सारा सामान निकालकर तख्त पर रख दिया था। सुबह करीब 9 बजे दोनों युवक अचानक बिना बताए मौके से चले गए। 4 मई को ममता जब आरोपी युवक के घर पहुंची तो वह नहीं मिला। 5 मई को घर में मेहमान आने पर जब ममता ने अपना थैला देखा तो उसमें से एक सोने का छल्ला, एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायल और 50 हजार की नगद गायब मिले। पीड़िता के अनुसार चोरी हुए जेवरों की कीमत लगभग 55,000 है। घटना के बाद ममता ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पीड़िता ने पुताई करने आए युवकों पर ही चोरी का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

भाजपा जिला कार्यसमिति की पहली बैठक सम्पन्न, प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों पर जोर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मंगलवार आवास विकास स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में जिला इकाई के गठन के बाद पहली जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 15 मई के बाद प्रस्तावित जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे एवं जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी तथा कन्नौज के पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने प्रशिक्षण वर्ग से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्यसमिति के सदस्यों, प्रकोष्ठ संयोजकों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला पंचायत सदस्यों, ब्लॉक प्रमुखों एवं अन्य पदाधिकारियों को जानकारी दी।नरेंद्र राजपूत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा आधारित संगठन है, जो वंशवाद और परिवारवाद से दूर रहकर कार्यकर्ता आधारित संरचना को मजबूत करती है। उन्होंने बताया कि नई जिला कमेटी के गठन के बाद पदाधिकारियों को संगठनात्मक संस्कार देने के उद्देश्य से प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है, जिसमें नए पदाधिकारियों को सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि 7 मई तक मंडल स्तर पर प्रवासी कार्यकर्ताओं द्वारा बैठकों का आयोजन कर मंडल कार्यसमितियों को सक्रिय किया जाएगा तथा बूथ गठन का कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण “सरल ऐप” के माध्यम से अनिवार्य होगा, जिसके लिए ₹200 शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी तथा प्रतिभागियों के लिए एक दिन का रात्रि प्रवास अनिवार्य रहेगा।जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा कि भाजपा का संगठन देश में सबसे मजबूत है और इसी संगठनात्मक शक्ति के आधार पर पार्टी ने विभिन्न राज्यों में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को और सुदृढ़ करने के लिए प्रशिक्षण वर्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें पार्टी की विचारधारा, नीतियां और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिला कार्यसमिति की बैठक संगठन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने निर्देश दिए कि मंडल प्रवासी, मंडल अध्यक्षों के साथ समन्वय कर मंडल कार्यसमितियों का सत्यापन कार्य पूरा करें तथा बूथ सत्यापन भी सुनिश्चित करें। साथ ही सभी मंडलों से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों एवं लोकतंत्र सेनानियों की सूची जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा।बैठक का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, विमल कटियार, भास्कर दत्त द्विवेदी, वीरेंद्र सिंह राठौर, सत्यपाल सिंह, डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, दिनेश कटियार रहे।

सीपी स्कूल में डॉ. पी रथ ने पुनः संभाली प्रधानाचार्य की कमान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) वी.वी.एम. सम्मान समारोह में विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन, मानवी कटियार प्रदेश स्तर के लिए चयनितआज सी.पी. इंटरनेशनल स्कूल में प्रधानाचार्य के पद पर डॉ. पी. रथ ने पुनः कमान संभाली। निदेशक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, उपनिदेशक अंजू राजे, उप-प्रधानाचार्य नवीन शाक्य एवं प्राइमरी हेड शिवानी दीक्षित ने उन्हें बुके भेंट कर सम्मानित किया।इसी क्रम में ज्ञानफोर्ट स्कूल, याकूतगंज, फर्रुखाबाद में आयोजित वी.वी.एम. (विद्यार्थी विज्ञान मंथन) लेवल-1 एवं 2 के सम्मान समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मानवी कटियार, राधिका अग्रवाल, आराध्या शुक्ला एवं श्रेष्ठा यादव ने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विज्ञान भारती मेले में मानवी कटियार का चयन प्रदेश स्तर के लिए हुआ, जबकि अन्य तीन विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया।विद्यालय ने विज्ञान मेले में “सौर ऊर्जा का उपयोग – धातु डिस्क द्वारा सोलर कुकर” विषय पर कार्यशील मॉडल उत्साहपूर्वक प्रस्तुत किया, जिससे सौर ऊर्जा के पर्यावरण-अनुकूल उपयोग का संदेश दिया गया। निदेशक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, एम.डी. श्रीमती ज्योत्सना अग्रवाल एवं उपनिदेशक श्रीमती अंजू राजे ने विद्यार्थियों की सराहना की। प्रधानाचार्य डॉ. पी. रथ ने विद्यार्थियों को विज्ञान क्षेत्र में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया, जबकि उप-प्रधानाचार्य श्री नवीन शाक्य ने सभी का आभार व्यक्त किया।इस सफलता में अनुज चतुर्वेदी, ज्योति प्रधान, मोहम्मद निहाल सहित समस्त शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

संगठन की ताकत पर सपा का फोकस, बूथ स्तर तक पहुंच बनाने की रणनीति

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में सोमवार को जिला संगठन की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष मुन्ना यादव एडवोकेट ने किया।बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जिला नेतृत्व का बूथों से सीधा संपर्क स्थापित करने समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान गैसिंगपुर के प्रधान शरद राठौर (मोनू) के दोनों बेटे विशाल सिंह राठौर एवं प्रशांत सिंह राठौर अपने साथियों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। साथ ही पवन कठेरिया, प्रधान देवरामपुर को सदर विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी मनोनीत किया गया। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने शासनकाल में जनहित में कई कार्य किए हैं। यदि इन कार्यों को ही जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, तो विपक्ष के झूठ अपने आप उजागर हो जाएंगे। उन्होंने नए शामिल हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि इनके जुड़ने से मोहम्मदाबाद क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिलेगी। पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रशासन के सहारे दबाव बनाते हैं, लेकिन जनता यदि एकजुट हो जाए तो ऐसे तत्वों को पीछे हटना पड़ेगा। वरिष्ठ नेता डॉ. जे.पी. वर्मा ने संगठन की ताकत पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत संगठन किसी को भी जिताने और हराने की क्षमता रखता है। जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा कि पीडीए आंदोलन अब तेज होता जा रहा है और आगामी 2027 के चुनाव में इसका प्रभाव देखने को मिलेगा।इस अवसर पर प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर, प्रदेश सचिव मनोज मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शाक्य, भोजपुर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव, महिला सभा जिलाध्यक्ष सुलक्षणा सिंह, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अरविंद कश्यप, जिला उपाध्यक्ष सुमित शाक्य, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजीव शाक्य, नगर अध्यक्ष कमालगंज बिल्लू श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पश्चिम बंगाल जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न, आतिशबाजी कर बांटी मिठाइयां

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) भाजपा कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल में मिली जीत की खुशी में जोरदार जश्न मनाया। आवास विकास तिराहे पर एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई।कार्यकर्ताओं ने पार्टी की इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए इसे संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली सफलता के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी भाजपा विपक्ष को मजबूती से चुनौती देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पूरी ऊर्जा के साथ जुटने और संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, जिलामंत्री हिमांशु गुप्ता, पूर्व जिलामंत्री डीएस राठौर, मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, सभासद अनिल तिवारी, शिवम द्विवेदी, सभासद प्रबल त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कटियार, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख राजेपुर पल्लव सोमवंशी, जिला मंत्री अभिषेक वाजपेयी व पूर्व मंडल अध्यक्ष पश्चिम विकास पांडेय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। तिकोना पर भी मनाया जश्न तिकोना पर एकत्रित हुए बीजेपी कार्यकर्ताओ नें भी बंगाल जीत का जश्न मनाया| जिसमे मंडल अध्यक्ष वीर बहादुर, राम किशोर सैनी, प्रमोद दीक्षित, संजीब गुप्ता आदि रहे|

बीएससी की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव मानपुर में एक 19 वर्षीय छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, संध्या पुत्री बृजेश सोमवार तड़के करीब 4 बजे घर में अपने बिस्तर पर नहीं दिखाई दी। परिजनों ने जब खोजबीन की तो गेट तोड़कर देखा, जहां वह फांसी के फंदे पर लटकी मिली। आनन-फानन में परिजन उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल लोहिया लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतका के छोटे भाई विशाल ने बताया कि संध्या रात में घर के बरामदे में सोई हुई थी, लेकिन सुबह वह वहां नहीं मिली। संध्या रामनिवास महाविद्यालय, चित्रकूट में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और इन दिनों उसके परीक्षा चल रहे थे।परिवार के अनुसार आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। संध्या पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। घटना के बाद मां विनीता समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष इंद्रजीत ने बताया कि छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस द्वारा पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

डीएम की बड़ी कार्रवाई: भ्रष्टाचार व लापरवाही पर ‘जीरो टॉलरेंस’, अब तक चार कर्मचारी निलंबित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद। जनपद में भ्रष्टाचार, लापरवाही एवं अनियमितताओं के विरुद्ध प्रशासन ने “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर विभिन्न तहसीलों में तैनात चार कर्मचारियों के खिलाफ गंभीर आरोपों के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। यह कदम प्रशासन की पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।तहसील सदर में तैनात राजस्व निरीक्षक विमल कुमार श्रीवास्तव को एंटी करप्शन टीम ने उनके आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस दौरान पवन सक्सेना उर्फ ऋषभ को भी हिरासत में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कार्यालय (भूलेख अनुभाग) द्वारा तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया गया।वहीं तहसील कायमगंज में तैनात राजस्व निरीक्षक विजय पाल सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें प्रथम दृष्टया अनियमितता और अनुचित आचरण सामने आया। उपजिलाधिकारी कायमगंज द्वारा कराई गई जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।इसके अलावा तहसील अमृतपुर में कार्यरत लेखपाल उत्कर्ष दुबे पर पैमाइश कार्य में अनावश्यक देरी और लापरवाही बरतने के आरोप सिद्ध होने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। ग्राम विकास अधिकारी मानेंद्र सिंह को शौचालय के केयरटेकर के भुगतान को लंबित रखने और कार्य में शिथिलता के कारण निलंबित किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट किया कि जनपद में भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि आमजन को पारदर्शी, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करें तथा जन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।प्रशासन की यह कार्रवाई न केवल संबंधित कर्मचारियों के लिए चेतावनी है, बल्कि पूरे शासकीय तंत्र के लिए स्पष्ट संदेश भी है कि अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार और लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)जनपद के कादरी गेट थाना क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान 25 वर्षीय महिला की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव रसीदपुर निवासी अनुज कुमार की पत्नी रेनू को रविवार को प्रसव पीड़ा होने पर शहर के मसैनी स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल द्वारा ऑपरेशन से पहले ही 30 हजार रुपये जमा करा लिए गए। बताया गया कि देर रात ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान अस्पताल स्टाफ ने परिजनों को बताया कि महिला में खून की कमी है और ब्लड की आवश्यकता है। इस पर परिजन ब्लड बैंक की ओर चले गए। आरोप है कि उनके अनुपस्थित रहने के दौरान ही ऑपरेशन कर दिया गया और महिला की हालत बिगड़ गई।
परिजनों का कहना है कि हालत गंभीर होने पर नर्सिंग होम ने जिम्मेदारी लेने के बजाय महिला को तुरंत कहीं और ले जाने की सलाह देकर बाहर कर दिया। जब परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को एंबुलेंस से वापस नर्सिंग होम लेकर पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। इस दौरान अस्पताल स्टाफ और परिजनों के बीच कहासुनी भी हुई। सूचना पर रात करीब 1:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
मृतका रेनू की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसके पति अनुज कुमार गैस एजेंसी पर हाकर का काम करते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। थानध्यक्ष नें बताया की शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है |

अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, बिना परमिट गिट्टी ले जा रहा डंपर पकड़ा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद में उपखनिज के अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया हुआ है। इसी क्रम में शनिवार को थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम गनीपुर जोगपुर में खनन विभाग ने औचक छापेमारी कर एक डंपर को पकड़ा। खनन अधिकारी द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान गिट्टी से लदे डंपर को रोककर उसकी जांच की गई। वाहन चालक सोनू से परिवहन से संबंधित वैध प्रपत्र मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि डंपर द्वारा बिना वैध परमिट के गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था, जो खनन नियमों का उल्लंघन है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित के खिलाफ ऑनलाइन नोटिस जारी किया गया और मौके पर ही 55,780 का जुर्माना वसूला गया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां राजस्व को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने खनन विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं, कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और छापेमारी की जाए, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।